BMW से भी महंगे हैं ये घोड़े, बटेश्वर मेले में बादल और चेतक बने आकर्षण, तीन करोड़ से अधिक कीमत
उत्तर भारत के प्रसिद्ध बटेश्वर पशु मेले में इस साल तीन-तीन करोड़ रुपये के घोड़े 'बादल' और 'चेतक' मुख्य आकर्षण ...और पढ़ें

बटेश्वर मेले में पहुंचे बादल और चेतक।
HighLights
कमल कांत त्यागी के घोड़े बीएमडब्ल्यू से भी महंगे बताए गए
पशु मेले में उमड़ रही है बेशकीमती घोड़ों को देखने भीड़
संवाद सूत्र, बटेश्वर (आगरा)। महंगी कारों के दौर में अगर घोड़ों की कीमत सुनेंगे तो चौंक जाएंगे। उत्तर भारत के प्रसिद्ध बटेश्वर पशु एवं लोक मेले में घोड़ों की आवक तेज होने के साथ ही पशु बाजार की रौनक बढ़ने लगी है। मेले के शुभारंभ में अभी छह दिन शेष हैं, लेकिन देशभर के घोड़ा व्यापारी अपनी बेशकीमती नस्लों के घोड़ों के साथ पहुंचने लगे हैं। इनमें बीएमडब्ल्यू और मर्सिडीज जैसी गाड़ियों से भी महंगे घोड़े आए हैं।
बटेश्वर मेले में इस साल आए तीन-तीन करोड़ रुपये कीमत के बादल और चेतक खास आकर्षण बने हुए हैं। हालांकि, मालिकों की ओर से बताई जा रही इस कीमत पर कोई खरीदार कितनी बोली लगाता है, यह देखना दिलचस्प होगा।
अलीगढ़ के भारद्वाज स्टड फार्म के संचालक एवं वर्तमान में एत्मादपुर आगरा निवासी कमल कांत त्यागी अपने दो खास घोड़ों को लेकर मेले में पहुंचे हैं। उनके मुताबिक सफेद रंग का 36 महीने का बादल गुलजार लाइन नस्ल का है। इसकी ऊंचाई 67 इंच बताई गई है। वहीं काले रंग का 30 माह का चेतक मारवाड़ी नस्ल का घोड़ा है। दोनों की कीमत उन्होंने तीन-तीन करोड़ रुपये बताई है।
उनका दावा है कि मेले में इनसे बेहतर घोड़ा दिखाने वाले को उचित इनाम दिया जाएगा। बादल और चेतक को देखने के लिए पशु प्रेमियों और घोड़ा व्यापारियों की भीड़ जुट रही है। हालांकि, तीन करोड़ रुपये की बताई जा रही कीमत पर कोई खरीदार सामने आता है या नहीं और इनकी बोली कहां तक पहुंचती है, इस पर सभी की निगाहें टिकी हैं।
कीमत का दावा फिलहाल मालिक का है, बाजार में इसकी वास्तविक परख खरीदार की बोली से ही होगी। उधर, राजस्थान समेत विभिन्न क्षेत्रों से ऊंट व्यापारी भी अपने पशुओं के साथ पहुंच रहे हैं। पशु व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस मेला क्षेत्र में भ्रमण कर रही है। व्यापारियों को अनजान लोगों से सतर्क रहने और खानपान व लेनदेन में सावधानी बरतने की हिदायत दी जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।