EPFO का डिजिटल अभियान: नहीं लगाने होंगे दफ्तर के चक्कर, घर बैठे जमा करें जीवन प्रमाण पत्र
ईपीएफओ आगरा 1 से 30 नवंबर तक राष्ट्रव्यापी डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अभियान चलाएगा, जिससे पेंशनभोगी घर बैठे मोबाइल से ...और पढ़ें
-1793410680348_m.webp)
सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
1-30 नवंबर तक चलेगा डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अभियान
पेंशनभोगी मोबाइल से घर बैठे जमा कर सकेंगे प्रमाण पत्र
चेहरा प्रमाणीकरण तकनीक से प्रक्रिया होगी बेहद आसान
जागरण संवाददाता, आगरा। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) का क्षेत्रीय कार्यालय आगरा के पेंशनभोगियों को डिजिटल सुविधाओं का लाभ पहुंचाने के लिए तैयारियों में जुटा है। एक से 30 नवंबर तक राष्ट्रव्यापी डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र विशेष अभियान-फाइव चलाया जाएगा। इसके अंतर्गत क्षेत्र के सेवानिवृत्त कर्मचारियों और कर्मचारी पेंशन योजना के लाभार्थियों को घर बैठे मोबाइल फोन से जीवन प्रमाण पत्र जमा करने के लिए जागरूक किया जाएगा।
विशेष बात यह है कि बुजुर्ग पेंशनभोगियों को अब जीवन प्रमाण पत्र जमा करने के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं होगी।
ईपीएफओ का एक से 30 नवंबर तक चलेगा विशेष डिजिटल अभियान
सहायक क्षेत्रीय आयुक्त मिथलेश कुमार चौधरी ने बताया कि केंद्र सरकार के पेंशन व पेंशनभोगी कल्याण विभाग की ओर से आयोजित इस अभियान में ईपीएफओ भी सहभागी है। इस अभियान में डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट और चेहरा प्रमाणीकरण (फेस आथेंटिकेशन) तकनीक को बढ़ावा दिया जाएगा। संगठन के क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा स्थानीय पेंशनभोगियों को इन सुविधाओं की जानकारी देकर उनका लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
मोबाइल से चेहरा प्रमाणीकरण कर पेंशन जारी रखने की प्रक्रिया होगी आसान
ईपीएफओ पेंशनभोगी अपने स्मार्टफोन के माध्यम से चेहरा प्रमाणीकरण तकनीक का प्रयोग कर डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जमा कर सकते हैं। इससे विशेषकर बुजुर्ग, अस्वस्थ और दूसरे शहरों में रहने वाले पेंशनभोगियों को राहत मिलेगी। जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की प्रक्रिया आसान होने से पेंशन निर्बाध जारी रखने में मदद मिलेगी।
यह भी पढ़ें- DA Hike: एमपी के 12 लाख कर्मचारी-पेंशनर्स का 2 प्रतिशत बढ़ा महंगाई भत्ता, कितनी बढ़ेगी सैलरी?
यह भी पढ़ें- पेंशनभोगियों के लिए बड़ी राहत: 1 नवंबर से देश में डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अभियान की शुरुआत
देश में किसी भी बैंक की शाखा से प्राप्त कर सकते हैं पेंशन
ईपीएफओ ने एक जनवरी 2025 से केंद्रीयकृत पेंशन भुगतान प्रणाली (सीपीपीएस) लागू की है। इसके तहत पेंशनभोगी देशभर में किसी भी बैंक की किसी भी शाखा से पेंशन प्राप्त कर सकते हैं। अब दूसरे शहर में बसने या बैंक शाखा बदलने पर पीपीओ स्थानांतरित कराने की जरूरत नहीं होगी।