विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आगरा में 100 साल पुराने श्रीकृष्ण लीला महोत्सव में नंदोत्सव की धूम, बैंड-बाजों के साथ निकली नंदसखा की सवारी

Published: Mon, 16 Nov 2026 11:22 PM (IST)

आगरा के बल्केश्वर में 100 साल से अधिक पुराने श्रीकृष्ण लीला महोत्सव में नंदोत्सव धूमधाम से मनाया गया।

बल्केश्वर चौराहे से सोमवार को श्री कृष्ण लीला समिति द्वारा निकाली गई नंदसखा की सवारी में शामिल अध्यक्ष मनीष अग्रवाल, गिर्राज बंसल, महंत अनंत उपाध्याय, विनीत सिंघल, रविंद्र अग्रवाल व अन्य

बल्केश्वर चौराहे से सोमवार को श्री कृष्ण लीला समिति द्वारा निकाली गई नंदसखा की सवारी में शामिल अध्यक्ष मनीष अग्रवाल, गिर्राज बंसल, महंत अनंत उपाध्याय, विनीत सिंघल, रविंद्र अग्रवाल व अन्य

HighLights

  1. बल्केश्वर में 100 साल से अधिक पुराना श्रीकृष्ण लीला महोत्सव।

  2. नंदोत्सव, मयूर नृत्य, पूतना उद्धार लीलाओं ने मन मोहा।

  3. साधु वेश में भोलेनाथ ने किए बाल कृष्ण के दर्शन।

जागरण संवाददाता, आगरा। बधाई गीतों, ढोल-नगाड़ों और नाचते-गाते गोप-गोपियों के बीच सोमवार को बल्केश्वर स्थित गोशाला प्रांगण में श्रीकृष्ण जन्म का उत्सव मनाया गया। 100 वर्ष से अधिक पुराने श्रीकृष्ण लीला महोत्सव में नंदोत्सव, मयूर नृत्य और पूतना उद्धार की लीला ने श्रद्धालुओं को भक्ति और आनंद से सराबोर किया। कलाकारों ने गोकुल में कृष्ण जन्म के बाद मनाए गए आनंदोत्सव को मंच पर जीवंत किया।

82232692

लीला से पहले नंदसखा की सवारी गोप-गोपियों केसाथ बैंड-बाजों की धुन पर बल्केश्वर स्थित बसंत मार्केट से निकली। यह बल्केश्वर चौराहा होते हुए गोशाला स्थित लीला स्थल पहुंची। पारंपरिक वेशभूषा में सजे कलाकारों ने नृत्य किया और बधाई गीत गाए। नंदसखा डा. वेद स्वरूप शास्त्री बधाई लेकर पहुंचे। श्रीपृथ्वीनाथ महादेव मंदिर के महंत राजेश राजौरिया, सौरभ शर्मा, भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता और समिति अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने बाल स्वरूप श्रीकृष्ण की आरती उतारी।

कंस की आज्ञा, पूतना का उद्धार

मंचन में दिखाया गया कि कृष्ण जन्म का समाचार सुनकर कंस भय और क्रोध से व्याकुल हो गया। उसने एक माह तक के सभी बच्चों का वध करने का आदेश दिया और सैनिकों को अलग-अलग दिशाओं में तैनात किया। इसके बाद पूतना को ब्रज भेजा गया, लेकिन श्रीकृष्ण ने अपनी लीला से उसका उद्धार कर दिया।

82232689

गोकुल में नंद बाबा के घर नंदोत्सव मनाया गया। गोप-गोपियां उपहार लेकर पहुंचे और बधाई गीत गाए। गर्गाचार्य द्वारा बालक का नाम श्रीकृष्ण रखने का प्रसंग भी प्रस्तुत किया गया। मयूर नृत्य और श्रद्धालुओं के बीच बधाइयों के वितरण ने उत्सव को खास बनाया।

साधु वेश में बाल कृष्ण के दर्शन को पहुंचे भोलेनाथ

लीला का सबसे भावपूर्ण प्रसंग भगवान शंकर के साधु वेश में बाल कृष्ण के दर्शन करने ब्रज पहुंचने का रहा। उन्होंने माता यशोदा से बालक के दर्शन कराने का अनुरोध किया, लेकिन शुरुआत में उन्हें अनुमति नहीं मिली। बालक श्रीकृष्ण के रोने पर भगवान को बुलाकर दर्शन कराए गए।

लीलाओं का निर्देशन वृंदावन के श्री रस बिहारी कृपा सेवक ट्रस्ट के स्वामी प्रदीप कृष्ण ठाकुर महाराज कर रहे हैं। समिति अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने बताया कि मुख्य संरक्षक डॉ. विजय किशोर बंसल के मार्गदर्शन में आयोजन हो रहा है।

आज निकलेगी श्रीकृष्ण-बलदाऊ की गोचारण यात्रा

मंगलवार को गोपाष्टमी पर सुबह नौ बजे गोशाला परिसर से श्रीकृष्ण और बलदाऊ की गोचारण यात्रा निकलेगी। यह बल्केश्वर चौराहा, कमला नगर, सिटी माल, पानी की टंकी और मैन मार्केट चौराहा होते हुए बृज रसायन, कमला नगर पहुंचेगी। शाम साढ़े छह बजे लीला स्थल पर कालीदह मर्दन और माखन चोरी लीला का मंचन होगा।

यह भी पढ़ें- मतदाता सूची में आपका नाम है या नहीं, आगरा में वोटर्स देख पाएंगे मैनुअली या ऑनलाइन

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।