विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बाजार में धनतेरस-दीपावली की धूम: चांदी के हाथी-कछुए और मछलियां, मुरादाबाद में गिफ्ट पैक ग्राहकों की पसंद

Published: Sun, 01 Nov 2026 11:10 AM (IST)

इस बार बाजार में पारंपरिक आभूषणों के साथ मीनाकारी वाले सिक्के और विशेष गिफ्ट पैक जैसी नई श्रृंखलाएं ग्राहकों को खूब लुभा रही हैं।

चांदी के लक्ष्मी मछली व अन्य।

चांदी के लक्ष्मी मछली व अन्य।

HighLights

  1. चांदी के हाथी, कछुए, मछली जैसी आकृतियों की धूम।

  2. मीनाकारी वाले चांदी के सिक्के और विशेष गिफ्ट पैक।

  3. कम वजन और उच्च मूल्य के आभूषणों की भी मांग।

जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। धनतेरस और दीपावली की रौनक अब सराफा बाजार में भी दिखाई देने लगी है। दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ उमड़ रही है। कोई अपनों को उपहार देने के लिए चांदी के सिक्के पसंद कर रहा है तो कोई हाथी, कछुए और मछली जैसी आकर्षक आकृतियों की खरीदारी में जुटा है।

इस बार बाजार में परंपरागत आभूषणों के साथ उपहारों की ऐसी नई श्रृंखला आइ है, जो ग्राहकों को खूब लुभा रही है। वहीं, चांदी में तुलसी का पौधा और छोटी दीपावली के लिए तोता भी तैयार हुआ है।

एक ग्राम से 100 ग्राम तक चांदी की आकृतियां, 250 रुपये से शुरू कीमत

एक ग्राम से लेकर 100 ग्राम तक के चांदी के हाथी, कछुए, हिरन और मछली बाजार में उपलब्ध हैं। इनकी कीमत 250 रुपये से शुरू होकर 25 हजार रुपये तक है। ढलाई, कास्टिंग और हाथ से तैयार की गई इन आकृतियों को पहली बार इतने आकर्षक रूप में पेश किया गया है। छोटे आकार की आकृतियां बजट में उपहार देने वालों को पसंद आ रही हैं तो बड़ी आकृतियों की भी मांग है।

चांदी के सिक्कों में इस बार नयापन

चांदी के सिक्कों में भी इस बार खूब नयापन है। करीब 800 रुपये कीमत वाले सिक्कों पर मीनाकारी की गई है। रोज फिनिश में तैयार सिक्के अपनी चमक और बनावट से अलग पहचान बना रहे हैं। वहीं, उपहार देने के लिए तीन सिक्कों का विशेष गिफ्ट पैक तैयार किया गया है। इसमें तांबे, पीले और चांदी जैसे रंगों के सिक्के शामिल हैं। छह हजार रुपये कीमत वाले इस सेट को आकर्षक पैकिंग में पेश किया गया है।

silver cow

चांदी की गाय।

मीनाकारी वाले सिक्के और छह हजार रुपये का गिफ्ट पैक बना पसंद

सराफ अमित रस्तोगी और अभिनव बंसल के मुताबिक, इस गिफ्ट पैक के खुदरा के साथ थोक में भी आर्डर मिल रहे हैं। महंगे उपहार और आभूषण पसंद करने वालों के लिए माणिक और पन्ने से तैयार हार तथा पेंडेंट सेट भी उपलब्ध हैं। इनकी कीमत ढाई लाख से 10 लाख रुपये तक है। वहीं, सोने-चांदी की ऊंची कीमतों के बीच कम वजन की ज्वेलरी भी ग्राहकों की पसंद बनी हुई है।

यह भी पढ़ें- सारे भम्र दूर: 6 नवंबर से ब्रज में दीपावली उत्सव, नोट करें धनतेरस-गोवर्धन पूजा और भाई दूज की तारीखें

ढाई ग्राम वजन में आकर्षक पेंडेंट

गुरहट्टी रोड स्थित सर्राफ राहुल गोयल ने बताया कि ढाई ग्राम वजन में भी आकर्षक पेंडेंट उपलब्ध हैं। फैलावट वाले डिजाइन के पेंडेंट भी खूब पसंद किए जा रहे हैं। कुल मिलाकर इस बार सराफा बाजार में खरीदारी का अंदाज बदला हुआ है। पारंपरिक गहनों के साथ कलात्मक आकृतियां, मीनाकारी वाले सिक्के और आकर्षक गिफ्ट पैक त्योहार की खुशियों में नया रंग भर रहे हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।