बटेश्वर पशु मेला: दस दिन पहले ही गुलजार हुआ घोड़ा बाजार, बढ़ने लगी रौनक
उत्तर भारत के सुप्रसिद्ध बटेश्वर पशु मेले की शुरुआत में दस दिन शेष हैं, लेकिन घोड़ा बाजार अभी से गुलजार हो गया है।

बाह बटेश्वर पशु मेला में पहुंचे घोड़े जागरण
HighLights
बटेश्वर पशु मेले में दस दिन पहले ही घोड़ा बाजार गुलजार।
विभिन्न जिलों से व्यापारी पशुओं के साथ पहुंच रहे, रौनक बढ़ी।
मेले की तैयारियां जारी, पुलिस सुरक्षा में जुटी।
जागरण संवाददाता, आगरा। उत्तर भारत के सुप्रसिद्ध बटेश्वर पशु मेले की शुरुआत में अब महज दस दिन शेष हैं। इससे पहले ही घोड़ा बाजार आबाद होने लगा है। विभिन्न जिलों से घोड़ा और ऊंट व्यापारी अपने पशुओं के साथ पहुंचने लगे हैं। व्यापारियों ने मेला क्षेत्र में अपने तंबू लगाने शुरू कर दिए हैं। पशुओं की आमद से मेले की रौनक बढ़ने लगी है।
मथुरा से 20 घोड़े लेकर पहुंचे व्यापारी चंदन सिंह ने बताया कि वह पिछले तीस वर्षों से मेले में घोड़ों की खरीद-फरोख्त करने आ रहे हैं। इस बार जिला पंचायत की ओर से दीपावली के बाद 11 नवंबर से मेला शुरू कराने की जानकारी दी गई है, जबकि व्यापारी परंपरागत रूप से दीपावली से पहले ही यहां पहुंच जाते हैं।
उन्होंने बताया कि अभी तक पशुओं के लिए पानी, चारे और बिजली की व्यवस्था नहीं हुई है। जालौन, इटावा, फिरोजाबाद और भरतपुर से भी व्यापारी पहुंच रहे हैं।
उधर, भरतपुर से 15 ऊंट लेकर पहुंचे व्यापारी सुरेश अपने ऊंटों के नृत्य से लोगों और पशु व्यापारियों का मनोरंजन कर रहे हैं। ऊंटों को नचाते देख बाजार में पहुंच रहे लोग भी आकर्षित हो रहे हैं।
इधर, जिला पंचायत की ओर से मेले की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। घाटों पर बारिश के दौरान जमा हुई मिट्टी और सिल्ट हटाने के साथ साफ-सफाई कराई जा रही है। मैदान में गड्ढे भरने और मिट्टी डालने का काम भी शुरू कराया गया है।
मेले में गश्त कर रही पुलिस
जिला पंचायत की ओर से दीपावली से पहले व्यापारियों के लिए पानी और बिजली की व्यवस्था सुचारु करने की तैयारी है। मेला पुलिस अभी तक न आने की वजह से व्यापारियों की सुरक्षा के लिए बटेश्वर चौकी प्रभारी अनुज नागर और कलींजर चौकी प्रभारी आसवेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ लगे हुए हैं।
इंस्पेक्टर डीपी तिवारी भी रात के समय पुलिस बल के साथ गश्त कर रहे हैं। उन्होंने व्यापारियों से किसी का प्रसाद या अन्य खाने की वस्तु की मनाही कर सकते किया है। उन्होंने कहा कि अराजक तत्वों द्वारा व्यापारी बन किसी घटना को अंजाम दिया जा सकता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।