विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आगरा में 200 घरों पर चलेगा बुलडोजर! NGT में रिट के बाद सिंचाई विभाग ने दिए बापू नगर के कब्जेदारों को नोटिस

Published: Tue, 15 Sep 2026 10:19 AM (IST)Updated: Tue, 15 Sep 2026 02:17 PM (IST)

Agra News: एनजीटी में रिट दायर होने के बाद आगरा के बापू नगर में सिंचाई विभाग की बेशकीमती जमीन पर ...और पढ़ें

Agra News: बापू खंदारी नगर में सोमवार को क्षेत्रीय लोगों से बात करते राज्यसभा सदस्य रामजीलाल सुमन। सौजन्य सपा

Agra News: बापू खंदारी नगर में सोमवार को क्षेत्रीय लोगों से बात करते राज्यसभा सदस्य रामजीलाल सुमन। सौजन्य सपा

HighLights

  1. एनजीटी में रिट के बाद सिंचाई विभाग की नींद खुली।

  2. बापू नगर में 200 कब्जेदारों को जमीन खाली करने का नोटिस।

  3. विभाग की बेशकीमती जमीन पर लंबे समय से था अवैध कब्जा।

जागरण संवाददाता, आगरा। Agra News: खंदारी के बापू नगर में सिंचाई विभाग की बेशकीमती जमीन पर कब्जे के मामले में राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) में रिट दायर होने के बाद विभाग की नींद खुली है। सिंचाई विभाग ने बापू नगर के लगभग 200 लोगों को नोटिस जारी कर जमीन खाली करने के लिए कहा है। लंबे समय से कब्जे के बावजूद अब तक जमीन खाली कराने के लिए ठोस कार्रवाई न होने पर विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
बापू नगर में सिंचाई विभाग की जमीन से सिकंदरा रजवाहा गुजरता है, जो अब अस्तित्व में नहीं है। नहर और विभाग की जमीन के बड़े हिस्से पर लोगों के कब्जे होने की बात सामने आई है।

आरोप है कि बहुमूल्य सरकारी जमीन पर कब्जे की जानकारी होने के बावजूद विभाग ने इसे खाली कराने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए। कब्जे लगातार बने रहे और जमीन का इस्तेमाल लोग अपने स्तर पर करते आ रहे हैं।

बापू नगर में सिंचाई विभाग की जमीन पर लंबे समय से कब्जे का आरोप

अब एनजीटी में रिट दायर होने की जानकारी विभागीय अधिकारियों को हुई है, तो आनन-फानन में करीब 200 कब्जेदारों को नोटिस जारी किए गए हैं। नोटिस में संबंधित लोगों से जमीन खाली करने को कहा गया है। विभागीय स्तर पर इसे कार्रवाई के तौर पर प्रस्तुत किया जा रहा है, लेकिन सवाल यह है कि यदि कब्जा लंबे समय से था तो पहले उसे हटाने के लिए प्रयास क्यों नहीं किए गए।

यह भी पढ़ें- विधानसभा चुनाव 2027 में सवर्णों को साधने की रणनीति: बसपा घोषित करेगी बाह्मण प्रत्याशी, खेरागढ़ से नीरज रावत को उतारा

यह भी पढ़ें- राजस्थान का आगरा में जयपुर रियासत की संपत्तियों पर दावा, 1952 के विलय समझौते का हवाला

एनजीटी में मामला पहुंचने के बाद कार्रवाई

मामले में यह भी चर्चा है कि एनजीटी की ओर से विभाग से जवाब-तलब किए जाने से पहले नोटिस जारी कर कार्रवाई की औपचारिकता पूरी कर ली गई। अब देखना होगा कि नोटिस के बाद वास्तव में जमीन खाली कराई जाती है या मामला कागजी कार्रवाई तक ही सीमित रह जाता है।

अधिशासी अभियंता, सिंचाई नीरज कुमार का कहना है कि नोटिस जारी किए गए हैं। नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

किसी भी गरीब को उसके घर से बेदखल नहीं होने देंगे

सिंचाई विभाग द्वारा खंदारी के बापू नगर में बने 200 मकानों को नोटिस दिए जाने के बाद राजनीति गरमा गई है। सपा के राज्यसभा सदस्य रामजीलाल सुमन सोमवार की शाम बापू नगर पहुंचे और परेशान लोगों के साथ बैठक की। उन्होंने एलान किया कि किसी भी गरीब को उसके घर से बेदखल नहीं होने दिया जाएगा।

80 वर्षों से बापू नगर में रह रहे गरीबों को नोटिस भेजकर भयाक्रांत किया जा रहा 

सिंचाई विभाग द्वारा जारी नोटिस पर प्रतिक्रिया देते हुए रामजीलाल सुमन ने कहा कि 80 वर्षों से बापू नगर में रह रहे गरीबों को नोटिस भेजकर भयाक्रांत किया जा रहा है। अमीरों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। सिंचाई विभाग की बेशकीमती भूमि पर अवैध कब्जे हो गए हैं। एडीए द्वारा बड़े व्यावसायिक कांप्लेक्स और शोरूम के मानचित्र बिना भू-स्वामित्व देखे स्वीकृत किए गए हैं। बापू नगर को उजाड़ने से पहले प्रशासन समान कार्रवाई करे। धर्मेंद्र यादव, सोमेश गुप्ता, बंटी यादव, आशु शर्मा, उमेश यादव, विनीत यादव आदि उपस्थित रहे।