आगरा फुटवियर उद्योग को मिला 21 हजार करोड़ का बूस्ट: 'मीट एट आगरा' में चीन, ब्राजील और ताइवान की कंपनियों को लाने की तैयारी
18वें 'मीट एट आगरा' फुटवियर फेयर ने 21 हजार करोड़ रुपये के कारोबार की नींव रखी, जिसमें पहली बार चीन ...और पढ़ें

मीट एट आगरा में पहुंचे आगरा के डीएम मनीष बंसल।
HighLights
'मीट एट आगरा' ने 21 हजार करोड़ के कारोबार की नींव रखी।
चीन की सात कंपनियों ने पहली बार फेयर में भाग लिया।
अगले वर्ष ब्राजील, ताइवान की कंपनियों को भी लाने का प्रयास।
जागरण संवाददाता, आगरा। आगरा फुटवियर मैन्युफैक्चरर्स एंड एक्सपोर्टर्स चैंबर (एफमेक) द्वारा आयोजित 18वां मीट एट आगरा फुटवियर इंडस्ट्री के लिए नई संभावनाएं जगा गया। फेयर में पहली बार चीन की सात कंपनियों के आने से निर्माताओं को नई तकनीक को समझने और बाजार की बदलती जरूरतों से जुड़ने का अवसर मिला। आयोजकों का अनुमान है कि फेयर ने 21 हजार करोड़ रुपये के फुटवियर निर्यात और घरेलू कारोबार की नींव रखी है।
19वां मीट एट आगरा अगले वर्ष दो से चार अक्टूबर तक सींगना स्थित आगरा ट्रेड सेंटर में होगा। इसमें चीन के साथ ही ब्राजील व ताइवान की कंपनियों को भी लाने का प्रयास किया जाएगा।
अगले वर्ष दो से चार अक्टूबर तक आगरा ट्रेड सेंटर
आगरा ट्रेड सेंटर, सींगना में सोमवार को मीट एट आगरा के समापन समारोह में एफमेक अध्यक्ष गाेपाल गुप्ता ने कहा कि फेयर में बने व्यावसायिक संपर्क आगे नई साझेदारी और कारोबार का आधार बनेंगे। फेयर की सबसे बड़ी उपलब्धि चीनी कंपनियों की भागीदारी रही।वीजा मिलने में मुश्किलों के चलते कुछ ही कंपनियां आ पाईं और वह मशीनरी भी नहीं ला सकीं। चीनी कंपनियों द्वारा अच्छा रेट दिए जाने से उन्हें बड़े ऑर्डर मिले हैं। सिंथेटिक लेदर बनाने वाली कंपनी से संयुक्त उपक्रम लगाने को भी बात हुई है। शीघ्र ही चीनी कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की जाएगी।
चीन के साथ ही ब्राजील और ताइवान की कंपनियों को लाने का होगा प्रयास
अगली बार फेयर में चीनी कंपनियां मशीनरी, डिजाइनर, सलाहकार भी साथ लेकर आएंगी। चीनी कंपनियों को फेयर में लाने वाले दुबई के टोनी मखीजा ने एयरकंडीशनर, लगेज और घरेलू उपयोग के सामान बनाने वाली कंपनियों को भी लाने की बात कही है। चीनी कंपनी की प्रतिनिधि कैंडी ने कहा कि फेयर में पहली बार आने पर अच्छा रिस्पोंस मिला है। अगले वर्ष हम यहां मशीनरी भी लेकर आएंगे।
अगले साल सींगना में होगा आयोजन
एफमेक के पूर्व अध्यक्ष कैप्टन एएस राणा ने कहा कि वैश्विक बाजार में स्थिति मजबूत करने के लिए उद्योग को गुणवत्ता, डिजाइन और उत्पादकता पर निरंतर काम करना होगा। महासचिव प्रदीप वासन ने आयोजन में बने व्यावसायिक संपर्कों को आगे बढ़ाने पर जोर देते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। उपाध्यक्ष राजीव वासन व राजेश सहगल, आयोजन समिति की चेयरमैन माला खेड़ा, सचिव अनिरुद्ध तिवारी, कोषाध्यक्ष चंद्र मोहन सचदेवा, ओपिंदर सिंह लवली, नकुल मनचंदा आदि मौजूद रहे।
उत्पाद, नवाचार और स्टॉल प्रस्तुति के लिए सम्मान
बेस्ट पालिमर्स एवं केमिकल्स: केएलजे पालिमर्स एंड केमिकल्स के सौरभ गुप्ता व विनय गुप्ता
बेस्ट लेदर प्रोडक्ट्स: बसंत इंटरप्रिन्योर प्राइवेट लिमिटेड के प्रणव मित्तल
बेस्ट मशीनरी स्टाल: पायनियर टेक स्टेप लिंकर्स के कपिल धवन
बेस्ट इनोवेटिव प्रोडक्ट
संदीप रबर (आई) इंडस्ट्रीज के सुनील गुप्ता और नवकार टेकटेक्स प्राइवेट लिमिटेड के श्रेयांश बोथरा
बेस्ट एग्जीबिटर अवॉर्ड
स्टक केमिकल्स प्राइवेट लिमिटेड के शैलेश पाठक और श्राफ सेल्स कारपोरेशन के निमित्त श्राफ एवं सौरभ श्राफ।
मीट एट आगरा: एक नजर
- फेयर में तीन दिन में 21 हजार 147 विजिटर आए। इनमें 10 हजार 115 पंजीकृत बिजनेस विजिटर और 1940 विद्यार्थी एवं भावी उद्यमी थे
- वर्ष 2025 में हुए फेयर में 19 हजार 420 विजटर आए थे, जिनमें आठ हजार 390 बिजनेस विजिटर थे
- फेयर में 224 स्टाल फुटवियर कंपोनेंट्स, मैटेरियल, मशीनरी और औद्योगिक सहयोग सेवाओं का प्रदर्शन किया गया
- फेयर ने 21 हजार करोड़ रुपये के कारोबार की नींव रखी। पिछले वर्ष 18 हजार 500 करोड़ रुपये के कारोबार की आधारशिला रखी थी
डीएम ने किया संवाद
डीएम मनीष बंसल ने सोमवार को फेयर का भ्रमण कर एग्जीबिटर्स से संवाद किया। फुटवियर कंपोनेंट्स, मैटेरियल, मशीनरी और नई तकनीकों की जानकारी की। चाइना पवेलियन का भी भ्रमण किया। फुटवियर उद्योग के विकास के लिए प्रशासन एवं सरकार के स्तर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
