UP MLC Election Results: शुरू से चर्चा में रहे आकाश अग्रवाल, धर्म परिवर्तन का किया था एलान; जीत से सपा को संजीवनी, भाजपा को झटका
आगरा खंड शिक्षक एमएलसी चुनाव में सपा प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल ने जीत दर्ज की, जिससे पार्टी को लंबे समय ...और पढ़ें

सपा के एमएलसी डॉक्टर आकाश अग्रवाल सपा समर्थकों के साथ। फोटो क्रेडिट: विनोद अग्रवाल।
HighLights
सपा प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल ने एमएलसी चुनाव जीता
अंतिम समय में सपा में शामिल हुए थे आकाश अग्रवाल
जीत से आगरा में सपा को मिली बड़ी संजीवनी
जागरण संवाददाता, आगरा। आगरा खंड शिक्षक एमएलसी चुनाव के दंगल में सपा का अंतिम समय पर चला गया दाव सही बैठा। सपा ने अंतिम समय में प्रत्याशी बदलते हुए एमएलसी डॉ. आकाश अग्रवाल को अपना प्रत्याशी बनाया था। पिछले चुनाव में निर्दलीय लड़ने पर भी विजयी रहे आकाश को शुरू से ही मजबूत माना जा रहा था।
इस जीत के साथ ही विधानसभा चुनाव से पूर्व आए इससे सपा को संजीवनी मिली है। उधर, राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादन ने भी मतगणना पर नजर बनाए रखी।
अंतिम समय में एमएलसी डॉ. आकाश अग्रवाल को बनाया था पार्टी ने प्रत्याशी
एमएलसी डॉ. आकाश अग्रवाल भाजपा से टिकट की आस लगाए थे। भाजपा द्वारा हरि किशोर तिवारी को प्रत्याशी बनाए जाने से उनकी उम्मीदों को झटका लगा था। सपा ने इस मौके को भुनाया और तीन अक्टूबर को डॉ. प्रकाश चंद्र गुप्ता का टिकट काटते हुए डॉ. आकाश अग्रवाल को प्रत्याशी घोषित कर दिया। लखनऊ में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उन्हें पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई। पांच अक्टूबर को उनके नामांकन में सपा ने दम दिखाया था।
शुरू से ही मजबूत माने जा रहे थे आकाश अग्रवाल
वित्तविहीन स्कूलों के शिक्षकों के समर्थन के चलते डा. आकाश अग्रवाल को भाजपा प्रत्याशी हरि किशोर तिवारी की अपेक्षा शुरू से ही मजबूत माना जा रहा था। मंगलवार को मंडी समिति में मतगणना के तीन चरणों में शुरुआती रुझान आने के साथ ही आकाश अग्रवाल ने भाजपा प्रत्याशी पर बढ़त बना ली थी।
यह भी पढ़ें- Agra MLC Election Results 2026: भाजपा की बड़ी हार, सपा के आकाश अग्रवाल दूसरी बार विजेता बने
शुरू से चर्चा में रहे आकाश, किया था धर्म परिवर्तन का एलान
सपा प्रत्याशी एमएलसी डॉ. आकाश अग्रवाल शुरूआत से ही चर्चा में रहे। उन्होंने छोटी-छोटी बातों की शिकायतें कीं। 23 अक्टूबर को मतदान के दौरान कमिश्नरी पहुंचे डॉ. आकाश अग्रवाल ने फतेहाबाद, सैंया और खेरागढ़ में बूथ कैप्चरिंग की शिकायत मंडलायुक्त से की थी। मीडियाकर्मियों से वार्ता करते हुए वह फूट-फूट कर रोए थे और धर्म परिवर्तन करने का एलान कर दिया था। निर्वाचन आयोग ने तीनों बूथों पर हुए मतदान को शून्य घाेषित करते हुए 26 अक्टूबर को पुनर्मतदान कराया था।
मंडी समिति के गेट से खदेड़े सपाई
पहले चक्र की मतगणना पूरा होने के बाद मतगणना रुकने पर सपाइयों ने मंडी समिति के गेट पर जमकर नारेबाजी की। हंगामा करते सपाइयों को पुलिस ने वहां से खदेड़ा। सपाई सुबह से मंडी समिति के सामने स्थित मनोहर गार्डन और संतोष यादव के घर पर देर रात तक डटे रहे। राष्ट्रीय महासचिव रामजीलाल सुमन, देवेश शाक्य, मुकेश वर्मा, ब्रजेश कठेरिया, जिलाध्यक्ष ऊदल सिंह कुशवाहा, महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास, प्रदेश सचिव राहुल चतुर्वेदी व लल्ला गुर्जर, जिला उपाध्यक्ष पवन प्रजापति आदि मौजूद रहे।
सपा की पोस्ट को मंडलायुक्त ने बताया भ्रामक
सपा के फेसबुक अकाउंट से शाम करीब छह बजे पोस्ट की गई कि आगरा खंड शिक्षक एमएलसी चुनाव में सपा के प्रत्याशी आगे चल रहे है। अब प्रशासन द्वारा काउंटिंग रोके जाने की सूचना है। संज्ञान ले चुनाव आयोग, निष्पक्ष मतगणना सुनिश्चित हो। मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप ने सपा की पोस्ट को भ्रामक बताते हुए पोस्ट की। कहा कि आरओ टेबल पर सभी प्रत्याशियों के समक्ष वैध और अवैध मतपत्रों की जांच की जा रही है। सपा के शिक्षक प्रत्याशी उपस्थित हैं।
सुबह नौ बजे के करीब पोस्ट की गई कि आगरा खंड स्नातक निर्वाचन की मतगणना के दौरान सपा के प्रत्याशी शशांक यादव को मतणगना केंद्र के अंदर प्रवेश नहीं दिए जाने की शिकायत। संज्ञान ले चुनाव आयोग। इस पर मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप ने शशांक यादव की मतगणना स्थल की फोटो पोस्ट करते हुए सपा की पोस्ट को भ्रामक बताया।
सपा का लंबे समय बाद खुला खाता
सपा के लिए आगरा में चुनाव जीतना हमेशा मुश्किल रहा है। वर्ष 1993 में एत्मादपुर विधानसभा सीट से चंद्रभान मौर्य और वर्ष 2012 में बाह विधानसभा सीट से अरिदमन सिंह ही सपा के टिकट पर चुनाव जीत सके हैं। वर्ष 2017 में कांग्रेस और वर्ष 2022 में रालोद से गठबंधन के बाद भी सपा का खाता नहीं खुल सका था। इस जीत के साथ आगामी विधानसभा चुनाव के लिए संजीवनी मिलने की उम्मीद है।
