संजली हत्याकांड में आया नया मोड़, जानिये कैसे और क्या हुआ था वारदात के दिन
पुलिस के सामने आया प्रत्यक्षदर्शी। खोले कई राज। फोरेंसिक साइंटिस्ट की टीम पहुंची मौके पर। बनाया क्राइम सिक्वेंस सीन।
आगरा, जागरण संवाददाता। दिल दहलाने वाला संजली हत्याकांड प्रतिदिन ही नया मोड़ ले रहा है। शनिवार को गांव का ही एक युवक पुलिस के सामने आया। इस युवक के बयान से हत्याकांड की गुत्थी में नया मोड़ आ गया। युवक के अनुसार वारदात के दिन वह संजली से कुछ दूरी पर पीछे चल रहा था। युवक ने पुलिस को बताया कि मंगलवार को दोपहर करीब डेढ़ बजे संजली साइकिल से स्कूल लौट रही थी। उससे कुछ ही दूरी पर वो बाइक पर पीछे चल रहा था। संजली की साइकिल से सट कर दो युवक काली पेशन प्रो पर चल रहे थे। संजली और युवकों के बीच कुछ बात भी हो रही थी कि तभी युवकों ने संजली पर पेट्रोल उड़ेल कर आग लगा दी। प्रत्यक्षदर्शी इस युवक के बयान के बाद कई नए तथ्य सामने आए हैं। इसके साथ ही पुलिस के सामने नये सवाल भी खड़े हो गए हैं। मसलन संजली युवकों से बात कर रही थी। जबकि संजली ने बयान दिया था कि वो युवकों को जानती नहीं थी। वहीं दोनों हत्यारे काली पेशन प्रो पर थे जबकि संजली ने अपने बयान में बाइक का रंग लाल बताया था। बता दें कि मंगलवार को थाना मलपुरा के गांव लालऊ निवासी दसवीं की छात्रा संजली स्कूल से घर लौट रही थी। रास्ते में दो बाइक सवार युवकों ने उसपर पेट्रोल उड़ेलकर आग लगा दी। 80 फीसद जली हुई हालत में छात्रा को पहले एसएन मेडिकल कॉलेज की बर्न यूनिट में भर्ती कराया गया, जहां से कुछ ही घंटों बाद उसे दिल्ली के सफदरजंग हॉस्पीटल रेफर कर दिया गया। यहां बुधवार रात 12 बजे संजली की सांसें थम गईं थीं।
क्राइम सीन हुआ रीकंस्ट्रक्ट
शनिवार को विधि विज्ञान प्रयोगशाला के वैज्ञानिकों के दल ने क्राइम सीन का मेजरमेंट कर क्राइम सिक्वेंस बनाया। वैज्ञानिकों ने मौके पर जाकर पूरे घटनाक्रम को समझा। पूरी जांच के बाद वैज्ञानिक अपनी राय अब देंगे, जोकि पुलिस जांच में अहम साबित होगी।
एसएन से ली संजली की मेडिको लीगल रिपोर्ट
इससे पूर्व मलपुरा पुलिस ने शुक्रवार को एसएन इमरजेंसी से संजली की मेडिको लीगल रिपोर्ट ली। छात्रा को पहले इमरजेंसी में भर्ती कराया गया था। उसका मेडिकल एवं प्राथमिक उपचार यहीं पर हुआ था। एसएन में उसका क्या उपचार किया, वह कितने फीसद जली हालत में यहां आई थी। इसकी रिपोर्ट पुलिस ने ली है।