काेचिंग में गला काट हुई थी शिक्षक की हत्या: पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा, आगरा पुलिस को मिला जरूरी सुराग
आगरा पुलिस की प्रारंभिक जांच में जमीनी विवाद को हत्याकांड का मुख्य कारण माना जा रहा है, क्योंकि शिक्षक ने एक जमीन सौदे में निवेश किया था।

ओम प्रकाश यादव की फाइल फोटो।
HighLights
आगरा में कोचिंग सेंटर में शिक्षक की गला काटकर हत्या।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने हत्या की पुष्टि की, धारदार हथियार का प्रयोग।
पुलिस जमीनी विवाद के एंगल से मामले की जांच कर रही है।
जागरण संवाददाता, आगरा। कोचिंग सेंटर के अंदर शिक्षक ओम प्रकाश यादव की गला काट करके हत्या की गई थी। शनिवार को डाक्टरों के पैनल द्वारा शिक्षक के शव का पोस्टमार्टम किया गया। जिसमें हत्या करने की पुष्टि हुई है। हत्यारे ने धारदार हथियार से उनका गला काटा था।
पुलिस की प्रारंभिक छानबीन में शिक्षक द्वारा एक जमीन में निवेश के लिए अपनी जमा पूंजी के साथ ही परिवार से भी रकम लेने की बात सामने आयी है। इससे हत्याकांड में जमीनी विवाद के बिंदु पर भी पुलिस जांच कर रही है।
जगदीशपुरा की आवास विकास कॉलोनी के सेक्टर तीन स्थित वीएस प्लाजा में शुक्रवार को भूूतल पर स्थित कोचिंग में 50 वर्ष के गणित के शिक्षक ओम प्रकाश यादव का शव मिला था। कोचिंग का शटर गिरा हुआ था, उसका ताला टूटा होने पर दुकानदारों ने चाेरी की आशंका पर पुलिस को सूचना दी थी।
डॉक्टरों के पैनल द्वारा किए गए पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि
पुलिस ने कोचिंग का शटर खोला तो फर्श पर शिक्षक आेम प्रकाश का फर्श पर मिला था। उसके आसपास बिखरा खून सूख चुका था। कानपुर देहात के थाना रसूलाबाद निवासी शिक्षक के छोटे भाई शिव प्रकाश और राम प्रकाश शुक्रवार रात को आगरा आ गए थे। पुलिस ने शिक्षक के छोटे भाइयों और अवधपुरी निवासी फुफेरे भाई सेवानिवृत्त दारोगा कोमल सिंह से बातचीत की। भाई बताया कि ओम प्रकाश किसी जमीन के साैदे की बात कर रहे थे। जिसके लिए उन्होंने जमा पूंजी के साथ ही कोमल सिंह और छोटे भाई से भी कुछ रकम उधार ली थी।
हत्याकांड में जमीनी विवाद की आशंका, जांच कर रही पुलिस
स्वजन ने बताया कि ओम प्रकाश का कहना था कि जमीन का सौदा वह दो अन्य लोगों के साथ मिलकर कर रहे हैं। सौदे में बड़ा लाभ होने वाला है। जिससे आशंका जताई जा रही है कि जमीन के सौदे को लेकर हुए विवाद में शिक्षक की हत्या तो नहीं की गई है।
अपर पुलिस उपायुक्त नगर मनोज ने बताया कि शिक्षक की हत्या से संबंधित कुछ कुछ सुराग मिले हैं। घटना का जल्दी ही पर्दाफाश कर दिया जाएगा।
शाम सात बजे कोचिंग से घर गए थे शिक्षक
पुलिस की छानबीन में सामने आया है कि ओम प्रकाश सोमवार की शाम सात बजे अपनी कोचिंग से निकले थे। वहां से आवास विकास कॉलोनी सेक्टर 13 अपने घर गए थे। दो घंटे बाद घर से निकलने के बाद वह नहीं लौटे। उनका मोबाइल बंद भी हो गया था। वाट्सएप भी सोमवार की रात के बाद से ही बंद था।
शिक्षक की स्कूटी से सुराग की उम्मीद
शिक्षक ओम प्रकाश के पास स्कूटी थी। कोचिंग और घर के बाहर उनकी स्कूटी नहीं मिली है। आशंका है कि कोचिंग के बाहर से स्कूटी को हत्यारा अपने साथ लेकर गया होगा। स्कूटी को कोचिंग के बाहर लावारिस खड़ा देख दुकानदारों को शक हो सकता था। पुलिस स्कूटी का पता लगाने के लिए बाजार और स्मार्ट सिटी के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।