Move to Jagran APP

Top Agra News of the Day 1st September 2019, आत्‍मदाह का प्रयास करने वाले दंपती में से पति की मौत, नोट के साथ फंदे पर लटका मिला छात्र का शव, झमाझम बारिश ने बदला मौसम

मथुरा के थाना सुरीर में किया था आत्‍मदाह का प्रयास। राजकीय आश्रम पद्वति विद्यालय में छात्र का शव। एक घंटे हुई जमकर बारिश।

By Tanu GuptaEdited By: Published: Sun, 01 Sep 2019 06:26 PM (IST)Updated: Sun, 01 Sep 2019 06:26 PM (IST)
Top Agra News of the Day 1st September 2019, आत्‍मदाह का प्रयास करने वाले दंपती में से पति की मौत, नोट के साथ फंदे पर लटका मिला छात्र का शव, झमाझम बारिश ने बदला मौसम

आगरा, जेएनएन। ताजनगरी में रविवार, 1 सितंबर 2019 की शाम तक के प्रमुख समाचारों पर आइए डालते हैं एक नजर-

आत्‍मदाह करने वाले दंपती में पति की मौत

मथुरा के सुरीर कलां निवासी दंपति जोगेन्दर एवं चंद्रवती ने बुधवार सुबह थाना सुरीर के परिसर में आत्मदाह का प्रयास किया था। जिसमें वह दोनों गंभीर रूप से झुलस गए थे। एसएसपी शलभ माथुर ने झलसे दंपति को उपचार के लिए सफदरजंग अस्पताल दिल्ली भेज दिया था। जहां उपचार के दौरान पति जोगेन्दर सिंह की रविवार तड़के मौत हो गई। जबकि पत्नी चंद्रवती अभी जिंदगी और मौत से जूझ रही है।

जोगेन्दर सिंह के पड़ोस में रहने वाला युवक सत्यपाल आए दिन मारपीट करता था। 23 अगस्त को सत्यपाल आदि आरोपितों ने जोगेन्दर की पत्नी चंद्रवती के साथ पुनः मारपीट की थी। शिकायत पर पुलिस ने घायल को मेडिकल के लिए भेज दिया था लेकिन पीड़ित की रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी। रिपोर्ट के लिए पीड़ित रोजाना थाने के चक्कर लगा रहा था।

फंदे पर लटका मिला छात्र का शव

हाथरस के सादाबाद क्षेत्र नगला ध्यान निवासी 17 वर्षीय अरूण कुमार पुत्र तेजवीर सिंह राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय फीरोजाबाद में 11वीं का छात्र था। वह अपनी कक्षा का माॅनीटर भी था। आज तड़के उसका शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। रूम पार्टनर दयानंद की आंख खुली तो अरुण को फंदे से लटका देख उसकी चीख निकल गई। विद्यालय के स्‍टाफ को उसने जानकारी दी। सूचना मिलते ही मौके पर एसडीएम सदर राजेश कुमार, सीओ सदर बल्देव सिंह खनेड़ा, थाना मटसैना फाॅरेंसिंक टीम भी पहुंच गई। छात्र के पास से एक लिखा हुआ नोट भी बरामद हुआ है।

बारिश ने किया मौसम सुहाना

रविवार की भोर बादलों की ओट के साथ हुई। अवकाश का दिन के चलते लोग देर तक बिस्‍तरों में ही रहे। जब बाहर निकले तो मौसम खुशनुमा था। ठंडी हवाएं और बारिश की बूंदों से भरे बादल सैर पर जाने के लिए आमंत्रण सा दे रहे थे। शहर के सिकंदरा, आवास विकास कॉलोनी, आगरा कैंट, लोहामंडी सहित आधे शहर में साढ़े दस बजे से झमाझम शुरु हुई तो मौसम और सुहाना हो गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि पांच सितंबर तक बारिश होती रहेगी। इससे तापमान में गिरावट भी दर्ज की जाएगी।


This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.