Move to Jagran APP

Agra: बहादुर बेटी ने मनचले को सिखाया सबक, बुरी नीयत से दबोचने पर डंडे से पीटा, पुलिस ने पकड़ा तो जोड़े हाथ

Agra News अकेली देखकर शोहदे ने किशोरी को कमरे में बुलाकर गलत काम करने की कोशिश की। किशोरी ने डंडे से पीटा आरोपित के गिरने पर दूसरे कमरे में जाकर खुद को किया बंद। किशोरी की हिम्मत की कर रहे सभी सराहना परिवार है गरीब।

By Jagran NewsEdited By: Abhishek SaxenaTue, 31 Jan 2023 07:51 AM (IST)
Agra: बहादुर बेटी ने मनचले को सिखाया सबक, बुरी नीयत से दबोचने पर डंडे से पीटा, पुलिस ने पकड़ा तो जोड़े हाथ
Agra News: शोहदे को डंडे से पीटकर किशोरी ने बचाई इज्जत।

आगरा, जागरण संवाददाता। शोहदों के लिए यह सबक है और खुद को अबला समझने वाली नारियों के लिए संदेश।शोहदे के शिकंजे में फंसने के बाद 15 वर्ष की किशोरी ने हिम्मत से काम लिया। उसने बचाओ.. बचाओ.. की पुकार लगाने के बजाय कमरे में रखे डंडे को बचाव का हथियार बना लिया।डंडे से प्रहार कर आरोपित को फर्श पर गिरा दिया। इसके बाद भागकर खुद को दूसरे कमरे में बंद कर लिया। पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कर उसे जेल भेज दिया। किशोरी की हिम्मत की क्षेत्र के लोग प्रशंसा कर रहे हैं।

किराए पर रहते हैं कई परिवार

मामला ताजगंज थाना क्षेत्र का है। किशोरी का परिवार जिस मकान में किराए पर रहता है उसमें कई अन्य परिवार किराए पर रहते हैं। रविवार शाम किशोरी घर में अकेली थी। पड़ोस में रहने वाले 35 वर्षीय आटो चालक विजय ने किशोरी को मकान में खाली पड़े कमरे में बुलाया। इसके बाद उसे बुरी नीयत से दबोच लिया। आरोपित के मंसूबे किशोरी समझ गई। उसके बाद वह उस पर आक्रामक हो गई।

कमरे में रखा था डंडा

एसीपी सदर अर्चना सिंह ने बताया कि कमरे में रखा डंडा उठाकर किशोरी ने पहला प्रहार आरोपित के सिर पर किया। सिर में डंडा लगते ही वह गिर पड़ा। इसके बाद उस पर कई डंडे बरसाए। ऐसे में आरोपित उठ नहीं सका। मौका पाकर किशोरी ने वहां से दौड़ लगाई और शोर मचाती हुई अपने कमरे में आ गई। अंदर से कुंडी भी बंद कर ली। तब तक किशोरी के माता-पिता और आसपास के लोग पहुंच गए।

ये भी पढ़ें...

एस्कार्ट सर्विस के नाम पर ठगी में पूर्व चेयरमैन समेत तीन गिरफ्तार, लड़कियों से दोस्ती का झांसा देकर फंसाते थे

आरोपित को मौके से दबोचा

आरोपित को मौके पर ही दबोच लिया गया। वह नशे में था। पकड़े जाने पर वह हाथ जोड़ने लगा। ताजगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। तहरीर के आधार पर आरोपित के खिलाफ छेड़छाड़, पाक्सो एक्ट और एससी/एसटी एक्ट की धारा के तहत अभियोग लिखा गया। सोमवार को आरोपित विजय को जेल भेज दिया। आरोपित मूलत: सैंया क्षेत्र का निवासी है। लोडिंग टेंपो चलाता है।