विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आगरा मेट्रो की अनोखी तरकीब: न पुल टूटा, न खोला एक भी बोल्ट; फुट ओवर ब्रिज हटाए बिना रखा यू-गर्डर

Published: Thu, 15 Oct 2026 08:21 PM (IST)

आगरा मेट्रो ने आईएसबीटी से गुरु का ताल कॉरिडोर पर फुट ओवर ब्रिज हटाए बिना उसके ऊपर यू-गर्डर स्थापित कर ...और पढ़ें

आगरा मेट्रो ने गुरुद्वारा गुरु का ताल पर रखा यू-गर्डर।

आगरा मेट्रो ने गुरुद्वारा गुरु का ताल पर रखा यू-गर्डर।

HighLights

  1. फुट ओवर ब्रिज पर यू-गर्डर बिना हटाए स्थापित।

  2. आईएसबीटी-गुरु का ताल कॉरिडोर पर अनूठी निर्माण विधि।

  3. दिसंबर तक गुरु का ताल, सिकंदरा स्टेशन होंगे तैयार।

जागरण संवाददाता, आगरा। आगरा मेट्रो ने आईएसबीटी से गुरु का ताल के बीच निर्माणाधीन कॉरिडोर में एनएच-19 स्थित फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) के ऊपर यू-गर्डर रख दिया गया। खास बात यह है कि इस काम के लिए पहले से मौजूद फुट ओवर ब्रिज को हटाया नहीं गया। ब्रिज के ऊपर ही यू-गर्डर स्थापित किया गया, ताकि लोगों को सड़क पार करने में परेशानी न हो और यातायात भी कम प्रभावित हो।

आमतौर पर मेट्रो स्टेशन बनाने में शटरिंग और लेंटर की पारंपरिक प्रक्रिया अपनाई जाती है, लेकिन आगरा मेट्रो में स्टेशन के कानकोर्स निर्माण के लिए डबल टी गर्डर और पाई गर्डर का इस्तेमाल किया जा रहा है।

स्टेशनों के लिए कुल 24 क्रास आर्म का परिनिर्माण किया गया

आगरा मेट्रो के प्रथम कारिडोर के शेष एलिवेटेड खंड में आईएसबीटी, गुरु का ताल और सिकंदरा स्टेशन के लिए सभी क्रास आर्म स्थापित करने का काम पूरा हो गया है। इन स्टेशनों के लिए कुल 24 क्रास आर्म का परिनिर्माण किया गया है। आईएसबीटी से सिकंदरा के बीच बन रहे कॉरिडोर में करीब 272 यू-गर्डर लगाए जाने हैं। इनमें से अब तक 240 यू-गर्डर स्थापित कर दिए गए हैं। इसके अलावा कुल 52 आई-गर्डर में से 40 और 123 पियरकैप में से 117 स्थापित किए जा चुके हैं।

दिसंबर में बनकर तैयार हो जाएंगे ये स्टेशन

मेट्रो के पहले कॉरिडोर के गुरु का ताल और सिकंदरा तिराहा स्टेशन दिसंबर तक बनकर तैयार हो जाएंगे। इनके पूरा होने के साथ ही 14 किमी लंबा पहला कॉरिडोर पूरा हो जाएगा। इससे सिकंदरा तिराहा से ताज पूर्वी गेट स्टेशन, फतेहाबाद रोड तक पहुंचने में 28 मिनट लगेंगे। वहीं मेट्रो पुल के तीन पिलरों का निर्माण ढाई माह बाद फिर शुरू हो गया है। पुल का निर्माण मार्च 2027 तक पूरा होना है।

यह भी पढ़ें- सदर बाजार तक पहुंची ट्रेन, मॉल रोड पर पहली बार दौड़ी आगरा मेट्रो; 3 KM का सफल ट्रायल रन

सिकंदरा तिराहा स्टेशन को पूरा करने का लक्ष्य जनवरी 2027 

गुरु का ताल और सिकंदरा तिराहा स्टेशन को पूरा करने का लक्ष्य जनवरी 2027 रखा गया है, लेकिन उप्र मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (यूपीएमआरसी) की टीम इन्हें दिसंबर तक तैयार करने में जुटी है। दोनों स्टेशन 350 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे हैं। यूपीएमआरसी के संयुक्त महाप्रबंधक जनसंपर्क पंचानन मिश्र ने बताया कि दिसंबर में मेट्रो के दो स्टेशन शुरू होंगे। इससे पहले कॉरिडोर का काम पूरा हो जाएगा।