दलित महासम्मेलन से पहले घमासान, आगरा में सपा प्रमुख अखिलेश यादव के लगाए विवादित होर्डिंग
समाजवादी पार्टी के दलित महासम्मेलन से पहले आगरा में अखिलेश यादव के खिलाफ विवादित होर्डिंग लगाए गए। इन होर्डिंग में ...और पढ़ें

दलित महासम्मेलन से पहले सपा अध्यक्ष के पोस्टर।
HighLights
दलित महासम्मेलन से पहले अखिलेश यादव के खिलाफ होर्डिंग।
होर्डिंग में अखिलेश-आजम खान के पुराने बयान थे।
सपा कार्यकर्ताओं ने विवादित होर्डिंग को फाड़ा।
जागरण संवाददाता, आगरा। समाजवादी पार्टी (सपा) के दलित महासम्मेलन से पहले सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के खिलाफ विवादित होर्डिंग शहर में लगा दिए गए। विवादित होर्डिंग को सपा कार्यकर्ताओं ने फाड़ दिया। इनमें अखिलेश यादव और आजम खान के पुराने बयानों का जिक्र किया गया था।
होर्डिंग फाड़ते सपा कार्यकर्ताओं का वीडियो इंटरनेट मीडिया में प्रसारित हो रहा है। वीडियो में रिंकू यादव, विपिन आशु और राघवेंद्र ठाकुर समेत कई कार्यकर्ता नजर आ रहे हैं।
आज है दलित महासम्मेलन
महासम्मेलन के संयोजक पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सदस्य रामजीलाल सुमन की देख-रेख में शनिवार को मैदान पर तैयारी चलती रहीं। यहां 10 हजार कुर्सियां लगाई गई हैं।एक लाख लोगों का लक्ष्य रखा गया है। पार्किंग की व्यवस्था कोठी मीना बाजार मैदान, जीआइसी पचकुइंया, सदर तहसील में रहेगी। सभा स्थल पर असीम यादव, जिलाध्यक्ष ऊदल सिंह कुशवाह, महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास, प्रदेश सचिव राहुल चतुर्वेदी व लल्ला गुर्जर, धर्मेंद्र यादव, श्याम भोजवानी, पवन प्रजापति आदि ने तैयारी देखी।
अखिलेश यादव का बदला कार्यक्रम
अखिलेश यादव पहले सैफई से सड़क मार्ग से आगरा आ रहे थे। शनिवार को उनका कार्यक्रम बदल गया। अब वह दिल्ली से निजी वायुयान से खेरिया एयरपोर्ट आएंगे। दोपहर 12:30 बजे वह जीआइसी मैदान पहुंचे। यहां वह दोपहर 2:30 बजे तक रहेंगे। इसके बाद वह लखनऊ रवाना होंगे। सपा के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव भी महासम्मेलन में शामिल होंगे। राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी शनिवार शाम को आगरा पहुंच गए और पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक की।