विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'मिस्र में तिरंगा फहराना भारतीय अंडर-18 महिला टीम का एकमात्र सपना', अर्जुन अवॉर्डी 'हॉकी की रानी' से खास बातचीत

Published: Thu, 12 Nov 2026 01:27 PM (IST)

भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान रानी रामपाल ने मिस्र में होने वाले अंडर-18 वर्ल्ड कप की तैयारियों और खिलाड़ियों की फिटनेस पर बात की।

भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान रानी रामपाल से बातचीत।

भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान रानी रामपाल से बातचीत।

HighLights

  1. फिटनेस से टीम वर्ल्ड कप में बेहतर प्रदर्शन करेगी।

  2. महिला खिलाड़ियों को अधिक टूर्नामेंट, स्पोर्ट्स कोटा मिले।

  3. कोच की भूमिका खिलाड़ी के जीवन में बहुत महत्वपूर्ण।

जागरण संवाददाता, आगरा। भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान 'हॉकी की रानी' रानी रामपाल ने जागरण संवाददाता से साझा की आगामी रणनीति।

कहा कि फिटनेस ठीक रहेगी, तो खिलाड़ी वर्ल्ड कप में अन्य टीम से बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगी। सरकार को महिला खिलाड़ियों के लिए शहर व ग्रामीण क्षेत्र में अधिक टूर्नामेंट आयोजित करने चाहिए, जिससे उन्हें अधिक अवसर मिलें। लड़कियों के लिए सभी विभागों में स्पोर्ट्स कोटा के तहत नौकरियां प्रदान की जाएं। स्कूलों में स्पोर्ट्स को अनिवार्य किया जाना चाहिए। एक खिलाड़ी अपने जीवन में जहां तक भी पहुंचता है, उसमें कोच की बहुत बड़ी भूमिका होती है।

दैनिक जागरण संवाददाता राजप्रताप सिंह से बुधवार को बातचीत में अर्जुन अवॉर्ड, पद्मश्री और भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान 'हॉकी की रानी' रानी रामपाल ने अनुभव और आगामी रणनीति साझा की।

अंडर-18 की महिला हॉकी खिलाड़ियों को अपने मार्गदर्शन में मिस्र में होने वाले हॉकी वर्ल्ड कप के लिए किस तरह से तैयार कर रही हैं?

एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में 21 दिन तक सुबह-शाम को अभ्यास किया जाएगा। खिलाड़ियों के फिटनेस लेवल को बढ़ाना है। बच्चों की कमियों पर ध्यान देते हुए खेल का सुधारा जा रहा है। फिटनेस ठीक रहेगी, तो खिलाड़ी वर्ल्ड कप में अन्य टीम से बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे।

वर्ल्ड कप को जीतने के लिए टीम किस उम्मीद से मैदान पर उतरेगी?

बुधवार को अभ्यास का पहला दिन था। खिलाड़ियों ने उत्साह से प्रतिभाग कर पसीना बहाया। उम्मीद तो सभी को रहती है कि वर्ल्ड कप जीतकर वापस इंडिया आए। अभी से बच्चों पर जीत थोपना गलत होगा, लेकिन मिस्र वर्ल्ड कप में तिरंगा फहरे यह एकमात्र सपना भारतीय महिला हॉकी खिलाड़ियों का है।

हॉकी महिला खिलाड़ी को किन-किन चुनौतियों का सामना करना पड़ता है?

आजकल फिर भी कई चीजों में बदलाव हो चुका है। ग्रामीण क्षेत्र के महिला खिलाड़ियों को तो स्पोर्ट्स तक ज्वाइन नहीं करने दिया जाता है। परिवार को महिला खिलाड़ियों की सुरक्षा की चिंता सताती है। इसमें सरकार को महिलाओं के लिए शहर व ग्रामीण क्षेत्र में अधिक टूर्नामेंट आयोजित करने चाहिए, जिससे उन्हें अधिक अवसर मिलें। साथ ही लड़कियों के लिए सभी विभागों में स्पोर्ट्स कोटा के तहत नौकरियां प्रदान की जाएं। स्कूलों में स्पोर्ट्स को अनिवार्य किया जाना चाहिए।

खिलाड़ी के जीवन में कोच की क्या भूमिका रहती है?

एक खिलाड़ी अपने जीवन में जहां तक भी पहुंचता है, उसमें कोच की बहुत बड़ी भूमिका होती है। अगर खिलाड़ी के पास अच्छा कोच, सलाहकार हो तो वह सभी प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकता है। हर खिलाड़ी में टैलेंट होता है, लेकिन उसे निखारना कोच का काम होता है। खिलाड़ी के जीवन में स्वजन से अधिक कोच को माना जाता है।

यह भी पढ़ें- Asian Champions Trophy: भारतीय महिला हॉकी टीम का एलान, गोलकीपर सविता पूनिया को नहीं मिली जगह

आगरा के खिलाड़ियों को क्या संदेश देना चाहेंगी?

खिलाड़ी भविष्य पर ध्यान देते हुए मैदान पर जमकर मेहनत करें। कोच व सीनियर खिलाड़ियों से सलाह लेकर अपने खेल को सुधारें। सबसे बड़ी बता ये है कि खुद पर विश्वास जरूर रखें।

हॉकी खेल में क्या सुधारना चाहेंगी?

पहला बदलाव यही करूंगी कि छोटे-छोट क्लबों के मैच अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अधिक आयोजित कराऊंगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।