प्रोफेसरों को हर महीने मिलेंगे एक लाख रुपये, कौन और कैसे कर सकते हैं आवेदन? जानिए डिटेल
अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (AICTE) ने तकनीकी शिक्षा को उद्योग की जरूरतों के अनुरूप बनाने के लिए इंडस्ट्री फेलोशिप प्रोग्राम 2026-27 के फेज-दो के आवेदन शुरू किए हैं।

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
AICTE ने इंडस्ट्री फेलोशिप प्रोग्राम 2026-27 के आवेदन शुरू किए
चयनित शिक्षकों को उद्योगों में काम करने का मिलेगा व्यावहारिक अनुभव
फेलोशिप के दौरान हर महीने एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता
जागरण संवाददाता, आगरा। तकनीकि शिक्षा को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप बनाने के लिए अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआइसीटीई) ने इंडस्ट्री फेलोशिप प्रोग्राम (आइएफपी) 2026-27 के फेज-दो के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके तहत चयनित शिक्षकों को एक साल तक देश की विभिन्न औद्योगिक इकाइयों में काम करने और नई तकनीकों का व्यावहारिक अनुभव हासिल करने का मौका मिलेगा।
खास बात यह है कि फेलोशिप के दौरान शिक्षकों को हर महीने एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसमें 75 हजार रुपये एआइसीटीई और कम से कम 25 हजार रुपये संबंधित इंडस्ट्री की ओर से दिए जाएंगे। इसके अलावा शिक्षकों को अपने मूल संस्थान से मिलने वाला वेतन भी मिलता रहेगा।आवेदन की अंतिम तिथि 15 दिसंबर निर्धारित है।
एक साल तक कंपनियों में काम कर सीखेंगे नई तकनीक
इस कार्यक्रम का उद्देश्य कॉलेजों में पढ़ाई जाने वाली तकनीक और इंडस्ट्री में इस्तेमाल हो रही आधुनिक तकनीक के बीच की दूरी कम करना है। फेलोशिप के दौरान शिक्षक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, क्वांटम कंप्यूटिंग, सेमीकंडक्टर, एडवांस मैन्युफैक्चरिंग, बायोटेक्नोलॉजी और अन्य उभरते क्षेत्रों में काम करने का अनुभव हासिल कर सकेंगे। इससे वे कक्षाओं में छात्रों को किताबी ज्ञान के साथ उद्योगों में इस्तेमाल होने वाली तकनीकों और कार्यप्रणाली की जानकारी भी दे सकेंगे।
ये शिक्षक कर सकते हैं आवेदन
- एआइसीटीई से मान्यता प्राप्त संस्थानों और विश्वविद्यालयों में नियमित रूप से कार्यरत फैकल्टी सदस्य आवेदन कर सकते हैं।
- अभ्यर्थी के पास मान्यता प्राप्त संस्थान से स्नातक की डिग्री और कम से कम पांच साल का पूर्णकालिक शिक्षण अनुभव होना चाहिए।
- पार्ट टाइम, कॉन्ट्रैक्ट, एड हॉक या विजिटिंग शिक्षक इसके लिए योग्य नहीं है।
- 13 नवंबर तक आयु 50 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए।
- इसके अलावा अभ्यर्थी को जीएटीई, नेट, जेआरएफ, एसआरएफ, कैट, मैट जैसी परीक्षा उत्तीर्ण करने, स्कोपस या वेब ऑफ साइंस में पांच शोधपत्र प्रकाशित करने, कम से कम 15 लाख रुपये की सरकारी परियोजना पूरी करने अथवा मान्यताप्राप्त शैक्षणिक पुरस्कार प्राप्त करने जैसी निर्धारित योग्यताओं में से कम से कम एक पूरी करनी होगी। संस्थान से नामांकन और अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) भी जरूरी है।
15 दिसंबर तक आवेदन
इच्छुक शिक्षक आधिकारिक वेबसाइट ifp.aicte.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। चयन प्रक्रिया और ऑफर लेटर जारी करने की प्रक्रिया 16 दिसंबर से पांच जनवरी 2027 तक प्रस्तावित है। फेलोशिप जनवरी 2027 में शुरू होगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।