विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 16, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

जेब में हाथ डालकर छेड़खानी, रिवाल्वर रखकर धमकी, छात्राओं से गंदी बात करने वाले टीचर के खिलाफ मुकदमे के आदेश

By Jagran NewsEdited By: Abhishek Saxena
Published: Tue, 16 May 2023 03:05 PM (GMT+05:30)Updated: Tue, 16 May 2023 03:22 PM (GMT+05:30)

Agra Crime News आगरा में शमशाबाद के सरकारी स्कूल के शिक्षक पर है आरोप। थाने में जब पुलिस ने नहीं सुनी शिकायत तो पीड़ित छात्राओं ने पुलिस आयुक्त के कार्यालय में की थी शिकायत। स्कूल भी जाना बंद कर दिया था छात्राओं ने।

Agra Crime News: छात्राओं से गंदी करने वाले टीचर के खिलाफ मुकदमे के आदेश
Agra Crime News: छात्राओं से गंदी करने वाले टीचर के खिलाफ मुकदमे के आदेश

आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा में शमशाबाद के गांव लहरा प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक आशुतोष शर्मा के खिलाफ मंगलवार को पुलिस आयुक्त प्रीतिंदर सिंह ने अभियोग दर्ज कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। शिक्षक पर क्लास के अंदर छात्राओं से गंदी बात और छेड़छाड़ करने का आरोप है। जिसे लेकर छात्राओं उनके स्वजन में आक्रोश था। छात्राओं ने स्कूल जाना बंद कर रखा था। छात्राओं ग्रामीणों का आरोप था कि थाना पुलिस ने उनकी सुनवाई नहीं की।

पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंचीं छात्राएं

मंगलवार को पीड़ित आधा दर्जन छात्राएं उनके स्वजन और सामाजिक संगठन के लोग पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंचे। छात्राओं ने बताया कि शिक्षक कई महीने से उनके साथ छेड़छाड़ कर रहा था। जिसके चलते वह दहशत में थी। कक्षा में जाने से कतरा ने लगी थी। उसकी हरकतें बढ़ गई तो उन्हें स्वजन को इसकी जानकारी देनी पड़ी। जिसके बाद से स्वजन आरोपी शिक्षक को वहां से हटाने की मांग कर रहे थे। उनका कहना था कि ऐसे शिक्षक के रहते वह अपने बच्चों को स्कूल नहीं भेज सकते।

दुपट्टा तक खींच लेता है शिक्षक

छात्राएं उनके स्वजन और सामाजिक संगठन के लोग 16 मई को पुलिस आयुक्त के कार्यालय पहुंचे। छात्राओं ने बताया कि शिक्षक उनका दुपट्टा खींच लेता था। उनकी जेबों में हाथ डाल देता था। पीठ पर हाथ मारता था। जिसके चलते वह कक्षा में जाने से भी घबराने लगी थी। शिक्षक अपने साथ रिवाल्वर भी रखता था। छात्राओं का आरोप है कि कई बार उन्हें रिवाल्वर दिखाकर धमकी भी दे चुका था।

डीएम से भी मिली बच्चियां

बच्चियां कलक्ट्रेट में डीएम नवनीत सिंह चहल से भी मिली हैं और उन्होंने शिक्षक की शिकायत की है। डीएम को बताया कि शिक्षक उनसे अश्लील हरकतें करता हैं। पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने जांच कराकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

शिक्षक ने पैर छूकर मामला रफा दफा करने का किया प्रयास

मंगलवार को ग्रामीण और अभिभावक स्कूल पहुंचे थे। वहां पर शिक्षक ने महिलाओं के पैर छूकर मामला रफा-दफा करने का प्रयास किया। महिलाओं का कहना था कि शिक्षक पूर्व में भी इस तरह की घटनाएं करके माफी मांग चुका है। इस बार उसे माफ नहीं करना चाहती। उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई चाहती हैं। जिससे कि बेटियां निडर होकर स्कूल जा सकें और अपना भविष्य संवार सकें।

पुलिस आयुक्त प्रीतिंदर सिंह ने बताया, 'मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल अभियोग दर्ज कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। पीड़ित छात्राओं के बयान दर्ज कराए जाएंगे'

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।