आगरा में गरजे आकाश आनंद: सपा-कांग्रेस को बताया बीजेपी की B टीम, सर्वेश बघेल प्रत्याशी घोषित
आगरा के एत्मादपुर में बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद ने जनसभा को संबोधित किया, जहां उन्होंने सर्वेश बघेल को प्रत्याशी घोषित किया। उन्होंने यूपी सरकार पर बेरोजगारी, पेपर लीक और खराब कानून व्यवस्था को लेकर निशाना साधा, साथ ही सपा पर भी रंग बदलने का आरोप लगाया।

HighLights
आकाश आनंद ने एत्मादपुर से सर्वेश बघेल को बसपा प्रत्याशी घोषित किया।
यूपी में 2 करोड़ से अधिक युवा बेरोजगार, पेपर लीक मुद्दा।
सरकार पर स्कूल बंद करने, शिक्षकों के पद खाली रखने का आरोप।
जागरण संवाददाता, आगरा। यूपी विधानसभा चुनाव में अपनी खोई जमीने हासिल करने के लिए बसपा जोर लगा रही है। आगरा के एत्मादपुर में रविवार को बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद ने मॉडल स्कूल के मैदान में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने एत्मादपुर विधानसभा से बसपा प्रत्याशी सर्वेश बघेल के नाम की घोषणा की।
बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद ने कहा कि आप लोग 6 दिसंबर के लिए तैयार रहिए खुद बहनजी आपके बीच मे संदेश देंगी। लोग कहते हैं कि आकाश गुस्से में बहुत बोलता है, लेकिन आज मैं गुस्सा नहीं करूंगा। आपको गुमराह करने के लिए पूरी बरात आने वाली है।
आकाश ने कहा कि होर्डिंग पर पर उत्तर प्रदेश नंबर वन पर है, हमारे टैक्स का 7000 करोड रुपए खर्च कर चुके हैं, लेकिन झांसी के अस्पताल में आग से बचने का उनके पास इंतजाम नहीं है। 13 लाख से ज्यादा सरकारी पद खाली हैं, इनके पास पैसे नहीं हैंं। युवा तैयारी करते हैं लेकिन पेपर लीक हो जाते हैं, इनका लीक हुआ पेपर समय से पहले पहुंच जाता है।
हत्याओं के मामले में यूपी नंबर वन
बसपा के राष्ट्रीय संयोजन ने कहा कि हत्याओं के मामले में उत्तर प्रदेश नंबर वन है, आरोपी को कैमरे के सामने लंगड़ाकर चलाया जाता है। सरकार के 10 साल के कार्यकाल में 25000 से ज्यादा स्कूल बंद हैं। सरकार कहती है कि हमने बंद नहीं किया स्कूल मिला दिए। 140000 से ज्यादा शिक्षक के पद खाली पड़े हैं।
यूपी में दो करोड़ से ज्याद बेरोजागर
आकाश आनंद ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 2 करोड़ से ज्यादा नौजवान बेरोजगार है। हर साल फॉर्म भरते हैं, फीस भरते हैं और परीक्षा भी देते हैं और फिर खबर आती है पेपर लीक हो गया। हमारे नौजवान की उम्र निकल ही आ रही है अभी जांच चल रही है।
बीजेपी की असली बी टीम सपा और कांग्रेस
आकाश ने कहा कि सरकार में बहुजन महापुरुषों के नाम पर जिले बनाए गए, सपा सरकार आते ही नाम बदल दिए। कांग्रेस और सपा हमें बीजेपी की बी टीम कहते हैं, जबकि बीजेपी की असली बी टीम सपा और कांग्रेस हैं। एक तरफ से तीन पार्टी हैं और दूसरी तरफ बसपा।
दो बार चुनाव में छह सीटें जीत चुकी हैं बसपा
बसपा ने वर्ष 2007 और 2012 में आगरा की नौ विधानसभा सीटों में से छह पर जीत हासिल की थी। 2009 में फतेहपुर सीकरी सीट से बसपा से सीमा उपाध्याय ने चुनाव जीता था, मगर 2017 और 2022 के चुनावों में बसपा खाता नहीं खोल सकी थी। विधानसभा चुनाव 2027 के लिए बसपा ने सितंबर में खेरागढ़ से नीरज रावत को प्रत्याशी घोषित किया था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।