रवि पुष्य योग: आज सोना-चांदी और गाड़ी खरीदने का महाशुभ मुहूर्त, आगरा के ज्यातिषाचार्य ने बताया समय
एक नवंबर को रवि पुष्य योग का शुभ संयोग बन रहा है, जो दीपावली से पहले खरीदारी और नए कार्यों ...और पढ़ें

खरीदारी के लिए पहुंचे ग्राहक।
HighLights
एक नवंबर को रवि पुष्य योग का शुभ संयोग।
सोना, चांदी, वाहन, संपत्ति खरीदने का उत्तम दिन।
दीपावली से पूर्व खरीदारी और निवेश के लिए विशेष।
जागरण संवाददाता, आगरा। दीपावली से पूर्व खरीदारी और नए कार्यों की शुरुआत के लिए एक नवंबर का दिन विशेष शुभ संयोग लेकर आ रहा है। रविवार को पुष्य नक्षत्र होने से रवि पुष्य योग का निर्माण हो रहा है।
ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार पुष्य नक्षत्र को 27 नक्षत्रों में श्रेष्ठ माना जाता है। इस दिन सोना, चांदी, आभूषण, वाहन, मकान और भूमि की खरीदारी करना शुभ फलदायी माना जाता है। विशेष बात यह है कि इस दिन सर्वार्थ सिद्धि योग का भी संयोग रहेगा।
ज्योतिषाचार्य पंडित चंद्रेश कौशिक ने बताया कि ज्योतिषीय गणना के अनुसार पुष्य नक्षत्र एक नवंबर को सुबह पांच बजकर 39 मिनट से प्रारंभ होकर दो नवंबर को सुबह चार बजकर 30 मिनट तक रहेगा। मान्यता है कि रवि पुष्य योग में की गई खरीदारी से घर में सुख-समृद्धि आती है और नए निवेश के लिए भी यह समय अनुकूल माना जाता है।
खरीदारी के लिए यह हैं शुभ मुहूर्त
- सोना-चांदी और आभूषण: सुबह 6:33 बजे से 9:30 बजे तक
- वाहन, इलेक्ट्रॉनिक्स और पारॉपर्टी: सुबह 11:42 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक। इसमें अभिजीत मुहूर्त भी शामिल है
- नए कारोबार और बहीखाता पूजन: दोपहर तीन बजे से शाम 4:30 बजे तक
- लक्ष्मी पूजन और शाम की खरीदारी: शाम 5:36 बजे से 7:30 बजे तक
राहुकाल में खरीदारी से बचने की सलाह
ज्योतिषीय मान्यता के अनुसार रविवार को राहुकाल शाम 4:11 बजे से 5:35 बजे तक रहेगा। इस दौरान नए शुभ कार्यों की शुरुआत और खरीदारी से बचने की सलाह दी जाती है। रवि पुष्य योग को दीपावली की खरीदारी के लिए विशेष अवसर है। इस दिन श्रद्धालु अपनी सामर्थ्य के अनुसार सोना-चांदी, बर्तन, वाहन और अन्य उपयोगी वस्तुओं की खरीदारी कर सकते हैं।