विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वंदे भारत ट्रेनों के लिए टेस्टिंग लैब बनेगा आगरा-नई दिल्ली रेल रूट, 200 KM/H की रफ्तार से दौड़ सकेंगी ट्रेनें

Published: Thu, 26 Nov 2026 05:30 AM (IST)

आगरा-नई दिल्ली रेल खंड वंदे भारत ट्रेनों के लिए परीक्षण प्रयोगशाला बनेगा, जहां कवच प्रणाली से सुरक्षा बढ़ी है।

वंदे भारत (फाइल फोटो)

वंदे भारत (फाइल फोटो)

HighLights

  1. आगरा-नई दिल्ली खंड वंदे भारत ट्रेनों का परीक्षण केंद्र बनेगा।

  2. कवच प्रणाली से ट्रेनों का संचालन अब और अधिक सुरक्षित होगा।

  3. यह रेल खंड 200 किमी प्रति घंटा गति के लिए तैयार।

जागरण संवाददाता, आगरा। नई स्लीपर वंदे भारत हो या फिर सामान्य वंदे भारत। इन ट्रेनों के परीक्षण की प्रयोगशाला आगरा-नई दिल्ली रेल खंड बनने जा रहा है। इस खंड में कवच प्रणाली लग चुकी है। इससे ट्रेनों का संचालन और भी सुरक्षित हो गया है। इससे ट्रेनें आमने-सामने या फिर पीछे से नहीं भिड़ेंगी। वर्तमान में ट्रेनों की गति 160 किमी प्रति घंटा है लेकिन अगर आगे ट्रेनों की गति 200 किमी प्रति घंटा होती है तब भी ट्रेनों के संचालन पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

आगरा-नई दिल्ली रेल खंड में हर दिन 300 से अधिक ट्रेनों का संचालन होता है। यह देश का पहला सेमी हाईस्पीड ट्रैक है जिसमें वर्ष 2015 में गतिमान एक्सप्रेस का संचालन हुआ था। इसके बाद दूसरी उपलब्धि कवच प्रणाली की है। इस ट्रैक के अधिकांश हिस्से में यह प्रणाली लग चुकी है। इसका सफल परीक्षण भी हो चुका है।

गतिमान एक्सप्रेस के शताब्दी, राजधानी और दो वंदे भारत एक्सप्रेस का भी इसी ट्रैक पर परीक्षण हुआ है। अब कवच प्रणाली लगने के बाद इसकी अहमियत और भी बढ़ गई है। इसकी वजह नई वंदे भारत एक्सप्रेस में कवच प्रणाली लगकर आना शामिल है।

उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज जोन के एक अधिकारी ने बताया कि स्लीपर और सामान्य वंदे भारत एक्सप्रेस की संख्या लगातार बढ़ रही है। यह ट्रेनें 160 किमी प्रति घंटा से चलती हैं। इस खंड में ट्रेनों का संचालन 200 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हो सकता है।

मजबूत है ट्रैक, लगातार होती रहती है मरम्मत

डीआरएम गगन गोयल ने बताया कि मंडल में ट्रेनों की समयबद्धता 91 प्रतिशत से अधिक पहुंच चुकी है। इसकी वजह मजबूत ट्रैक और लगातार मरम्मत होना है। इसी के चलते ट्रेनों का संचालन आसानी से होता रहता है। रेल खंड की लगातार बेहतर तरीके से निगरानी की जा रही है। नई ट्रेनों का नियमित अंतराल में परीक्षण होता रहता है।

यह भी पढ़ें- आगरा में 500 से ज्यादा BLO ने दिखाई सुस्ती, 10 वोटर भी नहीं जोड़ पाए; रुकेगी सैलरी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।