भाजपा राज्यसभा उम्मीदवार रामप्रताप चौहान: मेरठ बैठक में थे जब हुई घोषणा, भाजयमुमो के मंडल अध्यक्ष से शुरू किया राजनीतिक सफर
भाजपा ने प्रदेश महामंत्री रामप्रताप सिंह चौहान को राज्यसभा उम्मीदवार घोषित किया है। उन्होंने भाजयुमो मंडल अध्यक्ष से लेकर प्रदेश ...और पढ़ें

भाजपा के राज्यसभा उम्मीदवार राम प्रताप चौहान।
HighLights
भाजपा ने रामप्रताप चौहान को राज्यसभा उम्मीदवार घोषित किया है।
उन्होंने भाजयुमो मंडल अध्यक्ष से राजनीतिक सफर शुरू किया।
प्रदेश महामंत्री, पश्चिमी यूपी प्रभारी जैसे महत्वपूर्ण पद संभाले।
जागरण संवाददाता, आगरा। भाजपा की ओर से राज्यसभा उम्मीदवार घोषित किए गए प्रदेश महामंत्री रामप्रताप सिंह चौहान पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता हैं। भाजयुमो के मंडल अध्यक्ष से राजनीतिक सफर शुरू करने के बाद वे पार्टी विभिन्न दायित्वों को निभाते हुए प्रदेश संगठन में पहुंचे। दूसरी बार प्रदेश महामंत्री बनने के बाद पिछले दिनों उन्हें पश्चिमी उप्र का प्रभारी बनाकर पार्टी ने उनका कद बढ़ाया था। अब उन्हें राज्यसभा का उम्मीदवार बनाते हुए राष्ट्रीय राजनीति की ओर बढ़ाया है।
भाजयमुमो के मंडल अध्यक्ष से शुरू किया था राजनीतिक सफर
भाजपा प्रदेश महामंत्री रामप्रताप सिंह चौहान के पिता योगेंद्र सिंह चौहान (अब दिवंगत) वर्ष 1948 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर लगे प्रतिबंध के दौरान जेल गए थे। इसके बाद जनसंघ की स्थापना के समय से जिला मंत्री बने। इमरजेंसी में जेल गए । इसके बाद पूरा जीवन भाजपा क लिए समर्पित किया था। वर्ष 1990 में राममंदिर आंदोलन के समय से राम प्रताप सिंंह चौहान सक्रिय राजनीति में आए।
वर्ष 1991 में भाजपा युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष के रूप में उन्हें पहली जिम्मेदारी मिली। वर्ष 1994 तक उन्होंने भाजयुमो आगरा में मंडल अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली। इसके बाद 1994 से 1998 तक महानगर उपाध्यक्ष और 1998 से 2001 तक महानगर अध्यक्ष रहे।
दूसरी बार प्रदेश महामंत्री के बाद पश्चिमी उप्र प्रभारी बनने से बढ़ा था कद
संगठन में लगातार सक्रियता के चलते उन्हें 2001 से 2005 तक ब्रज क्षेत्र का प्रभारी बनाया गया। प्रदेश संगठन में उनकी जिम्मेदारियां बढ़ती गईं। वर्ष 2005-06 में वह भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष रहे। 2006-07 में आगरा जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली। वर्ष 2007 से 2012 तक ब्रज क्षेत्र में प्रदेश महामंत्री और 2013 से 2016 तक प्रदेश मंत्री रहे। यानी करीब डेढ़ दशक तक उन्होंने संगठन के अलग-अलग स्तरों पर काम किया।
एत्मादपुर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक चुने गए
संगठन में लंबे अनुभव के बाद वर्ष 2017 में एत्मादपुर विधानसभा सीट से भाजपा के टिकट पर विधायक चुने गए। 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्हें पार्टी का टिकट नहीं मिला, लेकिन संगठन में उनकी भूमिका बनी रही। वर्ष 2023 में उन्हें भाजपा का प्रदेश महामंत्री बनाया गया। जून 2026 में घोषित भाजपा की नई प्रदेश टीम में उन्हें एक बार फिर प्रदेश महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई। वर्तमान संगठनात्मक जिम्मेदारी में उनका दायरा और बढ़ा है। अगस्त 2026 में भाजपा ने उन्हें पश्चिमी उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाया। इसके बाद उन्होंने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें कीं।
यह भी पढ़ें- कौन हैं रामप्रताप चौहान जिन्हें यूपी भाजपा ने बनाया राज्यसभा उम्मीदवार? एत्मादपुर से रहे विधायक, राजनीतिक सफर
मेरठ में बैठक ले रहे थे जब हुई घोषणा
सोमवार को राज्यसभा के उम्मीदवार घोषित किए जाने के समय भी वे मेरठ में ही बैठक ले रहे थे। रामप्रताप चौहान का राज्यसभा उम्मीदवार बनाया जाना उनके राजनीतिक सफर का नया पड़ाव है। उनकी पहचान मुख्य रूप से संगठन में लंबे समय तक काम करने वाले नेता के रूप में रही है।
पार्टी के राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व का आभार। मुझ जैसे कार्यकर्ता को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी। परिवार और माता पिता का आशीर्वाद और सहयोग रहा कि मैं पूर्णकालिक कार्यकर्ता के रूप में कार्य कर सका। ईश्वर के साथ ही एत्मादपुर विधान सभा क्षेत्र की जनता का विशेष आभार कि मेरे पर लगातार भरोसा और प्यार बनाए रखा। अब नई जिम्मेदारी मिलने के बाद मैं और अच्छी तरह जनता की सेवा कर सकूंगा।
