चुनाव से पहले सपा का शक्ति प्रदर्शन: आगरा में पश्चिमी यूपी के दलित चेहरों को आगे कर रिझाएगी सपा, अखिलेश के कार्यक्रम में बदलाव
समाजवादी पार्टी आगरा में पश्चिमी उप्र के दलित महासम्मेलन का आयोजन कर रही है, जिसमें अखिलेश यादव शामिल होंगे। इसका ...और पढ़ें

अखिलेश यादव।
HighLights
अखिलेश यादव आगरा में दलित महासम्मेलन को संबोधित करेंगे
सपा 2027 विधानसभा चुनाव के लिए दलितों को जोड़ेगी
जीआईसी मैदान में एक लाख लोगों के आने का लक्ष्य
जागरण संवाददाता, आगरा। समाजवादी पार्टी (सपा) आगरा में पश्चिमी उप्र के दलित महासम्मेलन का आयोजन कर हुंकार भरेगी। जीआइसी मैदान में रविवार को होने वाले महासम्मेलन में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव आएंगे। मैदान में दो मंच बनाए गए हैं।
मुख्य मंच पर अखिलेश यादव, पार्टी के दलित नेता, सांसद और विधायक रहेंगे, जबकि दूसरे मंच पर अन्य नेताओं को स्थान मिलेगा। दलित चेहरों को आगे कर सपा उप्र में वर्ष 2027 से होने वाले विधानसभा चुनाव से पूर्व दलित मतदाताओं को संदेश देगी।
अखिलेश यादव आएंगे, सभा स्थल जीआइसी मैदान में दो मंच बनाए गए
सपा के लिए विधानसभा चुनाव में आगरा के परिणाम कभी उत्साहजनक नहीं रहे हैं। वर्ष 1993 में एत्मादपुर विधानसभा सीट से चंद्रभान मौर्य और वर्ष 2012 में बाह विधानसभा सीट से अरिदमन सिंह ही जीत दर्ज कर सके हैं। 2017 और 2022 में सपा और बसपा का खाता यहां नहीं खुला था। लोकसभा चुनाव में पिछड़ा-दलित-अल्पसंख्यक (पीडीए) फार्मूले पर सफल रही पार्टी ने पश्चिमी उप्र के दलित मतदाताओं को पार्टी से जोड़ने के लिए आगरा को चुना है।
एक लाख लोगों के आने का लक्ष्य
जीआईसी मैदान में शनिवार को महासम्मेलन के लिए तैयारी चलती रही। महासम्मेलन के संयोजक पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सदस्य रामजीलाल सुमन की देख-रेख में शनिवार को मैदान पर तैयारी चलती रहीं। यहां 10 हजार कुर्सियां लगाई गई हैं। एक लाख लोगों का लक्ष्य रखा गया है। पार्किंग की व्यवस्था कोठी मीना बाजार मैदान, जीआईसी पचकुइंया, सदर तहसील में रहेगी।
अखिलेश यादव का बदला कार्यक्रम
अखिलेश यादव पहले सैफई से सड़क मार्ग से आगरा आ रहे थे। शनिवार को उनका कार्यक्रम बदल गया। अब वह दिल्ली से निजी वायुयान से खेरिया एयरपोर्ट आएंगे। दोपहर 12:30 बजे वह जीआइसी मैदान पहुंचे। यहां वह दोपहर 2:30 बजे तक रहेंगे। इसके बाद वह लखनऊ रवाना होंगे। सपा के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव भी महासम्मेलन में शामिल होंगे। राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी शनिवार शाम को आगरा पहुंच गए और पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक की।
यह भी पढ़ें- दलित महासम्मेलन से पहले घमासान, आगरा में सपा प्रमुख अखिलेश यादव के लगाए विवादित होर्डिंग
एमजी रोड से होर्डिंग हटाने पर आक्रोश
एमजी रोड पर नगर निगम के समीप लगाए गए दलित महासम्मेलन के होर्डिंग शनिवार को नगर निगम ने हटवा दिए। सपा जिलाध्यक्ष ऊदल सिंह कुशवाहा, धर्मेंद्र यादव, सलीम शाह आदि जब तक वहां पहुंचें नगर निगम की टीम जा चुकी थी। उन्होंने आक्रोश जताया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।