यूपी में दिव्यांग छात्राओं को मिलेंगी मुफ्त ई-ट्राईसाइकिल, पेंशन आवेदन भी हुआ सरल
दिव्यांग स्कूली छात्राओं को अब मुफ्त ई-ट्राईसाइकिल मिलेंगी, प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 20 छात्राओं को लाभ मिलेगा। इसके साथ ही, ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
जागरण संवाददाता, आगरा। स्कूल जाने वाली दिव्यांग छात्राओं को अब आवागमन के लिए मुफ्त ई-ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराई जाएगी। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 20-20 ई-ट्राईसाइकिल वितरित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। योजना का लाभ लेने के लिए छात्राओं को ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इसके साथ ही आवेदन की हार्ड कापी जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी कार्यालय में जमा करनी होगी।
हर विधानसभा क्षेत्र में 20 छात्राओं को मिलेगा लाभ
जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ज्ञान देवी ने बताया कि दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, उप्र की ओर से यह योजना संचालित की जा रही है। इच्छुक छात्राएं विभाग की वेबसाइट https://hwd.uphq.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। आवेदन की हार्ड कॉपी विकास भवन, संजय पैलेस स्थित जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी कार्यालय के कमरा नंबर पांच में जमा करनी होगी।
पेंशन के लिए ग्राम सभा प्रस्ताव की अनिवार्यता भी खत्म
दिव्यांगजन पेंशन के लिए आवेदन करने वालों को भी राहत दी गई है। अब ग्रामीण क्षेत्र के दिव्यांगजनों को पेंशन के लिए ऑनलाइन आवेदन करते समय ग्राम सभा के प्रस्ताव की अनिवार्यता नहीं होगी। शासन ने उप्र में निःशक्तजन को उनके भरण-पोषण के लिए अनुदान नियमावली, 2016 के प्रावधानों में संशोधन किया है। इससे पेंशन के लिए आवेदन प्रक्रिया सरल होगी और ग्राम सभा के प्रस्ताव के इंतजार में पात्र दिव्यांगजनों को परेशान नहीं होना पड़ेगा।