विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आगरा पुलिस ने किया 48 KG चांदी चोरी का खुलासा: चलती बस में प्लाई काटकर की चोरी, पूर्व ड्राइवर ही निकला मास्टरमाइंड

Published: Sat, 10 Oct 2026 07:46 AM (GMT+05:30)

आगरा पुलिस ने चलती बस से 48 किलोग्राम चांदी चोरी के मामले का खुलासा किया है। इस वारदात का मास्टरमाइंड ...और पढ़ें

चलती बस से 48 किलो चांदी चोरी का रकाबगंज पुलिस ने किया खुलासा, पांच आरोपित किए गिरफ्तार।

चलती बस से 48 किलो चांदी चोरी का रकाबगंज पुलिस ने किया खुलासा, पांच आरोपित किए गिरफ्तार।

HighLights

  1. पुलिस ने बस से 48 किलो चांदी चोरी का खुलासा किया।

  2. बस का पूर्व चालक ही निकला वारदात का मास्टरमाइंड।

  3. चलती बस में प्लाई काटकर चांदी की चोरी की गई।

जागरण संवाददाता, आगरा। आगरा से वाराणसी जा रही संजय ट्रैवल्स की स्लीपर कोच बस से 75 लाख रुपये 48 किलोग्राम चांदी चोरी की घटना का पुलिस ने शुक्रवार को पर्दाफाश कर दिया। वारदात की पूरी पटकथा बस के ही पूर्व चालक ने लिखी थी। उसकी सटीक मुखबिरी पर बदमाशों ने चलती बस की प्लाई काटकर डिग्गी से दो कट्टे चांदी के पार कर दिए थे। पुलिस ने सरगना समेत पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि 40 प्रतिशत शुद्धता वाली चोरी गई 48 में 16 किलोग्राम चांदी ही बरामद हो सकी है।
आजमगढ़ के जहानागंज निवासी चंदन सिंह ने 11 सितंबर को रकाबगंज थाने में स्लीपर कोच बस से दो कट्टे चांदी चोरी होने का मुकदमा दर्ज कराया था। चंदन सिंह का वाराणसी में चांदी का कारोबार है।

आगरा से चांदी की पाजेब जाती हैं। उनके कर्मचारी रेहान ने 25 अगस्त को छह कट्टे चांदी के आभूषण संजय ट्रैवल्स से बुक किए थे। उन्हें 26 अगस्त को वाराणसी में चार कट्टे आभूषण मिले, दो कट्टे गायब थे।

ट्रैवल एजेंसी का पूर्व चालक निकला मुखबिर

अपर पुलिस उपायुक्त सिटी मनोज कुमार ने बताया कि मामले में पांच आरोपितों मुरैना निवासी महेंद्र सिंह, राहुल उर्फ नवल सिंह, ग्वालियर निवासी नीरज एवं गगन रावत और धौलपुर निवासी छोटू को गिरफ्तार किया है। छोटू पूर्व में ट्रैवल एजेंसी चालक रह चुका है। उसे पता था कि बस में चांदी के पार्सल जाते हैं। जिसकी जानकारी उसने अपने साथी राहुल को दी थी। राहुल पूर्व में भी जेल जा चुका है। एक आरोपित ने पांच किग्रा चांदी की पाजेब पिघलाकर 1.60 किग्रा चांदी की ईंट बनाई थी।

बस में आगरा से वाराणसी जा रही चांदी रास्ते में हो गई थी गायब

आरोपितों से 16 किग्रा चांदी, टाटा सफारी और महेंद्रा एक्सयूवी गाड़ी बरामद की हैं। आरोपितों ने पूछताछ में बताया कि छोटू की मुखबिरी के बाद महेंद्र, नीरज और गगन रावत यात्री बनकर डिग्गी के ठीक ऊपर वाली सीट पर बैठे थे। अपने साथ आरी एवं कटर लेकर गए थे। उन्हें पता था कि डिग्गी और सीट के बीच में मोटी प्लाई लगी होती है। तीनों ने मिलकर चलती बस में प्लाई को काट दिया। जिससे कि डिग्गी में जाने का रास्ता मिल सके।

यह भी पढ़ें- मतदाता मतदाता कार्ड का इंतजार खत्म: नए कार्ड में QR कोड,माइक्रो टेक्स्ट; आगरा में 2.90 लाख पहुंचेंगे घर

सीट के नीचे फर्श काटकर

इटावा में एक ढाबे पर बस के रुकने पर चालक-परिचालक खाना खाने चले गए। मौका मिलते ही उन्होंने डिग्गी से चांदी के आभूषणों के दो कट्टे निकाल लिए। राहुल कार से बस के पीछे चल रहा था। दो कट्टे बस से निकाल उसकी कार में रखकर चले गए। पुलिस ने ढाबे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग चेक की, इसके बाद टिकट बुक कराने वालों और सवारियां कहां-कहां पर उतरीं, छानबीन की तो पूरा मामला खुल गया।

यह भी पढ़ें- बीएसएनएल के नए रिचार्ज प्लान: अब सस्ती कॉल के साथ सुरक्षा भी, मैनपुरी में 1.25 लाख यूजर्स