वाहन चालकों को झटका: दो महीने में दूसरी बार CNG महंगी, चेक करें आगरा का नया रेट
ग्रीन गैस कंपनी ने आगरा में सीएनजी के दाम दो रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ा दिए हैं, जिससे अब यह 107 ...और पढ़ें

आगरा: ताजनगरी स्थित सीएनजी पंप। जागरण
HighLights
आगरा में सीएनजी के दाम दो रुपये प्रति किग्रा बढ़े।
अब सीएनजी 107 रुपये प्रति किग्रा की दर से मिलेगी।
किराए में बढ़ोतरी की आशंका, ऑटो-बस चालक प्रभावित।
जागरण संवाददाता, आगरा। वाहन चालकों को एक और झटका लग गया। ग्रीन गैस कंपनी ने दो माह में दूसरी बार कम्प्रेस्ड नेचुरल गैस (सीएनजी) के रेट में दो रुपये की बढ़ोत्तरी की है। नए रेट रविवार सुबह छह बजे से लागू हो गए हैं। अब 105 रुपये के बदले सीएनजी 107 रुपये प्रति किग्रा में मिल रही है।
105 के बदले अब 107 रुपये प्रति किग्रा सीएनजी
शहर में सीएनजी के 32 पंप हैं, जिसमें हरदिन एक लाख किग्रा गैस की बिक्री होती है। ग्रीन गैस कंपनी ने अगस्त में गैस के रेट में तीन रुपये प्रति किग्रा की बढ़ोत्तरी की थी। इससे रेट 102 से बढ़कर 105 रुपये हो गए थे।
32 पंपों में हर दिन एक लाख किग्रा सीएनजी की होती है बिक्री
शनिवार को दो रुपये प्रति किग्रा की बढ़ोत्तरी की गई। इस साल अब तक छह बार रेट में बदलाव हुए हैं। ग्रीन गैस कंपनी के एक अधिकारी ने बताया कि रविवार सुबह छह बजे से 107 रुपये प्रति किग्रा में सीएनजी की बिक्री की जा रही है।
किराये में होगी बढ़ोत्तरी
शहर में 10 हजार से अधिक सीएनजी ऑटो और 1100 स्कूली बसें हैं। इसके अलावा कार सहित अन्य वाहन हैं। सीएनजी के रेट में बढ़ोत्तरी का असर किराये पर पड़ सकता है। ऑटो चालक दो से चार रुपये तक किराये में बढ़ोत्तरी कर सकते हैं।
