विधानसभा चुनाव 2027 के लिए मतदाता सूची जारी, अलीगढ़ में 24.44 लाख मतदाता
मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने या संशोधन के लिए 16 दिसंबर तक आवेदन किया जा सकता है, जिसकी अंतिम सूची 4 जनवरी 2027 को प्रकाशित होगी।

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
अलीगढ़ में 24.44 लाख मतदाताओं की सूची जारी हुई
नाम जुड़वाने, हटाने, संशोधन की अंतिम तिथि 16 दिसंबर
अंतिम मतदाता सूची 4 जनवरी 2027 को प्रकाशित होगी
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों के बीच जिले में मतदाता सूची को अंतिम रूप देने की कवायद तेज हो गई है। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद जिले में मतदाताओं की संख्या 24.10 लाख रह गई थी। अब विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत मंगलवार को प्रकाशित मतदाता सूची में यह संख्या बढ़कर 24.44 लाख हो गई है।
एसआईआर के बाद करीब 34 हजार नए मतदाता जुड़े हैं। इनमें 13.23 लाख पुरुष, 11.21 लाख महिलाएं व 84 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं। हालांकि 2024 के लोकसभा चुनाव से यह संख्या अब भी 2.71 लाख कम है।
2024 में जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 27.59 लाख थी, लेकिन एसआईआर के दौरान साढ़े तीन लाख के करीब नाम मतदाता सूची से बाहर हो गए थे।
16 दिसंबर तक जुड़वा सकेंगे नाम व दर्ज करा सकेंगे आपत्तियां
अब 16 दिसंबर तक नाम जुड़वाने, हटवाने व संशोधन कराने का मौका मिलेगा। दावे-आपत्तियों के निस्तारण के बाद चार जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी। कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम अविनाश कुमार ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर मतदाता सूची की प्रतियां सौंपीं। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के लिए त्रुटिरहित व समावेशी मतदाता सूची तैयार करना महत्वपूर्ण है। कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे, इसके लिए राजनीतिक दल भी अपने बूथ लेवल एजेंट नियुक्त कर सक्रिय भूमिका निभाएं।
सातों विधानसभा का ये आंकड़ा
- जिले की सात विधानसभा सीटों में खैर में 3,58,129
- बरौली में 3,49,942
- अतरौली में 3,63,046
- छर्रा में 3,44,909
- कोल में 3,50,111
- अलीगढ़ में 3,17,699
- इगलास में 3,60,369 मतदाता दर्ज हैं
जिले में 1642 मतदान केंद्रों के तहत 3222 मतदेय स्थल हैं। इस मौके पर एडीएम सौरभ भट्ट सहित भाजपा, सपा, बसपा, कांग्रेस समेत अन्य मौजूद रहे।
चार दिन बूथों पर लगेंगे विशेष शिविर
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और संशोधन की प्रक्रिया को गति देने के लिए 21, 22, 28 और 29 नवंबर को सभी 3,222 मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित होंगे। इन दिनों बीएलओ और संबंधित कर्मचारी मौजूद रहेंगे। नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6, नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 और नाम-पते समेत अन्य विवरण में संशोधन या स्थान परिवर्तन के लिए फॉर्म-8 भरना होगा।
यह भी पढ़ें- एक फोन पर मिलेगी मतदाता सूची, BLO-वोटर कार्ड और बूथ की पूरी जानकारी; आगरा में DCC का शुभारंभ
घर बैठे भी कर सकते हैं आवेदन
मतदाता निर्वाचन आयोग के पोर्टल voters.eci.gov.in व ECINET मोबाइल एप के माध्यम से आनलाइन आवेदन कर सकते हैं। डीएम ने राजनीतिक दलों से प्रत्येक बूथ पर बीएलए नियुक्त कर सूची जिला निर्वाचन कार्यालय में उपलब्ध कराने को कहा। बीएलए एक बार में अधिकतम 10 आवेदन जमा कर सकेंगे। 30 से अधिक आवेदन जमा होने पर ईआरओ और एईआरओ उनका सत्यापन करेंगे। दावे-आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा। इसके बाद चार जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।