विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आगरा MLC चुनाव में भाजपा की हार: जिले में MP/MLA की भरमार, बावजूद मिली हार; पीछे का कारण

By Yashpal ChauhanEdited By: Abhishek Saxena
Published: Wed, 28 Oct 2026 11:52 AM (IST)

एमएलसी शिक्षक चुनाव में भाजपा को हार का सामना करना पड़ा, जबकि शीर्ष नेतृत्व ने पूरी ताकत झोंकी थी और स्थानीय पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी थी।

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर।

HighLights

  1. भाजपा ने एमएलसी चुनाव में पूरी ताकत झोंकी थी।

  2. पदाधिकारियों ने मतदाताओं के बजाय कार्यकर्ताओं पर ध्यान दिया।

  3. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सभा भी रद्द हो गई।

जागरण संवाददाता, आगरा। विधान सभा चुनाव से पहले एमएलसी चुनाव में भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने पूरी ताकत झोंक दी थी। स्थानीय पदाधिकारियों को पूरी ताकत से लगने को कहा गया। जनप्रतिनिधियों को कह दिया गया कि यह चुनाव उनका रिपोर्ट कार्ड का काम करेगा। इसके बाद भी चुनाव में हवाई तैयारी की गई। पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की भरमार है। इसके बाद भी एमएलसी शिक्षक चुनाव में हार मिली।
एमएलसी शिक्षक चुनाव में भाजपा ने हरिकिशोर तिवारी को मैदान में उतारा वहीं सपा की ओर से एमएलसी आकाश अग्रवाल को प्रत्याशी बनाया गया था। हरि किशोर तिवारी का लंबा राजनीतिक अनुभव है। पार्टी ने उनके साथ पूरी ताकत झोंकी थी। जिलाध्यक्षों से लेकर बूथ अध्यक्ष तक को जिम्मेदारी दी गई थी।

मतदाताओं के बजाय कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करते रहे पदाधिकारी

मतदाताओं से संपर्क करने के साथ ही शिक्षकों और प्रधानाचार्याें के साथ प्रबंधकों के सम्मेलन भी किए गए। पार्टी पदाधिकारी दावा कर रहे थे कि प्रत्येक 20 मतदाताओं पर एक नेता की ड्यूटी लगाई गई थी। पन्ना प्रमुख और बूथ अध्यक्ष को हर मतदाता को मतदान केंद्र तक पहुंचाना था।

जनप्रतिनिधि नहीं बना सके समन्वय, हवाई करते रहे तैयारी के दावे

पार्टी के नौ विधायक, दो सांसद, दो राज्यसभा सदस्य के साथ ही नगर पंचायतों, ब्लाक प्रमुखों की भरमार है। सभी को पार्टी की ओर से अपने-अपने क्षेत्र के लक्ष्य दिए गए थे। मगर, इसका असर मंगलवार को हुई मतगणना में नहीं दिखा। पहले चक्र की मतगणना से ही भाजपा प्रत्याशी हरि किशोर तिवारी पीछे रहे। इसके बाद वे बराबरी तक नहीं पहुंच सके। नेता और संगठन के लोग शुरूआत में तो जीत की उम्मीद करते रहे, लेकिन दूसरे चक्र की मतगणना होते ही उम्मीद टूटती गईं।

यह भी पढ़ें- एमएलसी चुनाव जीतने के बाद बोले आकाश अग्रवाल: जीत का मार्जिन अधिक, नहीं तो यहां भी गोरखपुर जैसी स्थिति बनती

यह भी पढ़ें- UP MLC Election Results: शुरू से चर्चा में रहे आकाश अग्रवाल, धर्म परिवर्तन का किया था एलान; जीत से सपा को संजीवनी, भाजपा को झटका

मुख्यमंत्री की सभा तक नहीं करा सके

एमएलसी चुनाव में प्रत्याशियों के समर्थन में ताजगंज क्षेत्र के टाटा मैदान में 16 अक्टूबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सभा होनी थी। चुनाव से पहले हो रही इस सभा में मतदाताओं को बुलाने का लक्ष्य विधायकों को दिया था। सुबह के समय हुई वर्षा के बाद भाजपाइयों ने कार्यक्रम स्थगित कर दिया। जबकि उसी दिन वर्षा के बाद गाजियाबाद में मुख्यमंत्री की सभा हुई थी। बाद में भी आगरा में भाजपाई सभा नहीं करा सके।