आगरा ग्वालियर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे, चंबल नदी पर हैंगिंग ब्रिज बनेगा आकर्षण का केंद्र
ग्वालियर-आगरा के बीच 88.4 किमी लंबा छह लेन का ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे बन रहा है, जिससे यात्रा समय घटेगा। इस परियोजना ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
जेएनएन, आगरा। ग्वालियर-आगरा के बीच ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे का काम शुरू हो गया है। 4612 करोड़ रुपये से 88.4 किमी लंबा छह लेन का एक्सप्रेसवे बनेगा। इससे दोनों शहरों के बीच की दूरी 32 किमी घटेगी। आगरा से मुरैना का सफर 35 से 40 मिनट और आगरा से ग्वालियर की यात्रा 60 से 65 मिनट में पूरी होगी। परियोजना ढाई साल में तैयार होनी है।
खास बात यह है कि चंबल नदी पर ऐसाह गांव के पास हैंगिंग पुल का निर्माण हो रहा है। इस पुल से गुजरने वाले वाहनों की आवाज से जलीय जीवों को कोई असुविधा नहीं होने पाएगी, क्योंकि पुल पर नोइस बैरियर(ध्वनि अवरोधक) बनाए जा रहे हैं।
1600 मीटर लंबे इस पुल का काम एक महीने पहले शुरू हुआ है। फिलहाल जमीन समतल करने और नदी किनारे पिलर बनाने का काम जारी है। पुल का 600 मीटर हिस्सा नदी के ऊपर तारों पर लटका होगा। नदी में पिलर नहीं बनाए जाएंगे, जिससे घड़ियाल, कछुए और डाल्फिन के रहवास प्रभावित नहीं होंगे। पुल डेढ़ से दो साल में तैयार होने की उम्मीद है।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के परियोजना निदेशक प्रशांत मीणा ने बताया कि एक्सप्रेसवे मार्च 2029 तक बनकर तैयार होगा। ऐसाह घाट पर हैंगिंग पुल का काम शुरू हो गया है।