DA Hike: एमपी के 12 लाख कर्मचारी-पेंशनर्स का 2 प्रतिशत बढ़ा महंगाई भत्ता, कितनी बढ़ेगी सैलरी?
राज्य सरकार ने कर्मचारियों और पेंशनरों के महंगाई भत्ते में दो प्रतिशत की वृद्धि की है, जिससे अब कर्मचारियों को 60 प्रतिशत की दर से भत्ता मिलेगा।

कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 2% बढ़कर 60% हुआ

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, भोपाल। राज्य सरकार ने शासकीय कर्मचारियों और अधिकारियों के महंगाई भत्ते में दो प्रतिशत की वृद्धि कर दी है। कर्मचारियों को अब 60 प्रतिशत की दर से भत्ता मिलेगा। यह जनवरी 2026 से देय होगा। जनवरी से सितंबर नौ माह के एरियर का भुगतान तीन समान मासिक किस्तों में किया जाएगा।
अक्टूबर माह के वेतन (नवंबर में देय) से बढ़े हुए महंगाई भत्ते का नकद भुगतान होगा। पेंशनरों को लिए भी महंगाई राहत (डीआर) में दो प्रतिशत की वृद्धि की गई है। हालांकि, यह इसी वर्ष जुलाई से लागू होगी। सीएम डा. मोहन यादव ने एक्स पर पोस्ट कर सरकार के निर्णय की जानकारी दी और फिर वित्त विभाग ने आदेश जारी किए।
कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 2% बढ़कर 60% हुआ
चतुर्थ श्रेणी को कम से कम तीन सौ और प्रथम श्रेणी अधिकारियों को साढ़े हजार रुपये तक का लाभ हो सकता है। दो प्रतिशत डीए बढ़ाने से सरकार को प्रति वर्ष नौ सौ करोड़ रुपये का व्यय भार आएगा। प्रदेश में सात लाख से अधिक कर्मचारियों को जुलाई 2025 से 58 प्रतिशत की दर से महंगाई भत्ता दिया जा रहा था।
भारत सरकार ने जनवरी 2026 से इसे बढ़ाकर केंद्रीय कर्मचारियों के लिए 60 प्रतिशत किया मगर प्रदेश में वृद्धि लंबित रही। इस बीच भारत सरकार ने महंगाई भत्ते और राहत में तीन प्रतिशत की वृद्धि करके इसे 63 प्रतिशत कर दिया तो प्रदेश सरकार ने दो प्रतिशत महंगाई भत्ता और राहत बढ़ाने का निर्णय कर लिया।
पेंशनरों की महंगाई राहत भी 2% बढ़ी, जुलाई से लागू
वित्त विभाग ने सातवां वेतनमान प्राप्त कर्मचारियों के लिए शुक्रवार को महंगाई भत्ता 58 से बढ़ाकर 60 प्रतिशत करके एक जनवरी 2026 से लागू किया। इसका नकद लाभ नवंबर में देय अक्टूबर के वेतन से होगा।एक जनवरी से 30 सितंबर 2026 तक की अवधि का एरियर भुगतान तीन समान किस्त (नवंबर-दिसंबर 2026 और जनवरी 2027) में होगा।
इस अवधि के बीच सेवानिवृत्त कर्मचारी या जिनका निधन हो गया, उन्हें अथवा नामांकित सदस्य को राशि का एकमुश्त भुगतान किया जाएगा। पेंशनरों की महंगाई राहत में वृद्धि की घोषणा जुलाई से की गई है यानी छह माह का एरियर नहीं मिलेगा। इसके आदेश भी पृथक से जारी होंगे।
किसे कितना लाभ होगा
- प्रथम श्रेणी- 2,462 से 3,500
- द्वितीय श्रेणी- 1,346 से 1,600
- तृतीय श्रेणी- 390 से 1,200
- चतुर्थ श्रेणी- 310 से 800
(नोट:- वेतनमान के अनुसार लाभ अधिक भी हो सकता है।)
वित्त विभाग ने पेंशनरों और परिवार पेंशनरों की महंगाई राहत की दरों में भी वृद्धि के आदेश जारी कर दिए। सातवें वेतनमान वाले पेंशनरों को महंगाई राहत 60 प्रतिशत की दर से मिलेगी। जबकि, छठवें वेतनमान में यह दर 257 प्रतिशत से बढ़कर 262 हो जाएगी। संशोधित दरें एक जुलाई 2026 से प्रभावी होंगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।