ड्यूटी के बाद बिगड़ी तबीयत: आगरा DRM दफ्तर में तैनात AOM अभिषेक कुमार की मौत, 4 महीने पहले ही हुआ था प्रमोशन
आगरा में रेलवे के असिस्टेंट ऑपरेटिंग मैनेजर अभिषेक कुमार की डीआरएम कार्यालय में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
आगरा में रेलवे AOM की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत।
चैंबर में सोफे पर मृत पाए गए अभिषेक कुमार।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत के कारण का खुलासा।
जागरण संवाददाता, आगरा। रेलवे के डीआरएम कार्यालय में तैनात असिस्टेंट ऑपरेटिंग मैनेजर (एओएम) अभिषेक कुमार की रविवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
वह अपने चैंबर में सोफे पर पड़े मिले। रेलवे अधिकारियों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। उनके नाखून नीले पड़ रहे थे। चैंबर के बगल वाले कमरे में उल्टी भी पड़ी मिली है।
मूल रूप से गाजीपुर के रहने वाले अभिषेक कुमार का चार महीने पहले ही असिस्टेंट ऑपरेटिंग मैनेजर के पद पर प्रमोशन हुआ था।
इससे पहले वह उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज के सतर्कता विभाग में इंस्पेक्टर के पद पर तैनात थे। रविवार को प्रारंभिक पात्रता परीक्षा (पीटी) के चलते उनकी ड्यूटी डीआरएम कार्यालय स्थित कंट्रोल रूम में लगाई गई थी। रात 10 बजे तक ड्यूटी करने के बाद वह अपने चैंबर में पहुंचे थे।

अभिषेक खजुरा। (मृतक)
चैंबर में पहुंचने से पहले कुछ कर्मचारियों से कहा कि उन्हें कुछ ठीक नहीं लग रहा है। इसके बाद वह चैंबर से बाहर नहीं निकले। रेलवे क्वार्टर में ही उनका परिवार रहता था।
पत्नी ने मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की तो फोन स्विच आफ मिला। काफी देर तक संपर्क नहीं होने पर पत्नी ने रेलवे कंट्रोल रूम में फोन कर जानकारी की।
इसके बाद रेलवे अधिकारियों ने रात करीब 10.30 बजे उनके चैंबर में जाकर देखा तो वह सोफे पर पड़े मिले। अधिकारियों ने तत्काल उन्हें रेलवे अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
अभिषेक कुमार अपने चैंबर के बगल वाले कमरे में भी कुछ देर के लिए गए थे। वहां उल्टी पड़ी मिली है। आशंका जताई जा रही है कि तबीयत बिगड़ने पर उन्हें उल्टी हुई होगी और इसके बाद वह अपने चैंबर में आकर सोफे पर लेट गए होंगे।
मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। रेलवे अधिकारी भी फिलहाल कुछ कहने की स्थिति में नहीं हैं। घटना की जानकारी उनके स्वजन को दे दी गई है।
डीआरएम गगन गोयल समेत अन्य अधिकारी भी ऑफिस पहुंच गए। रेलवे के प्रो संजय कुमार का कहना है कि शाम को ड्यूटी के बाद असिस्टेंट ऑपरेटिंग मैनेजर की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हुई है। पोस्टमार्टम के बाद ही सही वजह पता चल सकेगी। पुलिस को भी सूचना दे दी गई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।