विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आगरा के 80000 घरों की CNG सप्लाई ठप: नहीं जले चूल्हे, होटल से मंगानी पड़ीं रोटियां

Published: Wed, 28 Oct 2026 12:57 PM (IST)

ग्रीन गैस के पाइपलाइन मेंटेनेंस कार्य के कारण आगरा में 80 हजार परिवारों की रसोई गैस (PNG) और CNG आपूर्ति ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर।

HighLights

  1. ग्रीन गैस मेंटेनेंस से आगरा में गैस आपूर्ति बाधित।

  2. 80 हजार परिवारों की रसोई गैस प्रभावित हुई।

  3. लोगों ने होटल से खाना मंगवाया, CNG पंप भी बंद।

जागरण संवाददाता, आगरा। ग्रीन गैस द्वारा पाइप लाइन के मेंटेनेंस कार्य ने मंगलवार को हजारों परिवारों की रसोई का बजट और दिनचर्या बिगाड़ दी। सीएनजी की आपूर्ति बाधित होने से करीब 70 हजार घरेलू और 18 हजार व्यावसायिक उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। घरों में खाना बनाने के लिए गैस नहीं मिली तो किसी ने इंडक्शन का सहारा लिया, किसी ने होटल और रेस्टोरेंट से खाना मंगाया।

कई परिवारों को रोटी तक बाहर से मंगानी पड़ी। वहीं, कुछ सीएनजी पंपों पर सन्नाटा पसरा रहा। गैस भरवाने पहुंचे वाहन चालक भी खाली हाथ लौट गए। बुधवार को दोपहर तक परेशानी रह सकती है।

आगरा जनपद में हैं करीब 80 हजार पीएनजी कनेक्शन

जिले भर में लगभग 80 हजार परिवारों के यहां पर पीएनजी गैस कनेक्शन हैं। ताजगंज, फतेहाबाद, राजपुर चुंगी, रोहता, ग्वालियर रोड आदि को छोड़कर लगभग 70 हजार परिवारों में मंगलवार शाम सात से आठ बजे के बीच पीएनजी की सप्लाई बंद हो गई। ट्रांसपोर्ट नगर, खंदारी, दयालबाग, कमला नगर, शास्त्रीपुरम, बिचपुरी आदि क्षेत्रों में पीएनजी की सप्लाई बंद हो गई, जिसके कारण सैकड़ों परिवारों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।

रोज की तरह खाना बनाने की तैयारी कर रहीं महिलाओं को अचानक दूसरे विकल्प तलाशने पड़े। कुछ महिलाओं ने इंडक्शन पर सब्जी तो बना ली, लेकिन रोटी बनाने के लिए होटल का सहारा लेना पड़ा। इससे न केवल परेशानी बढ़ी, बल्कि अतिरिक्त खर्च भी उठाना पड़ा।

घरों में नहीं था एलपीजी सिलिंडर

कुछ परिवारों ने पड़ोसियों की मदद से भोजन तैयार किया। जिन घरों में एलपीजी सिलेंडर की सुविधा थी, वहां पड़ोसियों ने खाना बनाकर जरूरतमंद परिवारों की मदद की। वहीं, जिनके पास खाना बनाने का कोई दूसरा विकल्प नहीं था, उन्हें होटल और रेस्टोरेंट से भोजन मंगाना पड़ा।

सीएनजी पंपों पर भी भटके लोग

सीएनजी की आपूर्ति बाधित होने का असर कुछ पंपों पर भी नजर आया। गैस भरवाने पहुंचे वाहन चालकों को आपूर्ति नहीं मिलने पर वापस लौटना पड़ा। अचानक आई इस समस्या से लोग परेशान रहे। पाइप लाइन के मेंटेनेंस कार्य के चलते आपूर्ति बाधित की गई थी। उपभोक्ताओं को कार्य शुरू होने से पहले इसकी जानकारी देने का दावा किया गया था।

यह भी पढ़ें- आगरा MLC चुनाव में भाजपा की हार: जिले में MP/MLA की भरमार के बावजूद मिली हार

यह भी पढ़ें- आखिरी सांस तक जेल में रहेगा रेप का दोषी ओमवीर: फैसला सुनाते आगरा की पॉक्सो जज ने लिखा, 'अपराध अक्षम्य'

मंगलवार का दिन था। इसलिए उपवास रखा था। पीएनजी न आने की भी पहले से ही जानकारी थी। इसलिए खाना सप्लाई बंद होने से पहले ही बना लिया था, जिसके कारण शाम की परेशानी से बच गए।

-

दीपिका खंडेलवाल, विजय नगर कॉलोनी

दोपहर में चाय पी थी। इसके बाद शाम को खाना बनाने की तैयारी की, तो पता चला कि गैस नहीं आ रही है। इंडक्शन से दाल बना ली। रोटी बनाना संभव नहीं था, इसलिए होटल से रोटी मंगाई।

-

मेघा गुप्ता, कमला नगर

मरम्मत का कार्य चल रहा है। बुधवार सुबह 11 बजे तक सप्लाई शुरू करा दी जाएगी। विशेष परिस्थितियों में ही कोई दिक्कत आ सकती है। ताजंगज, फतेहाबाद आदि क्षेत्र में सप्लाई चल रही है।

-

किशन, पीएनजी, मैनेजर