विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आगरा की लापता युवती की लाश इटावा यमुना नदी में मिली, लेखपाल शिवजीत भदौरिया जेल भेजा गया

Published: Wed, 07 Oct 2026 02:23 PM (IST)

Agra News: आगरा से लापता हुई युवती का शव इटावा में यमुना नदी से बरामद हुआ है। इस मामले में ...और पढ़ें

Agra News: सांकेतिक तस्वीर।

Agra News: सांकेतिक तस्वीर।

HighLights

  1. आगरा की लापता युवती का शव इटावा की यमुना नदी में मिला।

  2. लेखपाल शिवजीत भदौरिया अपहरण, आत्महत्या के लिए उकसाने में जेल भेजा गया।

  3. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर हत्या की धारा जोड़ेगी।

जागरण संवाददाता, आगरा। Agra News: एमएम गेट से एक सप्ताह पहले लापता हुई युवती का शव मंगलवार को इटावा के बढ़पुरा थाना क्षेत्र में यमुना नदी से पुलिस ने बरामद कर लिया। वहीं, मामले में आरोपित फतेहाबाद तहसील में तैनात लेखपाल शिवजीत भदौरिया को पुलिस ने मंगलवार जेल भेज दिया। उसके विरुद्ध अपहरण, आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने व साक्ष्य नष्ट करने की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है।
बाह के रुधमुली गांव निवासी लेखपाल शिवजीत भदौरिया फतेहाबाद तहसील में लेखपाल पद पर तैनात है। बाह क्षेत्र की रहने वाली युवती एमएम गेट स्थित नूरी दरवाजा में रहकर बीटीसी के बाद सुपर नेट की तैयारी कर रही थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात लेखपाल शिवजीत भदौरिया से होने पर घनिष्ठता बढ़ गई।

लेखपाल ने युवती को शादी का आश्वासन दिया था। इस वर्ष मई में लेखपाल की दूसरी जगह शादी होने के बाद उनमें विवाद हो गया था। लेखपाल की पत्नी ने उसके मोबाइल में युवती का फोटो देख लिया। जिसे लेकर पत्नी द्वारा विवाद करने पर लेखपाल ने युवती से दूरी बना ली थी। युवती ने आत्महत्या का प्रयास किया,लेकिन स्वजन ने समय रहते उपचार कराके उसे बचा लिया।

बाह क्षेत्र की युवती 30 सितंबर से थी लापता, एमएम गेट में दर्ज था मुकदमा

युवती का 29 सितंबर से स्वजन से संपर्क नहीं हुआ तो उन्होंने एमएम गेट थाने मे गुमशुदगी दर्ज करा दी। काल डिटेल में लेखपाल शिवजीत भदौरिया का नाम सामने आया था। पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ की, उसने बताया कि युवती उसके कमरे पर आयी थी। युवती ने 30 सितंबर को गले में फंदा कसने के बाद पंखे से लटक गई। वह उसे फंदे से उतारकर अस्पताल लेकर गया, वहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद वह शव को कार से बाह से लगे इटावा में लेकर गया। वहां यमुना नदी में फेंक दिया था।

आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने, साक्ष्य नष्ट करने की धारा में भेजा जेल

आरोपित से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने लेखपाल के विरुद्ध अपहरण, आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने एवं साक्ष्य नष्ट करने की धारा में मुकदमा दर्ज किया था। इधर, पुलिस बाह से लगे इटावा में यमुना नदी में युवती का शव खोजने में जुटी थी। मंगलवार को युवती का शव बढ़पुरा थाना क्षेत्र के गांव मिहौली मे यमुना नदी किनारे बरामद कर लिया। आशंका है कि आरोपित ने शव को चित्राहाट के कचौरा घाट पुल से फेंका होगा, जो बहकर इटावा की सीमा में चला गया।

डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि आरोपित लेखपाल को जेल भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आत्महत्या की धारा को हत्या में तरमीम किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- आगरा: बेटा-बहू ने 75 लाख के मकान से निकाले लकवाग्रस्त मां-बाप, दंपती ने न्याय के लिए मांगी मदद

यह भी पढ़ें- Weather Today: गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ होगी बारिश, आज बदलेगा आगरा का मौसम