विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दशहरे पर MP में हजारों परिवारों का होगा गृह प्रवेश, पीएम आवास योजना से साकार होगा अपने घर का सपना

Published: Sun, 18 Oct 2026 06:26 PM (IST)

20 अक्टूबर को प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में आयोजन किया जाएगा। हितग्राहियों को पीएम आवास योजना 1.0 और 2.0 ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. दशहरे पर मध्य प्रदेश में हजारों परिवारों का गृह प्रवेश।

  2. पीएम आवास योजना (शहरी) के तहत मिलेंगे पक्के मकान।

  3. 20 अक्टूबर को नगरीय निकायों में होगा गृह प्रवेश दिवस।

राज्य ब्यूरो, भोपाल। दशहरे के अवसर पर मध्य प्रदेश में कई परिवारों के अपने घर का सपना साकार होने जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 1.0 और 2.0 के तहत बने मकानों में 20 अक्टूबर को प्रदेशभर के नगरीय निकायों में गृह प्रवेश दिवस मनाया जाएगा। इस दौरान पात्र हितग्राही परिवार अपने नवनिर्मित घरों में प्रवेश करेंगे।

राज्य सरकार ने आयोजन की तैयारियां शुरू कर दी हैं। सभी नगरीय निकायों को निर्देश दिए गए हैं कि वे योजना के तहत पूर्ण हो चुके और जियो-टैगिंग की प्रक्रिया से गुजर चुके आवासों की सूची तैयार करें। गृह प्रवेश कार्यक्रम में केवल उन्हीं मकानों को शामिल किया जाएगा, जो पूरी तरह बनकर तैयार हैं और जिनकी जियो-टैगिंग हो चुकी है।

प्रभारी मंत्रियों की मौजूदगी में होंगे कार्यक्रम

गृह प्रवेश दिवस को उत्सव के रूप में मनाने की तैयारी है। जिलों में प्रभारी मंत्रियों की मौजूदगी में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ हितग्राही परिवार भी शामिल होंगे। आयोजन से पहले आवासों और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई, सजावट तथा प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के लोगो लगाने जैसी व्यवस्थाएं की जाएंगी।

हितग्राहियों की खुशियां और अनुभव भी होंगे साझा

इस आयोजन का उद्देश्य केवल परिवारों को नए घरों में प्रवेश कराना नहीं, बल्कि उनके जीवन में आए बदलावों को भी सामने लाना है। इसके लिए ऐसे परिवारों के अनुभव, उनकी खुशियों और पक्के मकान मिलने से जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को साझा किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- अब AI बताएगा किस गांव में कहां पानी की कितनी किल्लत, MP की 23,011 पंचायतों का 'जल बजट' तैयार

नगरीय विकास एवं आवास विभाग के आयुक्त संकेत भोंडवे के निर्देश पर कार्यक्रम से जुड़ी तस्वीरें, वीडियो और हितग्राहियों के अनुभवों पर आधारित वक्तव्य भी तैयार किए जाएंगे। इनके जरिए योजना के लाभ और परिवारों की सफलता की कहानियों को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाया जाएगा।

'घर हुआ अपना, पूरा हुआ सपना' की थीम पर आयोजित यह गृह प्रवेश दिवस उन परिवारों के लिए खास होगा, जिनका लंबे समय से अपने पक्के घर का सपना था। दशहरे के पर्व पर नए आशियाने में प्रवेश उनके लिए त्योहार की खुशियों को और बढ़ाने वाला अवसर बनेगा।