पीईटी का अंतिम चरण: आगरा के 49 केंद्रों पर 45 हजार से अधिक अभ्यर्थी देंगे इम्तिहान
आगरा में यूपीएसएसएससी पीईटी-2026 की परीक्षा का आज अंतिम दिन है, जिसमें 49 केंद्रों पर 45,552 अभ्यर्थी दो पालियों में ...और पढ़ें

फाइल फोटो।
HighLights
आगरा में पीईटी परीक्षा का आज अंतिम दिन।
49 केंद्रों पर 45,552 अभ्यर्थी होंगे शामिल।
नकलविहीन और शांतिपूर्ण परीक्षा हेतु कड़ी सुरक्षा।
जागरण संवाददाता, आगरा। उप्र अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 रविवार को अंतिम दिन आयोजित होगी। आगरा में परीक्षा के लिए बनाए गए 49 केंद्रों पर दो पाली में 45,552 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। प्रत्येक पाली में 22,776 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। परीक्षा को नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
परीक्षा की पहली पाली सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक होगी। अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से पूर्व केंद्रों पर पहुंचना होगा। परीक्षा शुरू होने से आधा घंटा पहले केंद्रों के प्रवेश द्वार बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा।
नकलविहीन परीक्षा के लिए 49-49 सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात
25 और 30 अक्टूबर के बाद अब एक नवंबर को पीईटी होने जा रही है। पहले दिन की परीक्षा का प्रश्नपत्र अभ्यर्थियों को अपेक्षाकृत आसान लगा था, जबकि दूसरे दिन प्रश्नों को हल करने में उन्हें अधिक मशक्कत करनी पड़ी थी। ऐसे में अंतिम दिन परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों में प्रश्नपत्र के स्तर को लेकर उत्सुकता बनी हुई है। उन्हें उम्मीद है कि पेपर आसान रहेगा और वे बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे।
यह भी पढ़ें- उत्तर प्रदेश पीईटी परीक्षा का अंतिम दिन आज, 60 जिलों में दो पालियों में होगा इम्तिहान
सघन जांच के बाद मिलेगा प्रवेश
परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। अभ्यर्थियों को सघन जांच के बाद ही केंद्रों में प्रवेश दिया जाएगा। कुंडल, बिछिया, घड़ी, बेल्ट और इलेक्ट्रोनिक उपकरणों को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाएगी। परीक्षा की निगरानी के लिए 49 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 49 स्टेटिक मजिस्ट्रेट और करीब 650 कक्ष निरीक्षक तैनात किए गए हैं। प्रशासन ने केंद्रों पर भीड़ प्रबंधन और व्यवस्थाएं सुचारु रखने के निर्देश दिए हैं। रविवार को परीक्षा संपन्न होने के साथ ही पीईटी-2026 की परीक्षा प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।