आखिर क्यों बोले आकाश आनंद? अखिलेश यादव और रामगोपाल दलितों से माफी मांगें
आगरा में बसपा संयोजक आकाश आनंद ने सपा, कांग्रेस और भाजपा पर जमकर निशाना साधा, अखिलेश और रामगोपाल से दलितों के अपमान पर माफी मांगने को कहा। उन्होंने भाजपा सरकार से शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा पर हिसाब मांगा और सर्वेश बघेल को प्रत्याशी घोषित किया।

आगरा की रैली में बसपा के राष्ट्रीय संयोजक भाषण के दौरान। जागरण
HighLights
सपा के दलित महासम्मेलन पर आकाश आनंद का हमला।
अखिलेश और रामगोपाल से दलित समाज से माफी की मांग।
भाजपा सरकार से शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा पर मांगा हिसाब।
जागरण संवाददाता, आगरा। विधानसभा चुनाव के लिए दलित वोट बैंक में हिस्सेदारी बढ़ाने में जुटी भाजपा, सपा, कांग्रेस पर बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद जमकर बरसे। सपा के दलित महासम्मेलन को आड़े हाथ लिया। कहा कि पूरा सेट सजाया गया, अच्छी स्क्रिप्ट लिखी गई, हीरो तैयार बैठा था, मीडिया को भी बुलाया गया लेकिन साइड एक्टर यानी प्रो. रामगोपाल ने मंच के सामने शोर मचा रहे लोगों को मूर्ख कह दिया। जिसकी नीयत में खोट उसकी जुबान देर सबेरे गवाही दे ही देती है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और प्रो. रामगोपाल को दलित समाज से माफी मांगनी चाहिए।
आकाश ने कहा कि एससी, एसटी, ओबीसी और मुस्लिम समाज का कांग्रेस ने वोट लिया लेकिन उनके लिए कुछ नहीं किया। उन्होंने प्रदेश में भाजपा की 10 वर्ष की सरकार में शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा का हिसाब मांगा।
एत्मादपुर के मॉडल स्कूल में रविवार को आयोजित जनसभा में बसपा से सर्वेश बघेल को प्रत्याशी घोषित करते हुए बसपा की पूर्व की सरकार में नोएडा एक्सप्रेस वे से लेकर आगरा के लिए किए गए कार्यों को भी गिनाया।
बसपा के राष्ट्रीय संयोजक ने भाजपा सरकार से मांगा जवाब
बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद दोपहर दो बजे मंच पर पहुंचे, कहा कि हमें विरोधियों के साम, दाम, दंड भेद में नहीं भंसना है। आपको गुमराह करने के लिए पूरी बारात आएगी, कुछ लोग गुजरात से आएंगे तो कुछ मठ से बाहर आएंगे और कुछ लोग इटावा और सैफई छोड़कर आगरा आएंगे। भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि दो दो शोपीस उप मुख्यमंत्री बनाए, एक ब्राह्मण और एक पिछड़े वर्ग से आते हैं लेकिन सुनवाई किसी की नहीं होती है। इसमें भी दलित समाज को जगह नहीं दी, उन्हें पता है कि जिस दिन दलित समाज के हाथ में कलम आ गई वह हिसाब मांगेंगे।
यह भी पढ़ें- आगरा में गरजे आकाश आनंद: सपा-कांग्रेस को बताया बीजेपी की B टीम, सर्वेश बघेल प्रत्याशी घोषित
शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा पर मांगा हिसाब
आकाश ने कहा कि 10 वर्ष में भाजपा से शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा का हिसाब मांगते हुए कहा कि प्रदेश में 25 हजार से स्कूल बंद हो गए, 1.40 लाख से ज्यादा शिक्षकों के पद खाली हैं। यह कैसी व्यवस्था है सरकार ने भर्तियां नहीं कीं, इससे शिक्षक नहीं मिले और शिक्षकों की कमी बताकर स्कूल बंद कर दिए। बोले ये सरकार नहीं चला रहे सीरियल की शूटिंग कर रहे हैं। थाने में एफआईआर दर्ज कराने जाओ तो पुलिस पर कमल नहीं मिलती कैमरा मिलता है, आरोपी पकड़ा जाता है तो उसका कैमरे के सामने लगड़ाकर वीडियो बना लेते हैं। जबकि हत्या के मामले में उत्तर प्रदेश नंबर वन पर है, हर वर्ष तीन हजार से ज्यादा हत्याएं होती हैं, महिलाएं असुरक्षित हैं, हमारी बहन बेटियों को वीडियो नहीं सुरक्षा चाहिए।
सरकार ने हमारे टैक्स के सात हजार करोड़ रुपये प्रचार में खर्च कर दिए
आकाश ने कहा कि सरकार ने झूठी तारीफ के प्रचार पर हमारे टैक्स के सात हजार करोड़ रुपये खर्च कर दिए। जबकि प्रदेश में 13 लाख से अधिक खाली पदों को भरने के लिए पैसे नहीं हैं। युवा वर्ष भर पढ़ाई करते हैं, परीक्षा केंद्र तक पहुंचते हैं उससे पहले पेपर लीक हो जाता है। 2014 में भाजपा ने नारा दिया था बहुत हुई महंगाई की मार, अबकी बार मोदी सरकार लेकिन अब गैस सिलेंडर से लेकर पेट्रोल पर महंगाई है। महंगाई धर्म पूछकर नहीं आती है, बेरोजगारी जाति पूछकर परेशान नहीं करती है और पेपर लीक सरनेम देखकर नहीं होता है। राजनीतिक दल जाति धर्म के नाम पर बांटेंगे, इन दलों के कार्यालय में इंसानों की पहचान एक्सेल शीट के डेटा प्वाइंट तक सीमित है।
बसपा के राष्ट्रीय संयोजक ने कहा कि विरोधी दल बसपा को भाजपा की बी पार्टी कहते हैं लेकिन सपा ने राज्यसभा चुनाव के लिए पीडीए की जगह उद्योगपति को टिकट दी, जबकि उनके पिता भाजपा से राज्यसभा सदस्य हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी कह चुके हैं कि अखिलेश मेरे मित्र हैं कभी कभी मदद कर देते हैं इसलिए सपा और कांग्रेस ही भाजपा की बी पार्टी हैं।
लात मारकर दरवाजा खुलवाकर सत्ता में बैठेंगे
आकाश आनंद ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती बार बार कहती हैं कि मालिक बनना है तो सत्ता की मास्टर चाबी अपने हाथ्ज्ञ में लेनी चाहिए। 70 वर्ष से बस इंतजार कर रहे हैं लेकिन इस बार सत्ता नहीं मिली तो लात मारकर दरवाजा खोलकर सत्ता में बैठेंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।