विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Agra Metro की लापरवाही: 8 महीने से काम बंद फिर भी एमजी रोड पर बैरिकेडिंग, जाम से जूझ रही जनता

Published: Sat, 31 Oct 2026 08:30 AM (IST)

Agra News: आगरा में मेट्रो कार्य के लिए आठ महीने पहले एमजी रोड पर लगाई गई बैरिकेडिंग से यातायात बाधित हो रहा है, जबकि काम शुरू नहीं हुआ है।

Agra News: एमजी रोड पर लगी बैरिकेडिंग।

Agra News: एमजी रोड पर लगी बैरिकेडिंग।

HighLights

  1. आठ माह से एमजी रोड पर मेट्रो बैरिकेडिंग, काम नहीं।

  2. पेड़ काटने की सुप्रीम कोर्ट से अनुमति न मिलने से कार्य रुका।

  3. त्योहारों पर जाम की समस्या, पुलिस आयुक्त ने हटाने को कहा।

जागरण संवाददाता, आगरा। Agra News: उप्र मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (यूपीएमआरसी) के अधिकारी मेट्रो कार्य में खुलकर मनमानी कर रहे हैं। आठ माह पूर्व स्पीड कलर लैब से सूरसदन तिराहा और दीवानी चौराहा के आसपास बैरिकेडिंग की गई थी। मगर, अभी तक कार्य शुरू नहीं हुआ है। बैरिकेडिंग रास्ता रोक रही है। हर दिन जाम लगता है और लोग परेशान होते हैं। शिकायतें भी करते हैं लेकिन इसकी सुनवाई नहीं की जाती है।

स्पीड कलर लैब से सूरसदन तिराहा और दीवानी चौराहा के आसपास का है हिस्सा

आगरा कैंट रेलवे स्टेशन से कालिंदी विहार तक 16 किमी लंबा मेट्रो का दूसरा कारिडोर बन रहा है। 2200 करोड़ रुपये से बन रहा ट्रैक मार्च 2027 तक पूरा होगा। एमजी रोड पर सात स्टेशन बनाए जा रहे हैं। एक साल पूर्व सुल्तानपुरा रोड से कार्य शुरू हुआ था। एमजी रोड पर यातायात की समस्या को देखते हुए टुकड़ों में कार्य होना था। कार्य शुरू होने पर ही बैरिकेडिंग करनी थी लेकिन नियमों को दरकिनार करते हुए यूपीएमआरसी की टीम ने आठ माह पूर्व स्पीड कलर लैब से सूरसदन तिराहा और दीवानी चौराहा के आसपास बैरिकेडिंग कर दी।

सुप्रीम कोर्ट से 72 पेड़ों को काटने की नहीं मिली है अनुमति

इस हिस्से को अभी तक सुप्रीम कोर्ट से 72 पेड़ों को काटने की अनुमति नहीं मिली है। यह अनुमति कब मिलेगी, यह भी अभी स्पष्ट नहीं है। सेवानिवृत्त इंजीनियर एसपी सिंह ने बताया कि एमजी रोड की अधिकतम चौड़ाई 12 से 13 मीटर तक है। स्पीड कलर लैब से सूरसदन तिराहा तक चौड़ाई 11 मीटर है। इसमें पांच से छह मीटर हिस्से में बैरिकेडिंग कर रास्ता रोक दिया गया है। दोनों तरफ ढाई-ढाई मीटर की रोड बची है। त्योहार में वाहनों का दबाव बढ़ रहा है। ऐसे में हर पल जाम की स्थिति रहती है।

सेवानिवृत्त इंजीनियर बीके चौहान ने बताया कि अगर कार्य नहीं हो रहा है तो ऐसे में यूपीएमआरसी को तीन से चार मीटर तक बैरिकेडिंग पीछे कर लेनी चाहिए। इससे वाहन आसानी से गुजर सकेंगे।

यह हैं जिम्मेदार

आगरा मेट्रो प्रोजेक्ट के परियोजना निदेशक अरविंद कुमार, लार्सन एंड टुब्रो कंपनी, लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता एनके यादव, अधिशासी अभियंता आर कुमार।

संजय प्लेस पहुंचते हैं हजारों लोग

संजय प्लेस में 3300 दुकानें हैं। हर दिन 25 हजार से अधिक लोग पहुंचते हैं। यह लोग सूरसदन तिराहा, स्पीड कलर लैब, हरीपर्वत चौराहा से होकर पहुंचते हैं। ऐसे में जाम लगने से लोगों को परेशान होना पड़ता है।

एमजी रोड के प्रमुख चौराहों पर व्यस्त समय में प्रति घंटे गुजरने वाले वाहनों की संख्या

चौराहे कुल वाहन सुबह वाहनों की संख्या शाम वाहनों की संख्या

  • भगवान टाकीज 1,34,356 16,522 18,195

  • हरीपर्वत 1,11,491 7,570 17,406

  • सूरसदन तिराहा 1,17,140 15,763 8,388

  • छीपीटोला तिराहा 65,691 7,375 5,871

  • प्रतापपुरा चौराहा 65,493 9,143 5,475

हटवाई जाएगी मेट्रो की बेरीकेडिंग- पुलिस आयुक्त

पुलिस आयुक्त दीपक कुमार का कहना है कि एमजी रोड पर जहां मेट्रो का कार्य नहीं हो रहा है, वहां से बेरीकेडिंग हटवाने के लिए कई बार मेट्रो के अधिकारियों से कहा गया है। बैठक में निर्देश देने के साथ ही कई बार पत्राचार भी हुआ है। अब दीपावली के त्योहार पर बाजार में खरीदारी को लोग निकलते हैं। ऐसे में सुगम यातायात के लिए जल्द ही इसे हटवाया जाएगा।

यह भी पढ़ें- अब दो के बजाय पांच मिनट रुकेंगी ट्रेन, आगरा के ईदगाह स्टेशन पर 20 गाड़ियों के समय में बड़ा बदलाव

एमजी रोड स्थित स्पीड कलर लैब से सूरसदन तिराहा तक कार्य बंद होने के बाद बैरिकेडिंग क्यों है। इसकी रिपोर्ट यूपीएमआरसी अधिकारियों से मांगी जाएगी। बैरिकेडिंग को जल्द से जल्द पीछे कराया जाएगा।

-

मनीष बंसल, डीएम

सूरसदन तिराहा से पीएल पैलेस तक रास्ता ठीक नहीं है। वाहन हिचकोले लेकर चलते हैं। इस रोड की मरम्मत कराने के साथ ही बैरिकेडिंग भी हटनी चाहिए।

-

सद्दाम खान, शाहगंज

आठ माह से मेट्रो कार्य बंद है। इसके बाद भी यूपीएमआरसी कीटीम ने सूरसदन तिराहा से स्पीड कलर लैब के मध्य बैरिकेडिंग नहीं हटाई है।

-

विवेक तोमर, एमजी रोड

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।