विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

साउंड एंड लाइट शो में दिखेगा फतेहपुर सीकरी का प्राचीन इतिहास, 8.65 करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट

Published: Tue, 17 Nov 2026 03:13 PM (IST)

यह शो दीवान-ए-आम में आयोजित होगा और इसका उद्देश्य पर्यटन को बढ़ावा देना, विशेषकर रात्रि पर्यटन को आकर्षित करना है।

फतेहपुर सीकरी का फाइल फोटो।

फतेहपुर सीकरी का फाइल फोटो।

HighLights

  1. फतेहपुर सीकरी में 8.65 करोड़ का साउंड एंड लाइट शो

  2. प्राचीन इतिहास से वर्तमान तक की गाथा होगी प्रदर्शित

  3. विश्व धरोहर सप्ताह में उद्घाटन की तैयारी, पर्यटन को बढ़ावा

जागरण संवाददाता, आगरा। फतेहपुर सीकरी को सुव्यवस्थित शहर के रूप में अकबर ने जरूर बसाया था, लेकिन इसका इतिहास उससे भी प्राचीन है। बीर छबीली टीला के उत्खनन में छठी शताब्दी की जैन यक्षिणी अंबिका, जैन तीर्थंकर आदिनाथ, संभवनाथ व पार्श्वनाथ की प्रतिमाएं मिली हैं।

11वीं शताब्दी की जैन सरस्वती (श्रुति देवी) की प्रतिमा भी प्राप्त हुई है। यहां शुरू होने वाले साउंड एंड लाइट शो में सीकरी के प्राचीन गौरव से लेकर वर्तमान तक की स्थिति को दिखाया जाएगा।

8.65 करोड़ रुपये खर्च होंगे

मुख्यमंत्री पर्यटन सहभागिता योजना में एडीए और पर्यटन विभाग की फतेहपुर सीकरी स्थित दीवान-ए-आम में साउंड एंड लाइट शो शुरू करने की योजना है। इस पर 8.65 करोड़ रुपये खर्च होंगे। प्रोजेक्शन मैपिंग, होलोग्राम और लेजर लाइट पर आधारित 20 से 22 मिनट के शो में फतेहपुर सीकरी का प्राचीन इतिहास और वर्तमान दिखाया जाएगा।

विश्व धरोहर सप्ताह में उद्घाटन के लिए पर्यटन मंत्री से मांगा समय

अकबर के राजधानी बनाने से पहले के दौर की जानकारी उत्खनन में मिले पुरावशेषों के आधार पर दी जाएगी। शो में बाबर के यहां पड़ाव डालने, अकबर द्वारा राजधानी बनाने और पानी की कमी के कारण शहर छोड़ने की कहानी भी बताई जाएगी। हिरन मीनार, पंचमहल और बुलंद दरवाजा समेत यहां के भवनों की स्थापत्य कला भी दिखाई जाएगी। बीर छबीली टीला के उत्खनन में मिले पुरावशेषों को भी शो का हिस्सा बनाया गया है।

ये पुरावशेष फिलहाल भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के फतेहपुर सीकरी संग्रहालय में प्रदर्शित हैं। 19 से 25 नवंबर तक मनाए जाने वाले विश्व धरोहर सप्ताह में शो का उद्घाटन कराने की तैयारी है। एडीए उपाध्यक्ष विजय कुमार ने बताया कि उद्घाटन के लिए पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह से समय मांगा गया है।

रात्रि पर्यटन का आकर्षण बढ़ेगा

आगरा और जयपुर हाईवे पर स्थित होने के बावजूद फतेहपुर सीकरी पर्यटन मानचित्र पर पिछड़ रही है। ताजमहल देखने आने वाले पर्यटकों में से 10 प्रतिशत भी यहां नहीं पहुंचते। साउंड एंड लाइट शो शुरू होने से यहां रात्रि पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें- चार साल के मासूम ने खेल-खेल में निगला लॉकेट, पांच दिन गले में अटका रहा; आगरा में डॉक्टरों ने बचाई जान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।