आगरा में आंगनबाड़ी भर्ती घोटाला: डीएम के आदेश के बाद अब होगी जांच, जाएगी 'फर्जी' वालों की नौकरी
दीपावली के बाद आगरा में आंगनबाड़ी केंद्रों में बीपीएल प्रमाण पत्र के आधार पर हुई भर्ती की सघन जांच होगी। ...और पढ़ें

फाइल फोटो।
HighLights
दीपावली बाद आंगनबाड़ी केंद्रों में बीपीएल भर्ती की जांच।
फर्जी प्रमाण पत्र पर नौकरी जाएगी, लेखपालों पर भी कार्रवाई।
एसडीएम/तहसीलदार करेंगे जांच, मौके पर सत्यापन होगा।
जागरण संवाददाता, आगरा। दीपावली के बाद अब जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में बीपीएल श्रेणी का प्रमाण पत्र लगाकर भर्ती पाने वाली कार्यकर्ता और सहायिकाओं की जांच होगी। यह जांच एसडीएम या फिर तहसीलदार द्वारा की जाएगी। जांच में यदि बीपीएल श्रेणी फर्जी मिलती है अथवा आय प्रमाण पत्र गलत तरीके से बना मिली तो नौकरी जाएगी। बिना ठीक तरीके से सत्यापन किए आय प्रमाण पत्र जारी करने वाले लेखपालों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
चार माह पूर्व 708 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं की हुई भर्ती
चार माह पूर्व जिले में 708 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं की भर्ती हुई है। नौकरी पाने के लिए बड़ी संख्या में महिलाओं ने बीपीएल श्रेणी का राशन कार्ड बनवा लिया और इसीसे आय प्रमाण पत्र बन गया। इसके विपरीत महिलाओं के परिवार में दो से तीन गाड़ी, शस्त्र लाइसेंस से लेकर दो से तीन बाइक हैं।
वार्षिक आय 46 हजार रुपये के बदले एक से चार लाख रुपये तक है। इसके बाद भी लेखपालों ने आंख मूंद कर कम आय प्रमाण पत्र जारी कर दिया। इसी प्रमाण पत्र के सहारे बड़ी संख्या में महिलाओं को नौकरी मिल गई। शिकायत के बाद एत्मादपुर तहसील की दो महिलाओं की भर्ती को रद कर दिया गया है।
मौके पर जाकर पूछताछ कर जानकारी जुटाई जाएगी
डीएम मनीष बंसल ने सभी एसडीएम को चार माह पूर्व बीपीएल प्रमाण पत्र का प्रयोग कर भर्ती होने वाली कार्यकर्ता व सहायिकाओं की की जांच करने के निर्देश दिए हैं। मौके पर जाकर सत्यापन और आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर पूरी जानकारी जुटाई जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।