त्योहार से पहले अमूल मक्खन की भारी किल्लत, आगरा के बाजार में बढ़े बटर के दाम
त्योहारों से पहले आगरा में अमूल मक्खन की भारी किल्लत हो गई है, जिससे ग्राहक खाली हाथ लौट रहे हैं। ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
आगरा में त्योहारों से पहले अमूल मक्खन की किल्लत।
अमूल मक्खन के सभी पैक के दाम में बढ़ोतरी हुई।
उत्पादन में कमी और त्योहारों पर मांग बढ़ने से समस्या।
जागरण संवाददाता, आगरा। त्योहारों से पहले अमूल का मक्खन बाजार से गायब हो गया है। वहीं अब नए स्टाक में इसके दाम में भी बढ़ोतरी हो गई है। ग्राहक दुकानों के चक्कर लगा रहे हैं पर खाली हाथ लौट रहे हैं। पिछले दो-तीन दिन से शहर में इसकी किल्लत बनी हुई है। कई दुकानों पर स्टाक खत्म है और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म ब्लिंकिट पर भी अमूल का मक्खन नहीं मिल रहा।
वहीं, अब आधा किलो का पैकेट जो पहले 310 रुपये का था, अब 325 रुपये का हो गया है। 10, 20, 100, 200 ग्राम के मक्खन के दामों में भी बढ़ोतरी हुई है। अमूल का मक्खन नहीं मिलने पर ग्राहक अन्य कंपनी के मक्खन खरीदने पर मजबूर हैं।
आधा किलो के पैक पर 15 रुपये बढ़े
व्यापारियों का कहना है कि अमूल मक्खन की सप्लाई मुख्य रूप से गुजरात से होती है। वहां प्लांट में मशीनों की सफाई और रखरखाव के चलते उत्पादन प्रभावित हो रहा है। त्योहार से पहले ऐसा होने पर थोड़ी परेशानी तो होगी। जिन पर स्टाक बचा हुआ है वो लोग दाम बढ़ाकर भी दे रहे हैं।
दीपावली से पहले बाजार में हुई काफी किल्लत
कुछ कारोबारियों का कहना है कि दीपावली पर मिठाइयों की मांग बढ़ने से दूध की खपत भी बढ़ जाती है। इस कारण भी मक्खन के उत्पादन पर असर पड़ता है। कोई कह रहा है गायों में लंपी (त्वचा) बीमारी होने के कारण दूध का उत्पादन प्रभावित हो रहा है। इसलिए मक्खन बनाने में समस्या आ रही है। करीब 20 दिन पहले भी ऐसी किल्लत आई थी फिर स्टाक आया और अब फिर से ये समस्या हो गई है।
यह भी पढ़ें- शिक्षक एमएलसी चुनाव: आगरा के 3 केंद्रों पर होगा पुनर्मतदान, सपा प्रत्याशी ने लगाए थे गंभीर आरोप
पुराने और नए रेट (लगभग)
- 10 ग्राम - 7 रुपये, 10 रुपये
- 20 ग्राम- 12 रुपये, 15 रुपये
- 100 ग्राम- 63 रुपये, 66 रुपये
- 200 ग्राम- 125 रुपये, 130 रुपये
- 500 ग्राम- 310 रुपये, 325 रुपये
दो-तीन दिन से अमूल मक्खन की कमी है। ग्राहक आकर वापस लौट रहे हैं। जिन पर स्टाक है वो महंगे दाम पर बेच रहे हैं या फिर अन्य कंपनी के खरीद रहे हैं।
प्रिंस, विक्रेता
नए स्टाक में आधा किलो पैक 310 की जगह 325 रुपये का हो गया है। इसकी सबसे अधिक मांग रहती है। दो तीन दिन में सप्लाई पूरी तरह से ठीक हो पाएगी।
मोहन, विक्रेता
दीपावली पर घर के लिए सामान खरीद रहे हैं। कई चीजों के दाम पहले से ज्यादा हैं, अब मक्खन भी महंगा हो गया और दुकानों पर मिल भी नहीं रहा।
दिव्या, गृहिणी
