महंगे सोने के दौर में 9 कैरेट ज्वेलरी बनी Gen-Z की पहली पसंद, कम बजट में शादी-उपहार के लिए बेस्ट
बढ़ती सोने की कीमतों के बीच 9 कैरेट की ज्वेलरी ग्राहकों, खासकर Gen-Z के लिए एक किफायती विकल्प बनकर उभरी ...और पढ़ें

रामघाट रोड जनकपुरी स्थित तिलकधारी ज्वेलर्स शोरूम पर आभूषण पसंद करते हुए सरदार नरेंद्र पाल सिंह, गुरुप्रीत कौर व सिदिक कौर। जागरण
HighLights
नौ कैरेट ज्वेलरी कम बजट में सोने का किफायती विकल्प।
Gen-Z और शादी-विवाह में उपहार हेतु लोकप्रिय।
37.5% शुद्ध सोना, दैनिक उपयोग के लिए उपयुक्त।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। सोने की आसमान छूती कीमतों के बीच नौ कैरेट की गोल्ड ज्वेलरी ग्राहकों के लिए किफायती विकल्प बनकर उभरी है। शहर के चुनिंदा शोरूम में उपलब्ध इन गहनों की कीमत 22 और 24 कैरेट की ज्वेलरी से कम है। इससे कम बजट में सोने के गहने खरीदने वालों, खासकर युवाओं को राहत मिल सकती है।
नौ कैरेट सोने में 37.5 प्रतिशत शुद्ध सोना और शेष 62.5 प्रतिशत अन्य धातुएं होती हैं। इसकी कठोरता के कारण इसे रोजाना पहनना उपयोगी हो सकता है। बीआइएस हालमार्किंग से ग्राहकों को सोने की शुद्धता पहचानने में मदद मिलती है। कम कीमत के चलते शादी-विवाह में उपहार के लिए भी यह विकल्प लोकप्रिय हो सकता है। हालांकि, सोने की मात्रा कम होने के कारण इसका पुनर्विक्रय मूल्य भी ध्यान में रखना जरूरी है।
37 प्रतिशत शुद्ध सोना, जेन जी में बढ़ रही पसंद
देवी-देवताओं की आकृति वाले नौ कैरेट के स्वर्ण आभूषण सुरक्षा के लिहाज से बेहतर माने जा रहे हैं। लोग इन्हें उपहार में देना भी पसंद कर रहे हैं। 22 कैरेट की ज्वेलरी महंगी होने के बीच नवरात्र से शुरू हुए त्योहारी सीजन और रिंग सेरेमनी सहित वैवाहिक आयोजनों के लिए लोग खरीदारी कर रहे हैं।
सेंटर प्वाइंट निवासी दीपक गर्ग के बेटे का विवाह नवंबर में है और उन्होंने खरीदारी शुरू कर दी है। निर्यातक राकेश अग्रवाल की बेटी का विवाह इसी माह है। उनके परिवार में भी खरीदारी चल रही है।
सोने की ज्वेलरी की कीमतें: कैरेट, वजन,कीमत,ज्वेलरी में शुद्ध सोना
- 24 कैरेट,10 ग्राम,155500,100 प्रतिशत
- 22 कैरेट, 10 ग्राम,138000,91.6 प्रतिशत
- 18 कैरेट,10 ग्राम,114000,75 प्रतिशत
- 09 कैरेट,10 ग्राम,54400,37.5 प्रतिशत
नोट : सोने की कीमत अनुमानित है। ज्वेलरी मेकिंग चार्ज छह से 12 प्रतिशत तक अलग से देय होगा।
महंगा गोल्ड आम आदमी की पहुंच से बाहर हो रहा है। ऐसे ग्राहकों के लिए शोरूम में नौ कैरेट के आभूषण उपलब्ध कराए हैं। इन पर हॉलमार्क और एचयूआइडी उपलब्ध है।
मनित अग्रवाल सोनी, शोरूम मालिक, समद रोड
जब से सोने की कीमत डेढ़ लाख रुपये प्रति 10 ग्राम से अधिक पहुंची है, लोग उपहार में ज्वेलरी देने से कतराने लगे हैं। ऐसे ग्राहकों के लिए नौ कैरेट ज्वेलरी किफायती रहेगी।
पल्लव सिंघल तिलकधारी, शोरूम मालिक, जनकपुरी, रामघाट रोड
