'पति से एक्स्ट्रा ड्यूटी कराते थे', आगरा DRM ऑफिस में रेलवे अधिकारी अभिषेक की मौत पर पत्नी का आरोप
Agra News: आगरा में सहायक परिचालन प्रबंधक अभिषेक कुमार कुशवाहा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनकी पत्नी और ...और पढ़ें

सहायक परिचालन प्रबंधक अभिषेक कुमार कुशवाहा पत्नी और बच्चे के साथ। फाइल
HighLights
सहायक परिचालन प्रबंधक अभिषेक कुशवाहा की संदिग्ध मौत।
पत्नी-मां ने अत्यधिक कार्यभार, मानसिक तनाव का आरोप लगाया।
रेलवे कर्मचारी विरोध प्रदर्शन कर रहे, कार्रवाई की मांग।
जागरण संवाददाता, आगरा। Agra News: उत्तर मध्य रेलवे आगरा रेल मंडल के सहायक परिचालन प्रबंधक अभिषेक कुमार कुशवाहा की रविवार रात 10:30 बजे संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। अभिषेक का शव उनके चैंबर की कुर्सी में पाया गया। अभिषेक की पत्नी आस्था रानी ने परिचालन विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारियों पर कार्य के बोझ को लेकर आरोप लगाए हैं।
आस्था ने कहा कि रेलवे अधिकारियों द्वारा उनके पति से अतिरिक्त ड्यूटी करवाई जाती थी, जिससे वह मानसिक तनाव में रहते थे। उनके साथ जो भी घटना घटित हुई है उसके लिए अधिकारी दोषी हैं। कुछ यही आरोप अभिषेक की मां सुशीला देवी ने भी लगाए हैं।
रेलवे अस्पताल में रखा है शव
सहायक परिचालन प्रबंधक अभिषेक कुमार का शव रेलवे अस्पताल में रखा हुआ है। बड़ी संख्या में रेलवे कर्मचारी अस्पताल के बाहर पहुंच गए हैं और विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की जा रही है।
रेलवे क्वार्टर में ही उनका परिवार रहता था
मूल रूप से गाजीपुर के रहने वाले अभिषेक कुमार का चार महीने पहले ही असिस्टेंट ऑपरेटिंग मैनेजर के पद पर प्रमोशन हुआ था। इससे पहले वह उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज के सतर्कता विभाग में इंस्पेक्टर के पद पर तैनात थे। रविवार को प्रारंभिक पात्रता परीक्षा (पीटी) के चलते उनकी ड्यूटी डीआरएम कार्यालय स्थित कंट्रोल रूम में लगाई गई थी। रात 10 बजे तक ड्यूटी करने के बाद वह अपने चैंबर में पहुंचे थे।
बताया गया है कि चैंबर में पहुंचने से पहले कुछ कर्मचारियों से कहा कि उन्हें कुछ ठीक नहीं लग रहा है। इसके बाद वह चैंबर से बाहर नहीं निकले। रेलवे क्वार्टर में ही उनका परिवार रहता था।
सोफे पर पड़े मिले
रेलवे अधिकारियों ने रात करीब 10.30 बजे उनके चैंबर में जाकर देखा तो वह सोफे पर पड़े मिले। अधिकारियों ने तत्काल उन्हें रेलवे अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। अभिषेक कुमार अपने चैंबर के बगल वाले कमरे में भी कुछ देर के लिए गए थे। वहां उल्टी पड़ी मिली है। आशंका जताई जा रही है कि तबीयत बिगड़ने पर उन्हें उल्टी हुई होगी और इसके बाद वह अपने चैंबर में आकर सोफे पर लेट गए होंगे। मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।