नाबालिग से रेकी फिर मिनटों में गाड़ियां पार... आगरा पुलिस ने पकड़ा वाहन चोर गैंग, मास्टर चाबियां सहित 60 KG पार्ट्स मिले
ताजगंज पुलिस ने एक वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो वारदात के लिए नाबालिगों का इस्तेमाल करता था। पुलिस ने छह सदस्यों को गिरफ्तार कर नौ वाहन, 60 किलो पार्ट्स और मास्टर चाबियां बरामद की हैं।
HighLights
ताजगंज पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया
गिरोह वारदात के लिए नाबालिग बच्चों का सहारा लेता था
नौ वाहन, 60 किलो पार्ट्स, पांच मास्टर चाबियां बरामद
जागरण संवाददाता, आगरा। ताजगंज पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। गिराेह वारदात के लिए नाबालिग बच्चों का सहारा लेता था। पुलिस ने गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है। जबकि तीन बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपितों के कब्जे से चोरी की आठ बाइक और एक स्कूटी समेत कुल नौ दोपहिया वाहन बरामद हुए हैं। इसके अलावा चोरी की बाइकों के करीब 60 किलोग्राम पार्ट्स, पांच मास्टर चाबियां बरामद की हैं।
पुलिस पूछताछ में गिरोह की कार्यप्रणाली को लेकर अहम जानकारियां सामने आई हैं। गिरोह के सदस्य पहले मॉल, मेट्रो स्टेशन और व्यस्त बाजारों में बच्चों को भेजकर दोपहिया वाहनों की रेकी कराते थे।
आसान लक्ष्य और सुरक्षित मौका मिलते ही बच्चे इसकी सूचना गिरोह के बड़े सदस्यों को देते थे। इसके बाद आरोपित मौके पर पहुंचते और मास्टर चाबी की मदद से लॉक खोलकर पलक झपकते वाहन ले भागते थे।
चोरी की 8 बाइक, एक स्कूटी समेत कुल 9 वाहन और 60 किलो पार्ट्स बरामद
चोरी किए गए वाहनों को आरोपी सुनसान या सुरक्षित जगहों पर छिपा देते थे। इसके बाद इन्हें ग्राहकों को बेच दिया जाता था या फिर काटकर उनके कलपुर्जे अलग कर दिए जाते थे। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपितों के विरुद्ध ताजगंज, ट्रांस यमुना और जीआरपी थानों में पहले से ही मुकदमे दर्ज हैं।
चोरी के वाहन और पार्टस ठिकाने लगाने में किन मैकेनिकों और वाहन कारोबारियों की भूमिका है, इसकी जांच कर रही है।साथ ही गिरोह के अंतरराज्यीय नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है।
यह भी पढ़ें- मेरी नहीं हुई तो किसी की नहीं... मेरठ के ओयो होटल में बंधक लड़की से दरिंदगी, बाल पकड़कर घसीटा; सड़क पर गिराकर पीटा
यह भी पढ़ें- 'क्या हम भिखारी हैं...', यूपी चुनाव में अखिलेश यादव के 26 सीटों के ऑफर पर भड़की कांग्रेस