दंगल के रोमांचक मुकाबलों के साथ बटेश्वर मेले का समापन, भोला पहलवान ने जीती एक लाख की कुश्ती
उत्तर भारत के प्रसिद्ध बटेश्वर मेले का समापन अखिल भारतीय कुश्ती दंगल के रोमांचक मुकाबलों के साथ हुआ।

कुश्ती दंगल में विजेता भोला पहलवान को पुरस्कार प्रदान करती डाॅ. मंजू भदौरिया व रामसकल गुर्जर। जागरण
HighLights
बटेश्वर मेले का समापन अखिल भारतीय कुश्ती दंगल के साथ।
भोला पहलवान ने एक लाख की अंतिम कुश्ती जीती।
महिला पहलवानों ने भी दंगल में दिखाया अपना दमखम।
जागरण संवाददाता, आगरा। उत्तर भारत के प्रसिद्ध बटेश्वर पशु एवं लोक मेले का समापन शनिवार को अखिल भारतीय कुश्ती दंगल के रोमांचक मुकाबलों के साथ हुआ। दंगल की सबसे बड़ी और अंतिम कुश्ती एक लाख रुपये की इनामी रही। इसमें हरियाणा के काशनी निवासी भोला पहलवान ने दिल्ली के सुमित पहलवान को चित कर एक लाख रुपये का इनाम अपने नाम किया।
मुकाबले को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक जुटे रहे। देश के विभिन्न राज्यों से आए पुरुष और महिला पहलवानों ने अपने दमखम और दांव-पेच से दर्शकों को रोमांचित किया। 500 रुपये से शुरू हुई कुश्तियों में कई रोचक मुकाबले देखने को मिले।
अन्य मुकाबलों में 31 हजार रुपये की कुश्ती में खेड़ागढ़ के हरेंद्र पहलवान ने राजस्थान के अलवर निवासी दश्यम पहलवान को हराया। हरियाणा के गोलू पहलवान ने मुन्नू पहलवान को पराजित कर 21 हजार रुपये की कुश्ती जीती। ग्वालियर के बल्लू पहलवान ने मुरैना के अजय पहलवान को हराकर 15 हजार रुपये का इनाम हासिल किया।
फिरोजाबाद के विक्रम पहलवान ने दिल्ली के रोहित पहलवान को पराजित कर 31 हजार रुपये की कुश्ती अपने नाम की। बरहा के अंकुश पहलवान ने आगरा के पप्पन पहलवान को हराकर 11 हजार रुपये जीते। वहीं, आगरा के खिल्ला पहलवान ने बरहा के सुमित पहलवान को हराकर 7100 रुपये की कुश्ती जीती।
दंगल का उद्घाटन जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया, पूर्व खेल मंत्री रामसकल गुर्जर और डॉ. राजेंद्र सिंह ने पहलवानों से परिचय प्राप्त कर किया। मुकाबलों के समापन पर विजेता पहलवानों को प्रतीक चिह्न के रूप में गदा, चेक और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया।
दंगल में निर्णायक की भूमिका राजेश्वर रेफरी, तेज बहादुर मथुरा, पप्पू राम मोहन की गढ़ी और राजकुमार मुरैना ने निभाई। इस मौके पर मेला अपर मुख्य अधिकारी मुकेश जैन, मेला अधिकारी मासूम रजा, ब्लाक प्रमुख लालसिंह चौहान, अलकेंद्र जादौन, बीटू भदौरिया, भाव सिंह नरवरिया, मानवेन्द्र सिंह, अजय भदौरिया, मेला इंजीनियर लव शर्मा, सुभाष, ललित और चौकी प्रभारी अनुज नागर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
महिला पहलवानों ने भी दिखाया दमखम
दंगल में महिला पहलवानों ने अपने दांव पेंच से दर्शकों को दांतों तले अंगुली दबाने को मजबूर कर दिया। गांवनी की चहार पहलवान ने इटावा की लक्ष्मी पहलवान को चित कर 5100 रुपये का इनाम जीता। अयोध्या की रेखा पहलवान ने मेरठ की पूजा पहलवान को पराजित कर 5100 रुपये की कुश्ती अपने नाम की।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।