विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

80 करोड़ रुपये से सजेगा छत्रपति शिवाजी महाराज संग्रहालय: 7-डी गैलरियां और इंटरैक्टिव तकनीक, आगरा में टेंडर जारी

Published: Sat, 10 Oct 2026 07:10 AM (GMT+05:30)

आगरा में छत्रपति शिवाजी महाराज संग्रहालय 80 करोड़ रुपये से संवरेगा, जिसमें इंटरैक्टिव तकनीक, वर्चुअल रियलिटी और 7-डी इफेक्ट्स वाली ...और पढ़ें

आगरा में निर्माणाधीन छत्रपति शिवाजी महाराज संग्रहालय में काम पूरा होने के बाद इस तरह की गैलरी बनाई जाएंगी। सौजन्य पर्यटन विभाग

आगरा में निर्माणाधीन छत्रपति शिवाजी महाराज संग्रहालय में काम पूरा होने के बाद इस तरह की गैलरी बनाई जाएंगी। सौजन्य पर्यटन विभाग

HighLights

  1. संग्रहालय 80 करोड़ रुपये से इंटरैक्टिव तकनीक, वर्चुअल रियलिटी से सजेगा।

  2. शिवाजी के पलायन पर 7-डी तकनीक, साउंड एंड लाइट शो होगा।

  3. पर्यटन विभाग ने गैलरियों के निर्माण हेतु टेंडर जारी किया है।

जागरण संवाददाता, आगरा। ताजमहल के पास बन रहा छत्रपति शिवाजी महाराज संग्रहालय 80 करोड़ रुपये से सजेगा। संग्रहालय में बनने वाली सात गैलरियों में इंटरएक्टिव टेक्नीक, वर्चुअल रियलिटी, साउंड एंड लाइट शो और डिजिटल आर्काइव का प्रयोग होगा।

छत्रपति शिवाजी के औरंगजेब की कैद से बचकर निकलने की साहसिक योजना पर आधारित गैलरी में सेवन-डी टेक्नीक, डिजिटल साउंड, लाइट और साउंड इफेक्ट का प्रयोग होगा। पर्यटन विभाग ने इसके लिए टेंडर कर दिया है, जिसमें भाग लेने की अंतिम तिथि 12 अक्टूबर है।

198.84 करोड़ रुपये से बन रहा भवन 30 नवंबर तक पूरा होगा

शिल्पग्राम के समीप 5.9 एकड़ भूमि में निर्माणाधीन संग्रहालय के 198.84 करोड़ रुपये से बन रहे भवन का काम 30 नवंबर तक पूरा करने का लक्ष्य टाटा प्रोजेक्ट्स को दिया गया है। पर्यटन विभाग द्वारा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की आदर्श आचार संहिता लागू होने से पूर्व टेंडर प्रक्रिया पूरा करने को कवायद शुरू कर दी गई है।

पर्यटन विभाग ने जारी किया टेंडर, 12 अक्टूबर है अंतिम तिथि

संग्रहालय में क्षत्रपति शिवाजी महाराज पर आधारित एक पूरी गैलरी होगी। 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के साथ प्राचीन शस्त्रों की जानकारी मिलेगी। काशी की महाशिवरात्रि, देव दीपावली, ब्रज का श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, प्रयागराज के महाकुंभ के साथ प्रदेश की नदियों गंगा, यमुना, सरयू और घाघरा से जुड़ी आस्था, संस्कृति व लोक जीवन का चित्रण होगा। आगरा गैलरी में शहर की स्थापत्य कला व सांस्कृतिक विरासत दिखेगी। क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी शक्ति सिंह ने बताया कि संग्रहालय में बनने वाली गैलरियों और अन्य कार्यों के लिए टेंडर कर इच्छुक फर्मों से आवेदन मांगे गए हैं। आचार संहिता लागू होने से पूर्व वेंडर का चयन किया जाएगा।

एक वर्ष करना होगा इंतजार

क्षत्रपति शिवाजी संग्रहालय को पर्यटन विभाग द्वारा दिसंबर, 2026 तक पर्यटकों के लिए खोले जाने की घोषणा की गई थी। नियत समय पर संग्रहालय शुरू नहीं हो सकेगा।गैलरियां बनाने और अन्य काम पूरा होने में करीब एक वर्ष का समय लगेगा।

मुख्यमंत्री ने बदला था नाम

जनवरी, 2016 में बिजली विभाग की सीमेंटेड पोल फैक्ट्री की भूमि पर मुगल संग्रहालय का निर्माण शुरू हुआ था। प्रीकास्ट टेक्नीक के प्रयोग से बना यह प्रदेश का पहला सरकारी भवन है। सितंबर, 2020 में आगरा मंडल की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संग्रहालय का नामकरण छत्रपति शिवाजी महाराज के नाम पर करने के निर्देश दिए थे। सरकार की संग्रहालय को भारत के स्वाभिमान, सांस्कृतिक वैभव और वीरता के प्रेरणा स्थल के रूप में विकसित करने की है।

यह भी पढ़ें- किसानों को खाद के लिए नहीं लगानी होगी लाइन, 'उर्वरक सेतु' एप से घर बैठे करें बुकिंग