हवाई हमले की चेतावनी का सायरन और ब्लैक आउट, ताजमहल के शहर में मॉक ड्रिल में इमरजेंसी सेवाओं का परीक्षण
आगरा के पुलिस लाइन मैदान में 'सिविल डिफेंस एयर रेड, ब्लैक आउट मॉक एक्सरसाइज-2026' आयोजित की गई। इसमें हवाई हमले की चेतावनी, ब्लैक आउट, आग बुझाने और घायलों के उपचार का अभ्यास कर आपातकालीन सेवाओं की तैयारी परखी गई।

मॉक ड्रिल के दौरान कर्मचारी।
HighLights
हवाई हमले की चेतावनी पर ब्लैक आउट का अभ्यास किया गया।
आग बुझाने, घायलों को प्राथमिक उपचार देने का प्रदर्शन हुआ।
विभिन्न विभागों ने समन्वय से आपातकालीन तैयारियों का अभ्यास किया।
जागरण संवाददाता, आगरा। हवाई हमले की चेतावनी का सायरन बजते ही पुलिस लाइन मैदान के आसपास ब्लैक आउट किया गया। इसके बाद आग बुझाने, घायलों को प्राथमिक उपचार देने और अस्पताल पहुंचाने की तैयारियों का अभ्यास हुआ। मौका था आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारी परखने का, रविवार शाम पुलिस लाइन मैदान में ‘सिविल डिफेंस एयर रेड, ब्लैक आउट मॉक एक्सरसाइज-2026’ आयोजित की गई।
प्रमुख सचिव (नागरिक सुरक्षा) के निर्देश और जिलाधिकारी मनीष बंसल के निर्देशन में हुई मॉक ड्रिल में विभिन्न विभागों ने समन्वय के साथ काम किया।
पुलिस लाइन मैदान में सिविल डिफेंस एयर रेड, ब्लैक आउट मॉक ड्रिल का आयोजन
अभ्यास शाम छह बजे हवाई हमले की चेतावनी वाले लंबे सायरन के साथ शुरू हुआ। सायरन बजते ही टोरेंट पावर ने आसपास के क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद कर दी। मैदान में मौजूद नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों और प्रतिभागियों ने सुरक्षित शेल्टर में जाकर बचाव का अभ्यास किया। पांच मिनट बाद खतरा टलने का संकेत देने वाला सायरन बजा और बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई। इसके बाद राहत एवं बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया गया। अग्निशमन विभाग की टीमों ने आग पर काबू पाया।
आग बुझाने से लेकर घायलों को अस्पताल पहुंचाने तक की तैयारियों की परख
नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों और एनसीसी-एनएसएस कैडेटों ने घायलों को मौके पर प्राथमिक उपचार दिया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एम्बुलेंस से घायलों को पास के अस्पताल पहुंचाने का अभ्यास किया, जबकि पुलिस ने यातायात और शांति व्यवस्था संभाली।
यह भी पढ़ें- सोने-चांदी की कीमतों में आई भारी गिरावट, कितनी करें खरीदारी ? जानिए विशेषज्ञों की सलाह
लोगों को पहले से किया था सचे़त
अफवाहों से बचने के लिए प्रशासन ने आसपास के लोगों को पहले ही बता दिया था कि यह मॉक ड्रिल है। इस दौरान एडीएम सिटी यमुनाधर चौहान, डीसीपी सिटी रविंद्र कुमार, एसीपी अमीषा व प्रीता, उप नियंत्रक मुनेश कुमार गुप्ता, सहायक उप नियंत्रक गुलाम नबी, डिप्टी चीफ वार्डन भूपेंद्र शिवहरे सहित शिक्षा और लोक निर्माण विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।