विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोने-चांदी की कीमतों में आई भारी गिरावट, कितनी करें खरीदारी ? जानिए विशेषज्ञों की सलाह

Published: Mon, 23 Nov 2026 08:54 AM (IST)

सोने और चांदी की कीमतों में जनवरी से भारी गिरावट आई है, जिससे निवेशकों में असमंजस की स्थिति है। विशेषज्ञ इसे बाजार का सुधार बता रहे हैं और निवेशकों को दीर्घकालिक रणनीति अपनाने की सलाह दे रहे हैं।

दुकान पर खरीदारी करते ग्राहक। जागरण

दुकान पर खरीदारी करते ग्राहक। जागरण

HighLights

  1. जनवरी से सोने की कीमतों में 30% तक की गिरावट।

  2. चांदी की कीमतों में लगभग 64% तक की भारी गिरावट।

  3. निवेशकों को पोर्टफोलियो में 10-15% ही सोने-चांदी में निवेश की सलाह।

जागरण संवाददाता, आगरा। सोने और चांदी की कीमतों में आई बड़ी गिरावट को लेकर निवेशकों और आम खरीदारों के बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई है। जनवरी से अब तक सोने की कीमतों में करीब 30 प्रतिशत और चांदी की कीमतों में लगभग 64 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई है। इससे निवेशकों को काफी नुकसान उठाना पड़ा है।

चांदी में निवेश करने वालों की पूंजी तो आधी भी नहीं रही है। सोने और चांदी की कीमतों में इस तरह की उठापटक कोई नई बात नहीं है। जनवरी, 1980 से जून, 1981 के मध्य सोने के भाव में 46 प्रतिशत तक की गिरावट देखने काे मिली थी।

4.10 लाख रुपये तक पहुंची चांदी घटकर 1.54 लाख रुपये प्रति किलो रह गई

सोना और चांदी ने वर्ष 2025 में निवेशकों को अच्छा रिटर्न दिया था। जनवरी, 2026 में सोना करीब 1.8 लाख रुपये का 10 ग्राम और चांदी 4.10 लाख रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई थी। इसके बाद इनके दाम में गिरावट आती चली गई। 21 नवंबर को को सोना 1.27 लाख रुपये का 10 ग्राम और चांदी 1.54 लाख रुपये की एक किलो रह गई। सोने-चांदी के भाव में बड़ी गिरावट आने से जनवरी और उसके बाद अधिक मूल्य पर निवेश करने वालों की भविष्य की योजनाएं प्रभावित हुई हैं।

जनवरी में 1.8 लाख तक पहुंचा सोना रह गया है 1.27 लाख रुपये का 10 ग्राम

10 माह में सोने का भाव 30 प्रतिशत और चांदी का भाव 64 प्रतिशत तक गिर गया है। इससे गोल्ड और सिल्वर एक्सचेंज ट्रेडेड फंड (ईटीएफ) में निवेश करने वालों को भी शेयर बाजार में अपने निवेश के मूल्य में भारी कमी का सामना करना पड़ा है। पूर्व में सोने में एक लाख रुपये का निवेश करने वालों की पूंजी करीब 70 हजार रुपये की रह गई है। इसी तरह चांदी में एक लाख रुपये का निवेश करने वालों की पूंजी केवल 36 हजार रुपये रह गई है। 1980 में सोने के भाव 39.5 प्रतिशत तक और चांदी के भाव 52 प्रतिशत तक गिर गए थे।

क्या कहते हैं ज्वेलर्स

आभूषण ज्वेलर्स के प्रबंध निदेशक आनंद प्रकाश ने बताया कि वर्ष 2008 में अमेरिकी फाइनेंसिल मार्केट के संकट और वैश्विक मंदी के समय भारतीय बाजार में सोना पांच हजार से बढ़कर 13 हजार तक पहुंचा था, लेकिन इसके बाद यह 30 प्रतिशत तक गिरकर नौ हजार रुपये पर आ गया था। वर्ष 2015-16 में सोना 30 हजार के स्तर से 20 प्रतिशत गिरकर 24 हजार रुपये रह गया था।

ये नुकसान नहीं, सुधार है

वर्तमान में जो गिरावट आई है, वह असल में सुधार है, नुकसान नहीं। वर्ष 2025 के अप्रैल-मई में सोना 70 हजार रुपये से बढ़ना शुरू हुआ था, अगस्त-सितंबर तक यह 95 हजार से एक लाख रुपये तक पहुंच गया था। इसके बाद यह उछलकर 1.25 लाख रुपये तक पहुुंच गया था। धातु की कीमत में बहुत तेजी से जब एकतरफा बढ़ोतरी होती है, तो उसके बाद बाजार में भाव सुधार और ठहराव आता है। भारत में सोने की कीमतों पर चर्चा इसलिए अधिक होती है, क्योंकि यहां सोने से लोगों की भावनाएं जुड़ी हुई है। सोने की कीमतों में गिरावट के दौर में वर्तमान में जरूरत के अनुसार ही सोना खरीदना उपयुक्त रहेगा।

यह भी पढ़ें- शादी के सीजन में सस्ता हुआ सोना-चांदी: मथुरा में आभूषणों की बंपर बिक्री, मनचाहे गहने बुक करा रहे लोग

सोने व चांदी में 10-15 प्रतिशत तक ही करें निवेश

सीए पंकज जैन ने बताया कि निवेशकों को अपने पोर्टफोलियाे में सोने व चांदी में 10 से 15 प्रतिशत ही निवेश करना चाहिए। साेने की ज्वेलरी पर मेकिंग चार्ज और जीएसटी लगती है, इसलिए म्यूचुअल फंड और गोल्ड ईटीएफ में निवेश करें। निवेश के लिए सोना, चांदी से बेहतर है। सोने में निवेश लांग टर्म के लिए अच्छा है, क्योंकि यह सभी देशों में मान्य है और इसे कभी भी नकदी में बदलवाया जा सकता है। साेने में निवेश करते समय धनराशि के बजाय वजन पर देना चाहिए। 1988 में एक किलो सोने की कीमत मारुति कार के बराबर थी, लेकिन आज एक किलो सोने की कीमत में आडी क्यू-सेवन आसानी से खरीदी जा सकती है।

सोने के दाम गिरने की मुख्य वजह

  • मुनाफा कमाने वालों द्वारा बिकवाली किया जाना।
  • विदेशी बाजार में खरीदार नहीं होने और आपूर्ति अधिक होने से सोना-चांदी के दाम घटे हैं।
  • प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की एक वर्ष तक जेवर नहीं खरीदने की अपील के असर से रिसाइकिलिंग अधिक हुई।
  • आठ दिसंबर को अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व की बैठक होनी है। इंटरनेट मीडिया में इसके बाद सोने के एक लाख
  • रुपये तक आने का संदेश प्रसारित हो रहा है।
  • बांग्लादेश से सस्ता सोना आने, लैब में बनाए जाने और रेनियम की मिलावट के संदेश प्रसारित होने का भी प्रभाव पड़ा।
  • एआई, टेक और एनर्जी शेयरों में तेजी के कारण निवेशक फिलहाल सोने में बड़ा निवेश करने से हिचक रहे हैं।

वर्ष, सोना (प्रति 10 ग्राम)

  1. 1964, 63.25
  2. 1970, 184
  3. 1980, 1330
  4. 1990, 3200
  5. 2000, 4000
  6. 2010, 18,500
  7. 2020, 48,651
  8. 2025, 1,05,000-1,30,000
  9. जनवरी, 2026, 1,80,000
  10. 21 नवंबर, 1,27,200

वर्तमान में अमेरिकी स्टॉक मार्केट और क्रिप्टो करेंसी बाजार में भारी गिरावट देखी जा रही है।

शेयर बाजार और अन्य निवेश माध्यमों में गिरावट आती है, तो निवेशकों के पास नकदी की कमी हो जाती है। अपनी देनदारियों और नुकसान की भरपाई के लिए निवेशक अपनी सुरक्षित संपत्तियों सोना और संपत्ति बेचकर नकदी जुटाते हैं। बिकवाली के कारण सोने की कीमतों पर दबाव आया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।