विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ताज नेचर वॉक में नई ईको हट तैयार: सुबह-शाम देखें ताजमहल का अद्भुत नजारा, किराया और सुविधाएं

Published: Wed, 02 Sep 2026 12:20 PM (IST)

ताज नेचर वॉक में लकड़ी की ईको हटें तैयार की गई हैं, जहां से पर्यटक सुबह-शाम ताजमहल के अद्भुत नज़ारे ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. ताज नेचर वॉक में लकड़ी की ईको हटें तैयार।

  2. पूर्वी गेट से 100 मीटर दूर, ताजमहल का नज़ारा।

  3. एक दिन का किराया 4000 रुपये, सुविधाओं से लैस।

सुमित द्विवेदी, आगरा। ताजमहल देखने आने वाले पर्यटकों और स्थानीय निवासियों के लिए एक नई सुविधा की है। अब पर्यटक ताजमहल के गुंबद को सुबह की पहली किरण में गुलाबी और शाम को यमुना के पार सफेद इमारत के नजारे का आनंद ले सकेंगे। वन विभाग ने इस दृश्य का आनंद लेने के लिए ताज नेचर वॉक में लकड़ी की ईको हट तैयार की हैं, जो ताजमहल के पूर्वी गेट से मात्र सौ मीटर की दूरी पर स्थित हैं।

यहां पर्यटक बालकनी पर बैठकर ताजमहल, हरियाली और पक्षियों की आवाज का आनंद ले सकते हैं। एक दिन रुकने का किराया चार हजार रुपये निर्धारित किया गया है।

वन विभाग की ओर से ताज नेचर वॉक में लकड़ी की हट तैयार

ताज नेचर वॉक कोई नया पार्क नहीं है, बल्कि यमुना किनारे फैला यह हरित क्षेत्र वर्षों से पक्षी प्रेमियों और सैर करने वालों का पसंदीदा स्थल रहा है। यहां के घास के ऊंचे टीले, पगडंडियां, पेड़-पौधे और शांत कोने पहले से मौजूद हैं। इन टीलों से ताजमहल अलग-अलग एंगल से दिखाई देता है, जो फोटोग्राफरों को आकर्षित करता है।

agra naturewalk

वन विभाग की ओर से तैयारी की गईं ईको हट। जागरण

पूर्वी गेट से मात्र 100 मीटर की दूरी

विभाग ने अब इस हरित पट्टी में ठहरने की व्यवस्था की है, जिससे पर्यटक केवल घूमने के लिए न आएं, बल्कि सुबह और शाम स्मारक को शांति से देख सकें। लकड़ी की बनी ये हटें पर्यावरण पर कंक्रीट का बोझ नहीं डालेंगी और ईको-टूरिज्म को बढ़ावा देंगी।

एक दिन का किराया चार हजार किया गया निर्धारित

प्रारंभिक किराया चार हजार रुपये प्रति कमरा निर्धारित किया गया है, जिसमें एक कमरे में दो बड़े और 12 साल से छोटे दो बच्चे ठहर सकते हैं। नेचर वॉक का टिकट भी इसी में शामिल रहेगा। वन विभाग के अनुसार, यहां ठहरे मेहमानों ने साफ-सफाई, बड़े कमरों, हरियाली और ताज के दृश्य की प्रशंसा की है।

मिलेंगी ये सुविधाएं

हट में मिलने वाली सुविधाओं में एसी, मिनी फ्रिज, केतली, चाय-कॉफी, डेंटल किट, नहाने का सामान, मिनरल वाटर और बैठने की जगह शामिल हैं। हीटर अतिरिक्त शुल्क पर उपलब्ध होगा। रूम सर्विस, हाउसकीपिंग, पावर बैकअप, मुफ्त पार्किंग और मुफ्त वाई-फाई की सुविधा भी प्रदान की जाएगी। लांड्री पेड है। पार्किंग से हट तक गोल्फ कार्ट की सुविधा बुजुर्गों और बच्चों वाले परिवारों के लिए उपलब्ध है। दिव्यांग मेहमानों के लिए व्हीलचेयर की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा के लिए गार्ड तैनात रहेंगे।

ईको-टूरिज्म का केंद्र हैं ताज नेचर वॉक

ताज नेचर वॉक पहले से ही ईको-टूरिज्म का केंद्र है। यहां की नौ किलोमीटर लंबी ट्रेल, घास के टीले और पक्षी पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र हैं। अक्टूबर से अप्रैल का समय फूलों के लिए उपयुक्त माना जाता है। ठहरने की सुविधा जुड़ने से यह स्थान केवल दो घंटे की सैर नहीं रह जाएगा, बल्कि पर्यटक सूर्योदय और सूर्यास्त दोनों ताज के साथ बिता सकेंगे।

यह भी पढ़ें- Ram Barat 2026: आगरा में 6 अक्टूबर को निकलेगी ऐतिहासिक श्रीराम बारात, 200 से अधिक झांकियां और बैंड होंगे शामिल

यह भी पढ़ें- Krisha Janmashtami 2026: मथुरा के मंदिरों में कब मनेगी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी? राधारमण में दिन में होगा जन्मोत्सव

ताज नेचर वॉक को केवल घूमने की जगह नहीं, बल्कि प्रकृति के साथ जुड़ने का केंद्र बनाने का प्रयास किया जा रहा है। करीब 16 लाख रुपये की लागत से तैयार की गईं लकड़ी की हटें इसी सोच से बनाई गई हैं, जिससे पर्यटक सुबह-शाम शांति में ताजमहल का नजारा ले सकें और हरियाली भी बनी रहे।

-

राजेश कुमार, डीएफओ।