विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ताजमहल की सुरक्षा में लापरवाही, एंटी ड्रोन वाच टावर तक पहुंचे पर्यटक; जांच शुरू

Published: Wed, 11 Nov 2026 06:43 PM (IST)

ताजमहल की सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आई जब विदेशी युगल उत्तर-पश्चिमी दिशा में स्थित वाच टावर नंबर चार तक पहुंच गया, जहां एंटी-ड्रोन सिस्टम लगा है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. विदेशी युगल ताजमहल के वाच टावर तक पहुंचे।

  2. वाच टावर पर एंटी-ड्रोन सिस्टम स्थापित है।

  3. सुरक्षा में लापरवाही पर जांच शुरू की गई।

जागरण संवाददाता, आगरा। ताजमहल की सुरक्षा में बुधवार को बड़ी लापरवाही सामने आई। विदेशी युगल ताजमहल की उत्तर-पश्चिमी दिशा में स्थित वाच टावर नंबर चार तक पहुंच गया। यहां ताजमहल की सुरक्षा के लिए पुलिस ने एंटी ड्रोन सिस्टम लगा रखा है।

यहां ताज सुरक्षा पुलिस के जवानों की तैनाती रहती है। बाद में विदेशी युगल को नीचे उतारा गया। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने ताज सुरक्षा पुलिस से रिपोर्ट मांगी है। पर्यटकों का ऊपर घूमते हुए 13 सेकेंड का वीडियो इंटरनेट मीडिया में प्रसारित हो रहा है।

यह है पूरा मामला

ताजमहल के रेड जोन (स्मारक परिसर) में सीआईएसएफ और यलो जोन (500 मीटर की परिधि) में पुलिस व पीएसी सुरक्षा व्यवस्था संभालती हैं। ताजमहल की पश्चिमी दिशा में स्थित शाही मस्जिद की उत्तर-पश्चिमी दिशा में वाच टावर नंबर चार (बुर्जी) स्थित है। इस पर ताज सुरक्षा पुलिस का एंटी ड्रोन सिस्टम लगा हुआ है। वाच टावर नंबर चार तक पहुंचने का रास्ता चमेली फर्श से है। चमेली फर्श से सीढ़ियां ऊपर जाती हैं।

बुधवार सुबह विदेशी युगल यहां सीढ़ियां चढ़कर ऊपर तक पहुंच गया। वह चहलकदमी करते हुए बुर्जी की तरफ जा रहे थे। वहां तैनात कर्मचारी ने उन्हें लौटाया। इसके बाद विदेशी युगल नीचे लौटकर आया। वाच टावर पर सीआईएसएफ के साथ ही पुलिस के जवानों की तैनाती रहती है।

सुरक्षाकर्मी ऊपर जाते समय अंदर से दरवाजे की कुंडी लगा लेते हैं। बताया जा रहा है कि सुरक्षाकर्मियों द्वारा दरवाजे की कुंडी लगाने में हुई भूल या सुरक्षाकर्मियों की शिफ्ट चेंज होने के समय विदेशी युगल को ऊपर जाने का मौका मिल गया।

अधीक्षण पुरातत्वविद् डाॅ. स्मिथा एस. कुमार ने बताया कि सुरक्षा में हुई लापरवाही पर ताज सुरक्षा पुलिस को पत्र भेजा गया है। सुरक्षाकर्मियों की शिफ्ट चेंज होते समय सावधानी बरतने को कहा गया है।

यह भी पढ़ें- चमचमा उठा ताजमहल में लगा संगमरमर, कीड़ों के छोड़े दाग ASI ने कराए साफ

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।