आगरा जनकपुरी महोत्सव से पहले चमकेगा सिकंदरा, 12 करोड़ रुपये से विकास कार्य
Agra News: आगरा के सिकंदरा स्थित भावना एस्टेट रोड पर जनकपुरी महोत्सव के लिए 12 करोड़ रुपये के विकास कार्यों ...और पढ़ें

Agra News: जनकपुरी का फाइल फोटो।
HighLights
जनकपुरी महोत्सव के लिए 12 करोड़ के विकास कार्य शुरू।
मेयर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने कार्यों का शुभारंभ किया।
सड़क, नाली मरम्मत और इंटरलॉकिंग टाइल्स के काम होंगे।
जागरण संवाददाता, आगरा। Agra News: श्रीरामलीला महोत्सव के अंतर्गत होने जा रहे जनकपुरी महोत्सव की तैयारियों के साथ क्षेत्र में विकास कार्य भी गति पकड़ने लगे हैं। सिकंदरा स्थित भावना एस्टेट रोड पर सजने जा रही जनकपुरी के लिए करीब 12 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात मिली है। मंगलवार को मेयर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने विधि-विधान और पूजा-पाठ के साथ इन कार्यों का शुभारंभ किया।
विकास कार्यों में सड़क निर्माण और सुधार, नाली मरम्मत, इंटरलाकिंग टाइल्स, सीसी रोड, हाटमिक्स सड़क और नालों को कवर करने के काम शामिल हैं।
मेयर बोलीं, महोत्सव के इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा विकास बजट
मेयर ने कहा कि जनकपुरी महोत्सव के इतिहास में इस बार क्षेत्र के लिए अब तक का सबसे बड़ा विकास बजट दिया गया है। नगर निगम जनकपुरी क्षेत्र के समग्र विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेगा। शुभारंभ के बाद मेयर जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष राजीव कुमार (राजू यादव) के निवास पर पहुंचीं और उनके स्वास्थ्य का हालचाल जाना। उन्होंने कहा कि राजू यादव के नेतृत्व में जनकपुरी क्षेत्र की तस्वीर बदलने जा रही है। आयोजन समिति ने क्षेत्र के विकास का जो खाका तैयार किया था, उसे धरातल पर उतारने में उन्हें खुशी हो रही है।
सड़क, नाली और पटरी के होंगे काम
- यथार्थ हॉस्पिटल से बाबरपुर पानी की टंकी तक हॉटमिक्स सड़क का सुधार होगा। साइड पटरी की मरम्मत और डिवाइडर की रंगाई-पुताई कराई जाएगी।
- भावना एस्टेट में पुरुषोत्तम हॉस्पिटल से गेट तक, ठाकुर साहब के मकान से सुरेंद्र सिंह के मकान, कैफेटेरिया से भावना एस्टेट और सचखंड हास्पिटल से भावना एस्टेट मार्ग तक नाली, इंटरलाकिंग टाइल्स और सीसी सड़क के कार्य होंगे।
- बुलेट शोरूम से बलदेव आशियाना होते हुए केआर नगर तिराहा और नशा मुक्ति केंद्र तक नाली, इंटरलॉकिंग टाइल्स और हाटमिक्स सड़क का काम होगा।
- महर्षिपुरम तिराहा से भावना एस्टेट रोड, शकुंतला काम्प्लेक्स, खाटू श्याम प्रापर्टी डीलर और पावर हाउस जिम वाली गली में भी सड़क, नाली और साइड पटरी के कार्य प्रस्तावित हैं।
- शिवाकुंज में नाली मरम्मत, इंटरलॉकिंग टाइल्स और सीसी सड़क बनेगी।
- कावेरी कौस्तुभ के पीछे उमा कुंज गली नंबर-एक में सीसी सड़क और नाली निर्माण होगा।
- विनायक नगर में बृजेश सदन से बाबरपुर होते हुए नगर निगम मैरिज होम तक सीसी सड़क बनाई जाएगी।
- हनुमान मंदिर से केआर नगर तिराहे तक साइड पटरी पर इंटरलॉकिंग टाइल्स, नाली और हॉटमिक्स सड़क का काम होगा
नाले कवर होंगे, जलभराव से मिलेगी राहत
यथार्थ हॉस्पिटल से बाबरपुर पानी की टंकी और भावना एस्टेट रोड से होली पब्लिक स्कूल तक दोनों ओर नालों को कवर किया जाएगा। कावेरी कौस्तुभ अपार्टमेंट के बगल से उमा कुंज गली नंबर-चार में पार्षद सुनील शर्मा के निवास तक जाने वाली सड़क के दोनों ओर साइड पटरी, सीसी नाली और सीसी सड़क बनाई जाएगी।
