आगरा BJP में सब कुछ ठीक नहीं... विधायक चौधरी बाबूलाल ने सांसद राजकुमार पर की विवादित टिप्पणी, लखनऊ पहुंचा मुद्दा
चौधरी बाबूलाल के विवादित बयान ने आगरा भाजपा में गुटबाजी को हवा दे दी है, जिसमें उन्होंने सांसद राजकुमार चाहर ...और पढ़ें

आगरा: अछनेरा के कचौरा में हुई सभा में बोलते विधायक चौधरी बाबूलाल। वीडियो ग्रैब
HighLights
विधायक चौधरी बाबूलाल ने सांसद राजकुमार चाहर पर साधा निशाना।
बाबूलाल ने सांसद की खतौनी निकलवाकर जांच कराने को कहा।
विवादित बयान से आगरा भाजपा में गुटबाजी फिर तेज हुई।
जागरण संवाददाता, आगरा। चौधरी बाबूलाल के विवादित बोल ने भाजपा में गुटबाजी को पुन: हवा दे दी है। एक सभा में सांसद राजकुमार चाहर का नाम लिए बगैर खतौनी निकलवाकर जांच कराने की बात कही। सभा का 4.54 मिनट का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से हुए संवाद को सार्वजनिक करने का मामला सोमवार को लखनऊ तक पहुंच गया है।
फतेहपुर सीकरी से भाजपा विधायक चौधरी बाबूलाल और सांसद राजकुमार चाहर के बीच पुरानी राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता है। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी राजकुमार चाहर के विरुद्ध चौधरी बाबूलाल के बेटे डॉ. रामेश्वर चौधरी ने निर्दलीय ताल ठोंकी थी।
अछनेरा के एक गांव में हुई सभा में बिना नाम लिए सांसद पर साधा निशाना
विधान सभा चुनाव से पहले इस बार बाबूलाल ने फिर बिना नाम लिए राजकुमार चाहर पर निशाना साधा है। इंटरनेट मीडिया में प्रसारित हो रहे सभा के वीडियो में बाबूलाल कह रहे हैं कि उन पर मर्डर का केस लगा था। वह सही थे, इसलिए उन पर कार्रवाई नहीं हुई।
सभा में मुख्यमंत्री का नाम भी लिया, लखनऊ तक पहुंचा मामला
मुख्यमंत्री का जिक्र करते हुए वह कहते हैं कि एक दफा उन्होंने महाराज जी से कहा कि सभी के खिलाफ कार्रवाई हो रही है। अपने एमपी-एमएलए को भी तो देखिए कि वह सही काम कर रहे हैं या गलत काम कर रहे हैं। इन्हें भी तो रगड़िए। इस पर वह हंस गए और बोले कि कोई चक्कर है। मैंने कहा कि कोई चक्कर नहीं है। वह समझ गए, होशियार आदमी हैं। आपका सांसद तो यूं कह रहा है कि 400 बीघा जमीन बेचकर राजनीति कर रहा हूं।
सांसद ने इस मामले में कुछ नहीं कहा
बाबूलाल बोले कि महाराज साहब जांच करा लीजिए... खेरागढ़ तहसील से खतौनी मंगा लीजिए। मालूम चल जाएगा कि इसके बाबा के नाम कितनी जमीन थी? पिता के नाम कितनी जमीन आई और उसमें से कितनी बिक गई। आपको सब पता चल जाएगा, हमें कहने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इस पर वह बड़ी जोर से हंसे। बोले हम नहीं बता रहे हैं। आप सरकार में बैठे हैं, जांच करा लीजिए। हमने कभी लंबी-चौड़ी नहीं हांकी है...। सांसद राजकुमार चाहर इस मामले पर कुछ नहीं बोल रहे हैं। उनका कहना है कि निराधार बातों पर उन्हें कुछ नहीं कहना है।
